राजस्थान में राज्यसभा के ‌द्विवार्षिक निर्वाचन की प्रक्रिया एक जून से होगी आरम्भ

The process for the biennial Rajya Sabha elections in Rajasthan will begin from June 1

रविवार दिल्ली नेटवर्क

जयपुर : राजस्थान में राज्यसभा के द्विवार्षिक निर्वाचन की प्रक्रिया राज्य में सोमवार 01 जून से आरम्भ होगी। राजस्थान में राज्यसभा के तीन सदस्यों का निर्वाचन होना है। राज्यसभा के निर्वाचन के लिए नाम निर्देशन सोमवार 08 जून तक किये जा सकते हैं। राज्य सभा द्वि‍वार्षिक निर्वाचन के लिए विधान सभा में कक्ष सं. 112 आवंटित किया गया है।

राज्यसभा के लिए राजस्थान विधानसभा के निर्वाचित सदस्यों द्वारा द्विवार्षिक निर्वाचन के रिटर्निंग ऑफिसर श्री भारत भूषण शर्मा ने बताया कि नाम निर्देशन पत्र राजस्थान विधानसभा के कक्ष संख्या 106 में रिटर्निंग ऑफिसर के समक्ष अभ्यर्थी या उसके किसी प्रस्थापक द्वारा प्रातः 11:00 बजे से अपरान्ह 03 बजे तक परिदत्त किये जा सकेंगे ।

श्री शर्मा ने बताया कि नाम निर्देशन पत्रों की जाँच राजस्थान विधानसभा भवन के भूतल स्थित कक्ष संख्या 751 में 09 जून को दोपहर 1.30 बजे की जायेगी। दिनांक 11 जून को दोपहर 3.00 बजे तक अभ्यर्थिता वापस ली जा सकती है। रिटर्निंग ऑफिसर श्री शर्मा ने बताया कि मतदान होने की स्थिति में 18 जून को प्रातः 9 बजे से सांय 4 बजे तक मतदान होगा। इसी दिन सांय 5 बजे मतगणना की जायेगी।