ऋषिकेश में अखिल भारतीय महापौर परिषद की 117वीं कार्यकारी समिति की बैठक हुयी

The 117th Executive Committee meeting of the All India Mayors Council was held in Rishikesh

रविवार दिल्ली नेटवर्क

देहरादून : ऋषिकेश में अखिल भारतीय महापौर परिषद की 117वीं कार्यकारी समिति की बैठक आयोजित की गयी। जिसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग किया।

इस अवसर पर उन्होंने कुल ₹29.78 करोड़ की लागत की तीन परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का भी अवलोकन किया।

बैठक में मुख्यमंत्री ने देश के विभिन्न शहरों से आए महापौरगणों को संबोधित करते हुए कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश के शहरी क्षेत्रों को सुदृढ़, स्वच्छ और आधुनिक बनाने की दिशा में स्वच्छ भारत मिशन, अमृत योजना, स्मार्ट सिटी मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं प्रभावी रूप से संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं से शहरी आधारभूत ढांचे को नई मजबूती मिली है साथ ही नागरिकों के जीवन स्तर में भी सकारात्मक परिवर्तन आया है। उन्होंने कहा आज भारत के शहर केवल विकास के केंद्र नहीं, बल्कि नवाचार, सुशासन और आत्मनिर्भरता के सशक्त मॉडल के रूप में उभर रहे हैं।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री सुबोध उनियाल, श्री राम सिंह कैड़ा, विधायक श्री प्रेम चंद अग्रवाल उपस्थित रहे।

ऋषिकेश ट्रांजिट कैंप का औचक निरीक्षण किया
मुख्यमंत्री ने ऋषिकेश ट्रांजिट कैंप का औचक निरीक्षण कर चारधाम यात्रा से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान कैंप में मौजूद श्रद्धालुओं से संवाद कर उनके यात्रा अनुभवों एवं दी जा रही सुविधाओं के संबंध में उनका फीडबैक लिया।
उन्होंने अधिकारियों को बढ़ती गर्मी को देखते हुए ट्रांजिट कैंप में अतिरिक्त कूलर और पेयजल की पर्याप्त मात्रा में उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए साथ ही उन्हें रजिस्ट्रेशन के लिए श्रद्धालुओं को इंतजार न करना पड़े, इसके लिए उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया।

सीएम ने कहा कि श्रद्धालुओं ने चारधाम यात्रा हेतु की गई व्यवस्थाओं पर संतोष जताया। राज्य सरकार श्रद्धालुओं की सुरक्षित, सुचारु और सुखद यात्रा सुनिश्चित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।