रविवार दिल्ली नेटवर्क
गाजियाबाद : पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (PVVNL) के वसुंधरा क्षेत्र स्थित एसडीओ कार्यालय (अर्थला-मोहननगर उपखंड, EUDSD-I) पर एक बिजली उपभोक्ता ने गंभीर अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं। उपभोक्ता का कहना है कि बिना किसी आवेदन, सत्यापन और उसकी सहमति के बिजली कनेक्शन के रिकॉर्ड में बदलाव कर दिए गए तथा बाद में स्मार्ट मीटर भी स्थापित कर दिया गया। बिल में उपखंड के रूप में EUDSD-I Arthala Mohannagar दर्ज है, जो गाजियाबाद के संबंधित वितरण क्षेत्र का हिस्सा है।
शिकायतकर्ता प्रमोद कुमार शर्मा के अनुसार, वर्ष 2025 तक जारी बिजली बिल में उनका सही पता, मोबाइल नंबर तथा पुराना मीटर नंबर दर्ज था। लेकिन वर्तमान बिल में स्मार्ट मीटर नंबर दर्ज है और मोबाइल नंबर भी बदल गया है। उनका आरोप है कि उन्होंने न तो मोबाइल नंबर बदलने के लिए कोई आवेदन दिया और न ही स्मार्ट मीटर लगाने के लिए सहमति दी।
उपभोक्ता का कहना है कि नए बिल में यह भी उल्लेख है कि स्मार्ट मीटर सिस्टम में दर्ज मोबाइल नंबर OTP सत्यापन के आधार पर अपडेट किया गया है, जबकि उनका दावा है कि उन्होंने कोई OTP साझा नहीं किया। ऐसे में उन्होंने सवाल उठाया है कि यदि उनका दावा सही है, तो OTP किसके मोबाइल पर गया और सत्यापन किसने किया।
पीड़ित ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने, रिकॉर्ड में किए गए बदलावों के आधार की जांच करने, स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया की समीक्षा करने तथा दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि उपभोक्ताओं के रिकॉर्ड बिना उनकी जानकारी के बदले जा सकते हैं, तो यह व्यवस्था की पारदर्शिता पर गंभीर प्रश्न खड़े करता है।





