स्पीकर वासुदेव देवनानी ने राजस्थान की प्रतिभाओं को पद्मश्री सम्मान मिलने पर दी बधाई

Speaker Vasudev Devnani congratulated the talents of Rajasthan on receiving the Padma Shri award

जी एन भट्ट

जयपुर : राजस्थान विधान सभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने राष्ट्रपति भवन में आयोजित नागरिक अलंकरण समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु द्वारा राजस्थान की तीन प्रतिभाओं गफरुद्दीन मेवाती जोगी, तगाराम भील एवं स्वामी ब्रह्मदेव महाराज को पद्मश्री सम्मान से अलंकृत किए जाने पर बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं।

देवनानी ने कहा कि राजस्थान की लोक संस्कृति, लोक संगीत और समाज सेवा की समृद्ध परंपरा को राष्ट्रीय स्तर पर मिला यह सम्मान पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि भपंग वादन की विलुप्तप्राय लोक परंपरा को जीवंत बनाए रखने वाले श्री गफरुद्दीन मेवाती जोगी तथा अलगोजा वादन के माध्यम से राजस्थान की लोकधुनों को देश-विदेश तक पहुँचाने वाले श्री तगाराम भील ने प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान दी है। वहीं स्वामी ब्रह्मदेव महाराज ने समाज सेवा एवं मानव कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर समाज को प्रेरणा प्रदान की है।

स्पीकर देवनानी ने कहा कि ऐसे व्यक्तित्व अपने कार्यों से समाज में सकारात्मक परिवर्तन का मार्ग प्रशस्त करते हैं। इन प्रतिभाओं का सम्मान राजस्थान की प्रतिभा, संस्कृति और सेवा भावना का सम्मान है, जिससे नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और परंपराओं से जुड़ने की प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने सभी सम्मानित व्यक्तियों के उज्ज्वल एवं प्रेरणादायी भविष्य के लिये शुभकामनायें दी है।