रविवार दिल्ली नेटवर्क
नई दिल्ली : वरिष्ठ पत्रकार योगेश कुमार गोयल का चयन वर्ष 2026 के ‘देश रत्न पुरस्कार’ के लिए किया गया है। उन्हें यह पुरस्कार उनकी चर्चित पुस्तक ‘सागर से अंतरिक्ष तक: भारत की रक्षा क्रांति’ के लिए दिया जाएगा, जिसने भारत की रक्षा यात्रा को एक नए दृष्टिकोण से प्रस्तुत किया है। यह सम्मान गैर-राजनीतिक संस्था नेशनल अकाली दल द्वारा आगामी 28 जून को नई दिल्ली में आयोजित एक भव्य समारोह में प्रदान किया जाएगा। गोयल की 300 पृष्ठों की यह पुस्तक इसी वर्ष प्रकाशित हुई है, जो स्वतंत्र भारत की रक्षा यात्रा का एक जीवंत दस्तावेज है। विशेष रूप से आत्मनिर्भर भारत के परिप्रेक्ष्य में सैन्य तकनीकी विकास, रणनीतिक सशक्तिकरण और आधुनिक सुरक्षा ढ़ांचे की गहन पड़ताल इस कृति को विशिष्ट बनाती है। इस महत्वपूर्ण कार्य के लिए हिन्दी अकादमी दिल्ली द्वारा योगेश गोयल को 25 हजार रुपये की सहयोग राशि भी प्रदान की जा चुकी है। वे लंबे समय से अपनी धारदार लेखनी से समाज को जागरूक कर रहे हैं और यह कोई पहली बार नहीं है, जब उनकी किसी कृति को राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया हो। लगभग 36 वर्षों के सुदीर्घ पत्रकारिता अनुभव के साथ योगेश कुमार गोयल ने पर्यावरण, वन्यजीवन, सामाजिक सरोकारों और नशे के दुष्प्रभाव जैसे विषयों पर कई प्रभावशाली पुस्तकें लिखी हैं। उनकी कुछ कृतियों को हिन्दी अकादमी दिल्ली और हरियाणा साहित्य अकादमी से भी आर्थिक सहयोग प्राप्त हो चुका है।





