अणुव्रत विधायक मंच-दिल्ली के प्रथम संयोजक बने संजय गोयल

Sanjay Goyal became the first convener of Anuvrat Vidhayak Manch, Delhi

राजस्थान, हरियाणा, पंजाब और मध्य प्रदेश में भी अणुव्रत विधायक मंच गठित होंगे

नीति गोपेन्द्र भट्ट

नई दिल्ली : अणुव्रत संसदीय मंच की तर्ज पर देश में सबसे पहले दिल्ली में अणुव्रत विधायक मंच का गठन किया गया है और संजय गोयल को इस मंच का प्रथम संयोजक बनाया गया है। गोयल दिल्ली विधानसभा में शाहदरा के विधायक है। इस मंच में संजय गोयल के साथ महेन्द्र गोयल और जगदीश गोयल आदि विधायक गण भी जुड़े है।

उल्लेखनीय है कि केन्द्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल 2011 से अणुव्रत संसदीय मंच के संयोजक है। साथ ही वे मई 2022 से राजस्थान में लाडनूँ स्थित जैन विश्व भारती संस्थान (डिम्ब विश्वविद्यालय) के कुलाधिपति भी हैं।

अणुव्रत अनुशास्ता आचार्यश्री महाश्रमण जी के सानिध्य में जैन विश्व भारती,लाडनू में पिछली 4 मई को देश के विभिन्न प्रदेशों में अणुव्रत विधायक मंच की प्रस्तावना तैयार हुई थी।अणुव्रत पर्यवेक्षक मुनिश्री मनन कुमार के आध्यात्मिक पर्यवेक्षण में दिल्ली के साथ ही अब राजस्थान, हरियाणा, पंजाब और मध्य प्रदेश आदि राज्यों में भी अणुव्रत विधायक मंच गठित करना प्रस्तावित है।

अणुव्रत संसदीय मंच की तर्ज पर देश में अणुव्रत विधायक मंच का गठन करने का पवित्र उद्देश्य जनप्रतिनिधियों तक अणुव्रत के नैतिक मूल्यों को पहुँचाना तथा सार्वजनिक जीवन में शुचिता, पारदर्शिता, सद्भावना और उत्तरदायित्व को बढ़ावा देना है।

अणुविभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रताप सिंह दुगड ने अपनी एक दिवसीय दिल्ली यात्रा में विधायक मंच, दिल्ली के प्रथम संयोजक के रूप में वरिष्ठ समाजसेवी एवं शाहदरा के विधायक संजय गोयल को मनोनीत किया और एक सादे समारोह में संजय गोयल और साथी विधायकों को अणुव्रत आचार सहिंता का वाचन करवाया और अणुविभा के सभी प्रकल्पों के विषय में संक्षेप में जानकारी दी।

इस अवसर पर दुगड ने देश में पहली बार अणुव्रत विधायक मंच का गठन होने और संजय गोयल को इस मंच का प्रथम संयोजक बनाए जाने पर प्रसन्नता जाहिर की हैं।

उन्होंने बताया कि अणुव्रत विधायक मंच दिल्ली के गठन के इस ऐतिहासिक कार्य में दिल्ली विधानसभा के पूर्व स्पीकर रामनिवास गोयल,अणुविभा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं योगक्षेम वर्ष की राष्ट्रीय संयोजिका डॉ कुसुम लुनिया एवं बाबुलाल दुगड तथा डॉ धनपत लुनिया का विशेष सहयोग रहा। दिल्ली विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष रामनिवास गोयल ने कहा कि अणुव्रत बहुत पवित्र नैतिक अभियान है।अणुविभा के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने संभागियों का अभिनंदन करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में विधायक मंच सुसंगठित होकर नैतिक राजनीति, जनकल्याण और राष्ट्रहित के उद्देश्यों को सशक्त करेगा।

अणुविभा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं योगक्षेम वर्ष की राष्ट्रीय संयोजिका डॉ कुसुम लुनिया ने समारोह का संचालन करते हुए संजय गोयल और साथी विधायकों का स्वागत किया।

कार्यक्रम में अणुविभा के पूर्व महामंत्री भीखम सुराणा, राज्य प्रभारी कुसुम सुराणा, गाजियाबाज समिति के अध्य़क्ष विशाल संचेती, मंत्री अनिल लुनिया समेत सहित अनेक गणमान्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।