राजस्थान विधानसभाध्यक्ष देवनानी ने आचार्य महाश्रमण का आशीर्वाद प्राप्त कर आध्यात्मिक मार्गदर्शन लिया

Rajasthan Assembly Speaker Devnani received the blessings of Acharya Mahashraman and took spiritual guidance

  • अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद के ‘दक्षिणांचल स्तरीय युवा सम्मेलन’ में हुए शामिल
  • युवा अपनी ऊर्जा का उपयोग राष्ट्रहित और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के लिए करें- देवनानी

रविवार दिल्ली नेटवर्क

जयपुर/डीडवाना-कुचामन/नई दिल्ली : राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष वासुदेव देवनानी गुरुवार को लाडनूं के जैन विश्व भारती संस्थान पहुँच कर शांतिदूत आचार्य महाश्रमण के दर्शन किए और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया तथा उनके साथ गहन आध्यात्मिक चर्चा की। इस दौरान विधानसभाध्यक्ष देवनानी ने राज्य और राष्ट्र की प्रगति और जनहित के कार्यों पर आचार्य श्री का मार्गदर्शन प्राप्त किया।

युवाओं को सेवा का संदेश दिया

विधानसभाध्यक्ष देवनानी ने इस अवसर पर अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद द्वारा आयोजित ‘दक्षिणांचल स्तरीय युवा सम्मेलन’ में मुख्य अतिथि के रूप सम्बोधित किया । सम्मेलन में देश के विभिन्न स्थानों से आये युवा प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

सम्मेलन में नए भारत में युवाओं की भूमिका विषय पर अपने उद्बोधन में विधानसभाध्यक्ष देवनानी ने कहा कि आचार्य महाश्रमण पूरे विश्व को मानवता, शांति, नैतिकता का संदेश दे रहे हैं, जिसे युवाओं को आत्मसात कर भारतीय मूल्यों को सम्पूर्ण विश्व में स्थापित करना चाहिए।

देवनानी ने कहा कि देश के नवनिर्माण में युवाओं की भूमिका सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि भारत कोई जमीन का टुकड़ा नहीं बल्कि हमारी जन्म भूमि,कर्म भूमि और पुण्य भूमि है। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे अपनी ऊर्जा का उपयोग राष्ट्र हित और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के लिए करें। उन्होंने तेरापंथ युवक परिषद के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि परिषद न केवल धार्मिक और आध्यात्मिक मूल्यों को सहेज रही है, बल्कि रक्त दान, नशा मुक्ति और सेवा कार्यों के माध्यम से समाज को नई दिशा भी दे रही है।

कार्यक्रम के दौरान परिषद के पदाधिकारियों ने संगठन द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न सेवा प्रकल्पों की जानकारी साझा की। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, तेरापंथ युवक परिषद के पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

इससे पूर्व लाडनूं स्थित जैन विश्व भारती पहुँचने पर संस्थान एवं तेरापंथ समाज और स्थानीय पदाधिकारियों द्वारा विधान सभा अध्यक्ष देवनानी का भव्य स्वागत किया गया।