मुंबई (अनिल बेदाग) : भारतीय पूंजी बाजार में एक और मैन्युफैक्चरिंग कंपनी दस्तक देने जा रही है। हाई-परफॉर्मेंस इंजीनियर्ड फैब्रिक बनाने वाली कुसुमगर लिमिटेड 8 जुलाई, 2026 से अपना ₹650 करोड़ का आईपीओ निवेशकों के लिए खोल रही है। रक्षा, एयरोस्पेस, ऑटोमोटिव और इंडस्ट्रियल सेक्टर की बढ़ती जरूरतों को पूरा करने वाली इस कंपनी का कारोबार लगातार मजबूत हुआ है, जिसका असर उसके वित्तीय प्रदर्शन में भी साफ दिखाई देता है। ऐसे में यह आईपीओ निवेशकों के बीच खास आकर्षण का केंद्र बन सकता है।
कुसुमगर लिमिटेड ने अपने आईपीओ के लिए ₹398 से ₹419 प्रति इक्विटी शेयर का प्राइस बैंड तय किया है। यह पूरी तरह ₹650 करोड़ का ऑफर फॉर सेल है, जो 8 जुलाई से 10 जुलाई, 2026 तक खुला रहेगा। निवेशकों को कम से कम 35 शेयरों के लिए आवेदन करना होगा। कर्मचारियों के लिए ₹3.5 करोड़ के शेयर आरक्षित किए गए हैं और उन्हें प्रति शेयर ₹39 की छूट भी मिलेगी।
वित्त वर्ष 2026 में कंपनी का परिचालन राजस्व बढ़कर ₹692 करोड़ और शुद्ध लाभ ₹98.2 करोड़ पहुंच गया, जो उसके कारोबार की मजबूती को दर्शाता है। वर्ष 1990 में स्थापित कुसुमगर लिमिटेड सिंथेटिक इंजीनियर्ड फैब्रिक के क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान बना चुकी है। कंपनी के उत्पाद एयरोस्पेस, डिफेंस, ऑटोमोटिव, इंडस्ट्रियल और आउटडोर लाइफस्टाइल जैसे क्षेत्रों में उपयोग किए जाते हैं। गुजरात की छह और उत्तर प्रदेश की एक यूनिट के साथ कंपनी धागा निर्माण से लेकर कोटिंग, लैमिनेशन और फैब्रिकेशन तक पूरी तरह इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्षमता रखती है। 1,000 से अधिक फैब्रिक कॉन्फिगरेशन विकसित कर चुकी यह कंपनी नवाचार और गुणवत्ता के दम पर भविष्य की संभावनाओं पर मजबूत दावा पेश कर रही है।





