हॉकी के नए प्रारूप हॉकी 5 में कुछ बेहतरीन टीमों के खिलाफ खेलना चुनौतीपूर्ण होगा : गुरिंदर सिंह

  • हम पहले एफआईएच हॉकी 5 टूर्नामेंट के लिए तैयार हैं
  • हमने छोटे-छोटे पासों, 3 डी कौशल व अपने ढांचे पर भी मेहनत की है

सत्येन्द्र पाल सिंह

नई दिल्ली : फुलबैक गुरिंदर सिंह की अगुआई में भारत की नौ सदस्यीय पुरुष हॉकी टीम लुसाने(स्विटजरलैंड) मेें शनिवार से शुरू हो रहे दो दिवसीय पहले एफआईएच हॉकी 5 टूर्नामेंट की चुनौती के लिए तैयार है। भारतीय पुरुष टीम में शामिल पवन, संजय और रविचंद्र सिंह मोइंगरथम 2018 में बयूनर्स आयर्स में यूथ ओलंपिक मे हॉकी 5 टूर्नामेंट में रजत पदक जीतने वाली टीम का हिस्सा थे। भारत की पुरुष टीम अपने अभियान का आगाज शनिवार को पहले दिन मेजबान स्विटजरलैंड के खिलाफ मैच से करने के दो घंटे बाद अपने दूसरे मैच में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से भिड़ेगी। भारत की टीम 5 जून को पहले मलयेशिया और फिर पोलैंड से भिड़ेगी। राउंड रॉबिन लीग आधार पर नए प्रारूप के इस पहले हॉकी टूर्नामेंट में शीर्ष पर रहने वाली दो टीमें के बीच 5 जून को फाइनल से विजेता का फैसला होगा। भारत की पुरुष टीम के साथ ग्राहम रीड बतौर कोच लुसाने पहुंच चुके हैं।

भारत की पुरुष टीम के कप्तान गुरिंदर सिंह ने इस दो दिवसीय टूर्नामेंट से पहले शुक्रवार को लुसाने में कहा, ‘ हम इस टूर्नामेंट में शिरकत करने के लिए लुसाने पहुंच कर रोमांचित हूं और माहौल गजब का है,। लुसाने में हमारे अभ्यास सत्र अच्छे रहे और हम पहले एफआईएच हॉकी 5 टूर्नामेंट के लिए तैयार हैं। हमारे लिए हॉकी के नए प्रारूप हॉकी 5 में कुछ बेहतरीन टीमों के खिलाफ खेलना खासा चुनौतीपूर्ण होगा। हॉकी 5ं में खासी तेज हॉकी खेली जाती है और हमें जल्द से जल्द खुद को हालात के मुताबिक ढालना होगा। जहां तक हमारी टीम की तैयारियों और संतुलन की बात है तो हॉकी 5 में बहुत तेज रफ्तार हॉकी और कौशल की जरूरत होती है। हमने छोटे-छोटे पासों, 3 डी कौशल(हॉकी की कलाकारी) के साथ अपने ढांचे पर भी मेहनत की है। इस प्रारूप में नई बात पेरीमीटर बोर्ड का इस्तेमाल और हम इसका लाभ उठाने की कोशिश करेंगे। हमारी टीम में संजय,पवन और रविचंद्र के रूप में तीन ऐसे खिलाड़ी हैं जो कि यूथ ओलंपिक 2018 में इस प्रारूप यानी हॉकी 5 में पहले खेल चुके हैं। इन तीनों का अनुभव हमारी तैयारियों में मददगार होगा।’

हमारा फोकस मैच में शुरू से आक्रामक हॉकी खेलने पर रहेगा : सुमित
इस बीच भारतीय पुरुष हॉकी टीम के उपकप्तान सुमित ने कहा, ‘हमारे लिए हॉकी 5 हॉकी का नया प्रारूप है। हम हॉकी के इस नए प्रारूप में खेलने को लेकर बेहद रोमांचित हैं। हॉकी के इस नए प्रारूप हॉकी 5 में बहुत गोल होंगे और मैच बेहद करीबी और संघर्षपूर्ण रहेंगे और ऐसे में हमारा फोकस मैच में शुरू से आक्रामक हॉकी खेलने पर रहेगा। हमने खुद इस प्रारूप के लिए हर तरह तैयार किया। हमारी टीम खासी अनुभवी हैं और कुछ हममें कई खिलाड़ी पहले भी हॉकी 5 में खेल खुके है। हमारी निगाहें इस रोचक टूर्नामेंट में शिरकत करने पर लगी हैं।’

मैचों का समय पुरुष : 4 जून: भारत वि. स्विटजरलैंड(शाम साढ़े छह बजे से)। भारत वि. पाकिस्तान (रात साढ़े आठ बजे से)।
महिला: भारत वि. उरुग्वे (शाम छह बजे से)। भारत वि. पोलैंड(रात आठ बजे से)।
पुरुष : 5 जून: भारत वि. मलयेशिया(शाम साढ़े 4 बजे से)। भारत वि. पोलैंड(शाम साढ़े छह बजे से)।
महिला: भारत वि. स्विटजरलैंड(शाम साढ़े छह बजे से), भारत वि. अफ्रीका, रात 8 बजे से। (सभी समय भारतीय समयानुसार)।