मोदी जी के लिए जैन समाज उनके परिवार जैसा है : भजन लाल शर्मा

For Modi ji, Jain community is like his family: Bhajan Lal Sharma

  • आचार्य महाप्रज्ञ के 15 वें महाप्रयाण दिवस पर आयोजित सामाजिक सम्मेलन में लिया भाग
  • दिल्ली की सातों सीटी पर भाजपा जीतेंगी – मुख्यमंत्री

गोपेंद्र नाथ भट्ट

लोकसभा चुनाव के मध्य राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा रविवार को दिल्ली पहुंचे, यहां उन्होंने पूर्वी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र के जलेबी चौक में सभा को संबोधित करते हुए भाजपा प्रत्याशी हर्ष मल्होत्रा के समर्थन में जलेबी चौक, ओखला में जनसभा को संबोधित किया और दिल्ली की जनता से भाजपा के पक्ष में मतदान कर भाजपा को विजयी बनाने की अपील की।

शर्मा ने कहा कि देश की जनता जनार्दन सशक्त, समृद्ध और विकसित भारत की संकल्पना की सिद्धि हेतु प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए पूर्ण रूप से तैयार है। उन्होंने कहा कि जनसभा में उमड़े विशाल जन सैलाब को देखकर यह स्पष्ट हो रहा है कि प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी की अगुवाई में भाजपा इस बार चार सौ पार होगी और दिल्ली की सातों सीटी पर भाजपा जीतेंगी।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने आप पार्टी पर निशाना साधा और कहा कि मुख्यमंत्री केजरीवाल जेल में है लेकिन कुर्सी का मोह नहीं छूट रहा। शर्मा ने केजरीवाल पर हमला बोलते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी के नेता केजरीवाल कांग्रेस के खिलाफ भ्रष्टाचार के बात करके सत्ता में आए थे, लेकिन अपने लिए करोड़ों रुपये का मकान बना लिया और बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2014 के बाद विकास की परिभाषा को बदलने का काम किया है। प्रधानमंत्री की गरीब कल्याण की योजनाएं है। माता-बहनों को लगने लगा की हमारी भी कोई सुन रहा है। 75 साल में माता बहनों की समस्याओं को सिर्फ़ मोदीजी समझ पाए है। देश में बड़ी संख्या में शौचालयों का निर्माण करवाया गया है। जल जीवन मिशन के तहत घर-घर तक नल से जल पहुंचाया जा रहा है। आज माताओं और बहनों को आत्मसम्मान के साथ सुरक्षा मिल रही है। आप पार्टी ने सिर्फ घोषणाएं ही की है,बाकी कुछ काम नहीं किया है जबकि बीजेपी घोषणा नहीं,काम करती है। आज घर घर में नल से जल पहुंचाया जा रहा है। गरीब और जरूरतमंदों को पक्के आवास दिए जा रहे हैं।अब 70 पार और बुजुर्गों को प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना का लाभ मिलेगा और वे योजना के तहत 5 लाख रुपए तक का उपचार करवा सकेंगे। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भारत दुनिया का सिरमौर होगा।हमें देश के सर्वांगीण विकास के लिए मोदी जी को तीसरी बार पीएम बनाना होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी पार्टी ने 2014 के संकल्प पत्र को 2019 तक और 2019 के संकल्प पत्र को 2024 तक पूरा किया है। जबकि कांग्रेस का पिछले 25 साल का घोषणा पत्र और आप पार्टी का घोषणा पत्र उठा कर देखिए आपको स्पष्ट अंतर दिखाई देगा।

शर्मा ने कहा भाजपा गरीब, मज़दूर और किसान की पार्टी है. सबको साथ लेकर चलने वाली पार्टी है।जिसके मकान नहीं है उसको मकान मिल रहा है। बिजली और पानी की व्यवस्था भी कर रहे है. चुनावी मौसम में सपने दिखाने वाले और झूठे वायदे करने वाले बड़े लोग आएंगे। इनकी लूट और झूठ की दुकान है। भारत को दुनिया में कोई विकसित कर सकता है तो वो विजन सिर्फ मोदी जी के पास है।

उन्होंने कहा भारतीय जनता पार्टी वह पार्टी है जो नीचे से ऊपर की तरफ चलती है। अपने प्रत्येक कार्यकर्ता का ध्यान रखती है, जो कार्यकर्ता सामने बैठता है वही आगे चलकर मंच पर बैठता है।

  • आचार्य महाप्रज्ञ के 15 वें महाप्रयाण दिवस पर सामाजिक सम्मेलन में भाग लिया

रविवार को पूर्वी दिल्ली के ओसवाल भवन में आचार्य महाप्रज्ञ के 15 वें महाप्रयाण दिवस पर आयोजित सामाजिक सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए राजस्थान के मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि जैन समाज ने देश को दिशा दिखाने और समाज सेवा का सराहनीय कार्य किया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जैन समाज व साधु-संतों के साथ गहरा रिश्ता रहा है। मोदी जी के लिए जैन समाज उनके परिवार जैसा है। उन्होंने कहा कि राजस्थान में आने वाले जैन समाज के संत प्रदेश के लिए स्टेट गेस्ट होंगे। उनकी सेवा के लिए हम सदैव तत्पर हैं।

मुख्यमंत्री शर्मा कहा कि प्रधानमंत्री मोदी साधु-संतों के आशीर्वाद से देश सेवा का कार्य कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में भारत को दुनिया का सिरमौर बनाना है। इसके लिए समाज को एकजुट होकर कार्य करना होगा। साधु-संतों की वाणी एवं आशीर्वाद से देश निरंतर मजबूत बन रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से पहले देश की स्थिति कैसी थी, इससे आप सभी अवगत हैं। प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में 10 वर्षों में देश में अभूतपूर्व विकास हुआ है।

मुख्यमंत्री शर्मा ने पूर्वी दिल्ली से भाजपा प्रत्याशी हर्ष मल्होत्रा की जीत के लिए प्रवासी राजस्थानियों से अधिक से अधिक संख्या में वोट करने एवं समर्थन देने की अपील की। उन्होंने कहा कि मल्होत्रा भाजपा के संघर्षशील एवं कर्मशील कार्यकर्ता हैं, इनकी जीत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को मजबूती प्रदान करेगी। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि दिल्ली की सभी 7 लोकसभा सीटें भाजपा ही जीतेगी। साथ ही भाजपा अबकी बार चार सौ पार भी करेगी।

मुख्यमंत्री शर्मा ने सम्मेलन में साध्वी अणिमा ठाणा और साध्वी संगीत ठाणा से भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में प्रवासी राजस्थानी एवं जैन श्वेताम्बर तैरापंथी सभा के गणमान्य जन मौजूद रहे।