भारत की 1975 में हॉकी विश्व जीतने वाली टीम के सदस्य वरिंदर सिंह नहीं रहे

सत्येन्द्र पाल सिंह

नई दिल्ली : भारत की 1975 में क्वालालंपुर में हॉकी विश्व कप जीतने वाली टीम के सदस्य वरिंदर सिंह नहीं रहे। अपने जमाने के बेहतरीन राइट हाफ रहे वरिंदर सिंह ने जालंधर में मंगलवार सुबह अंतिम सांस ली। वह भारत की 1973 में एम्सतलवीन (नीदरलैंड) में रजत और 1972 में म्युनिख ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली टीम के सदस्य थे। वरिंदर सिंह भारत की अशोक कुमार सिंह के निर्णायक गोल और अजित पाल सिंह की कप्तानी में 1975 में क्वालालंपुर में पाकिस्तान को फाइनल में 2-1 में हरा हॉकी विश्व कप जीतने टीम के सदस्य थे।

हॉकी इंडिया ने 75 बरस के पूर्व हॉकी ओलंपियन वरिंदर सिंह के निधन पर अफसोस जताया है। साथ ही वरिंदर सिंह 1974 और 1978 में एशियाई खेलों में रजत पदक जीतने वाली भारतीय टीम में शामिल थे। 2007 मे वरिंदर सिंह को ध्यान चंद लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से नवाजा गया था।