‘यशराज भारती सम्मान’ ने जमीनी बदलाव की कहानियों को दी आवाज़

Yash Raj Bharti Samman gives voice to stories of grassroots change

मुंबई (अनिल बेदाग) : मुंबई के प्रतिष्ठित एनसीपीए स्थित जमशेद भाभा थिएटर में शाम कुछ अलग ही थी। यहां चमक-दमक से ज्यादा भावनाओं की रोशनी थी और तालियों में सिर्फ प्रशंसा नहीं, बल्कि कृतज्ञता की गूंज थी। ‘यशराज भारती सम्मान 2026’ का यह समारोह उन अनसुने, अनदेखे नायकों को समर्पित रहा, जो बिना सुर्खियों के समाज में गहरे और स्थायी बदलाव ला रहे हैं।

इस मंच ने उन व्यक्तियों और संस्थाओं को सामने लाया, जिनका कार्य सेवा, करुणा और जिम्मेदारी का जीवंत उदाहरण है। कठोर चयन प्रक्रिया और स्वतंत्र ग्रैंड जूरी की सिफारिशों के बाद चुने गए विजेताओं को सम्मान पदक, प्रशस्ति पत्र और 1 करोड़ 1 लाख रुपये की सम्मान निधि प्रदान की गई जो न केवल सम्मान, बल्कि समाज के प्रति उनके योगदान की सशक्त स्वीकृति है।

कार्यक्रम में आनंदीबेन पटेल, अभिजीत वी. बनर्जी और दिलीप वालसे पाटिल की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को और भी विशेष बना दिया। इस अवसर पर दिनेश कुमार जैन ने कहा, “यशराज भारती सम्मान उन व्यक्तियों और संस्थाओं को समर्पित है, जो निस्वार्थ भाव से जमीनी स्तर पर कार्य करते हैं और बिना पहचान की अपेक्षा के समाज में स्थायी बदलाव लाते हैं।” उन्होंने आगे जोड़ा, “हमारा उद्देश्य सिर्फ सम्मान देना नहीं, बल्कि इन प्रेरणादायक कहानियों को सामने लाकर एक ऐसी लहर पैदा करना है, जो और लोगों को भी उद्देश्यपूर्ण कार्यों के लिए प्रेरित करे।” ‘यशराज भारती सम्मान’ सिर्फ एक पुरस्कार नहीं, बल्कि एक विचार है जो यह याद दिलाता है कि सच्चा बदलाव अक्सर शोर नहीं करता, बल्कि खामोशी से समाज की नींव को मजबूत बनाता है।