पूरी गरिमा के साथ मनाया गया वियतनाम का राष्ट्रीय दिवस

रविवार दिल्ली नेटवर्क

कोलकाता  : इंडो वियतनाम सॉलिडेरिटी कमेटी की ओर से भारत के अनन्य मित्र राष्ट्र वियतनाम का राष्ट्रीय दिवस पूरी गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बोलते हुए कमेटी के उपसभापति वरिष्ठ नाट्य समीक्षक प्रेम कपूर ने अपने वक्तव्य में वियतनाम के सौहार्दपूर्ण दो हजार वर्षों से भी अधिक लंबी अवधि के संबंधों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आधुनिक काल में जवाहरलाल नेहरू तथा हो ची मिन्ह के नेतृत्व में दोनों देशों के संबंध निरंतर प्रगाढ़ होते रहे।

इस अवसर पर उन्होंने वियतनाम की जनता का अभिनंदन करते हुए शांति और उनकी सर्वांगीण प्रगति के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर अपने उद्गार व्यक्त करते हुए जहां समाजसेवी जगदीश मिश्रा ने कहा कि युवावस्था से ही उनके तीन प्रेरक नायक रहे हैं, जिनमें थे- स्वामी विवेकानंद, नेताजी सुभाष चंद्र बोस और हो ची मिन्ह, वहीं विमल शर्मा ने हो ची मिन्ह को अन्तर्राष्ट्रीय व्यक्तित्व बताते हुए विश्व परिपेक्ष्य में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया।

इस अवसर पर वरिष्ठ कवि रावेल पुष्प ने इस खास दिवस को समर्पित अपनी ताज़ा-तरीन रचना – वियतनाम पेश की,जिसकी सभी ने काफ़ी प्रशंसा की। इसके अलावे डॉ. शाहिद फ़रोगी, शाहिद हुसैन शाहिद और आरती सिंह ने भी अपनी रचनाओं का पाठ किया।

कार्यक्रम की शुरुआत में जवाहरलाल नेहरू रोड और हो ची मिन्ह सरणी के संयोग स्थल पर स्थापित वियतनाम के रूपाकार हो ची मिन्ह की आवक्ष मूर्ति पर उपस्थित सभी लोगों ने माल्यार्पण किया।

आखिर में संस्था के युवा कार्यकर्ता अरविंद कोरी ने सभी को धन्यवाद दिया।