सुनील कुमार महला
संयुक्त राष्ट्र की ग्लोबल ई-वेस्ट मॉनिटर रिपोर्ट-2024 के अनुसार, वर्ष 2022 में दुनिया भर में लगभग 62 मिलियन टन यानी 6.2 करोड़ टन ई-कचरा उत्पन्न हुआ। वैश्विक स्तर पर प्रति व्यक्ति औसतन 7.8 किलोग्राम ई-कचरा पैदा हुआ। चिंताजनक बात यह है कि कुल ई-कचरे में से केवल 22.3 प्रतिशत का ही औपचारिक रूप से संग्रह और पुनर्चक्रण किया गया। शेष लगभग 77.7 प्रतिशत ई-कचरे का उचित प्रबंधन नहीं हो सका और उसका बड़ा हिस्सा अनौपचारिक क्षेत्रों या कचरा भराव स्थलों तक पहुँच गया। इतना ही नहीं, आज हमारा देश भारत भी ई-कचरे की समस्या से गंभीर रूप से प्रभावित है। दुनिया में चीन और अमेरिका के बाद भारत को ई-कचरा उत्पन्न करने वाले प्रमुख देशों में तीसरे स्थान पर बताया जाता है। भारत में ई-कचरे की मात्रा के संबंध में लगभग 4.5 मिलियन टन यानी 45 लाख टन प्रतिवर्ष का आँकड़ा सामने आया है। उल्लेखनीय है कि हमारे देश में ई-कचरे का एक बड़ा हिस्सा अनौपचारिक क्षेत्र में काम करने वाले कबाड़ी और अन्य लोगों द्वारा संसाधित किया जाता है। उपलब्ध अनुमानों में यह हिस्सा लगभग 80 से 90 प्रतिशत तक बताया गया है। इस काम में सुरक्षा के उचित उपाय नहीं अपनाए जाने पर काम करने वाले लोगों के स्वास्थ्य और पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुँच सकता है। ई-कचरे की बढ़ती मात्रा इस समस्या को और गंभीर बना रही है। आंकड़े बताते हैं कि वर्ष 2010 से 2022 के बीच ई-कचरे में हुई वृद्धि की दर उसके औपचारिक संग्रह और पुनर्चक्रण की वृद्धि दर से लगभग पाँच गुना अधिक रही। ग्लोबल ई-वेस्ट मॉनिटर-2024 के अनुमान के अनुसार, यदि यही स्थिति बनी रही, तो वर्ष 2030 तक दुनिया में ई-कचरे की मात्रा बढ़कर लगभग 82 मिलियन टन यानी 8.2 करोड़ टन प्रतिवर्ष हो सकती है।
ई-कचरा कम करने के लिए क्या करें?
भारत जैसे तेजी से डिजिटल होते देश में मोबाइल फोन, कंप्यूटर, घरेलू उपकरणों और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान का इस्तेमाल लगातार बढ़ रहा है। इसलिए ई-कचरे को केवल सफाई की समस्या मानना उचित नहीं है। यह पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों की बचत, जनस्वास्थ्य और जिम्मेदारी के साथ उपभोग करने से जुड़ा विषय है। वास्तव में, ई-कचरे को कम करने के लिए हमें इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का इस्तेमाल सोच-समझकर करना चाहिए। मोबाइल फोन, लैपटॉप या अन्य उपकरणों में छोटी-मोटी खराबी आने पर उन्हें फेंकने के बजाय उनकी मरम्मत करानी चाहिए। केवल नया मॉडल आने या फैशन के कारण पुराने उपकरणों को बदलने से बचना चाहिए। पुराने मोबाइल, चार्जर, बैटरी, कंप्यूटर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक वस्तुओं को सामान्य कूड़े में डालने के बजाय अधिकृत ई-कचरा संग्रह केंद्रों या संबंधित निर्माता की वापसी योजना के माध्यम से पुनर्चक्रण के लिए देना चाहिए।यदि कोई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण अभी भी इस्तेमाल करने योग्य है, तो उसे जरूरतमंद व्यक्ति को देकर या दान करके उसका उपयोगी जीवन बढ़ाया जा सकता है। नए इलेक्ट्रॉनिक सामान की खरीदारी करते समय उसकी गुणवत्ता, टिकाऊपन और मरम्मत कराने की सुविधा का ध्यान रखना चाहिए। पुनर्चक्रण के लिए मोबाइल, कंप्यूटर या अन्य उपकरण देने से पहले उनमें मौजूद निजी जानकारी को सुरक्षित तरीके से मिटाना भी आवश्यक है।
अंत में यही कहा जा सकता है कि ई-कचरे की समस्या का समाधान केवल सरकार या पुनर्चक्रण केंद्रों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। हमें कम खरीदने, उपकरणों का लंबे समय तक उपयोग करने, खराब होने पर उनकी मरम्मत कराने और बेकार होने पर उचित पुनर्चक्रण अपनाने की आदत डालनी होगी। हमारी छोटी-छोटी जिम्मेदारियाँ पर्यावरण को सुरक्षित रखने, प्राकृतिक संसाधनों को बचाने और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ धरती देने में बड़ा योगदान दे सकती हैं। वास्तव में, हमें जरूरत के अनुसार कम से कम इलेक्ट्रॉनिक सामान खरीदना चाहिए, उन्हें लंबे समय तक इस्तेमाल करना चाहिए, खराब होने पर मरम्मत करानी चाहिए और बेकार होने पर सही तरीके से उनका पुनर्चक्रण करना चाहिए।



