रविवार दिल्ली नेटवर्क
देहरादून : आपातकाल के काले अध्याय के 51 वर्ष पूर्ण होने पर जीएमएस रोड़ स्थित एक होटल में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आपातकाल के विरुद्ध आवाज़ बुलंद करने वाले लोकतंत्र सेनानियों को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सम्मानित किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि 25 जून 1975 का आपातकाल भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का वह दौर था, जब नागरिकों के मौलिक अधिकारों पर प्रतिबंध लगाए गए, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को कुचला गया और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर अभूतपूर्व दबाव बनाया गया। लोकतंत्र सेनानियों के संघर्ष, साहस और त्याग ने उस अंधकारमय काल में भी लोकतंत्र की ज्योति को जलाये रखा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में आज देश में लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करने, संविधान के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने और लोकतंत्र सेनानियों के संघर्ष एवं बलिदान को नई पीढ़ी तक पहुँचाने की दिशा में अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद श्री नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री श्री खजान दास, विधायक श्री उमेश शर्मा काऊ, श्रीमती सविता कपूर, प्रदेश महामंत्री श्री कुंदन परिहार तथा महानगर अध्यक्ष श्री सिद्धार्थ अग्रवाल भी उपस्थित रहे।





