नीट पेपर लीक: आरसीसी कोचिंग का मालिक गिरफ्तार

NEET paper leak: RCC coaching owner arrested

इंद्र वशिष्ठ

सीबीआई ने नीट पेपर लीक मामले में लातूर (महाराष्ट्र) स्थित आरसीसी कोचिंग संस्थान के मालिक प्रोफेसर शिवराज रघुनाथ मोटेगांवकर उर्फ एम सर को गिरफ्तार किया है। ये संस्थान छात्रों को नीट परीक्षा की तैयारी कराता है। इसकी नौ शाखाएं हैं, जिनमें मुख्य शाखा लातूर में है। अदालत ने शिवराज को 9 दिन की सीबीआई हिरासत में भेज दिया।

सीबीआई प्रवक्ता ने बताया कि प्रोफेसर शिवराज मोटेगांवकर एनटीए से जुड़े केमिस्ट्री के लेक्चरर पी.वी. कुलकर्णी का करीबी हैं। उनके संस्थान और घर पर तलाशी के दौरान केमिस्ट्री का पेपर बरामद हुआ, जिसमें 3 मई को आयोजित नीट परीक्षा में पूछे गए प्रश्नों के समान प्रश्न थे। इस मामले में अब तक दिल्ली, जयपुर, गुरुग्राम, नासिक, पुणे, लातूर और अहिल्या नगर से 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

सीबीआई ने 16 मई को नीट परीक्षा के बायोलॉजी पेपर लीक मामले में मास्टर माइंड महाराष्ट्र के पुणे की सीनियर बॉटनी टीचर मनीषा गुरुनाथ मंधारे को दिल्ली में गिरफ्तार किया। वह नीट परीक्षा प्रक्रिया में शामिल थी बॉटनी और जूलॉजी के पेपर तक उनकी पूरी पहुंच थी। 15 मई को इस मामले में पुणे से मुख्य आरोपी/ किंगपिन केमिस्ट्री के लेक्चरर पी.वी. कुलकर्णी को गिरफ्तार किया गया। पी.वी. कुलकर्णी, एनटीए की ओर से परीक्षा प्रक्रिया में शामिल थे। उनके पास प्रश्नपत्रों तक पहुंच थी। 14 मई को अहिल्या नगर के धनजंय लोखंडा और पुणे की मनीषा वाघमारे को गिरफ्तार किया। 13 मई को जयपुर के जमवारामगढ़ निवासी मांगीलाल बिवाल, विकास बिवाल और दिनेश बिवाल, गुरुग्राम के यश यादव और नासिक के शुभम खेरनार को गिरफ्तार किया।

सीबीआई की विशेष टीमों द्वारा जांच जारी है और अब तक की जांच से केमिस्ट्री और बायोलॉजी के पेपर लीक के वास्तविक स्रोत का पता चला है। इसके अलावा उन बिचौलियों को गिरफ्तार किया गया है जो उन छात्रों को जुटाने में शामिल थे जिन्होंने नीट परीक्षा में आने वाले प्रश्नों को विशेष कोचिंग कक्षाओं में भेजने के लिए लाखों रुपये का भुगतान किया था, जहां उन पर चर्चा और निर्देश दिए जाते थे।