दीपक कुमार त्यागी
चर्चित हत्याकांड में बरी होने से पूर्व विधायक अमरपाल शर्मा को मिली बड़ी राहत
गाजियाबाद : खोड़ा-मकनपुर नगर पालिका परिषद की पूर्व चेयरमैन रीना भाटी के पति भाजपा नेता गजेन्द्र भाटी उर्फ गज्जी भाटी के 2 सितंबर 2017 को हुए हत्याकांड में पूर्व विधायक अमरपाल शर्मा सहित तीन आरोपी बरी हो गये हैं। गाजियाबाद की एमपी एमएलए कोर्ट ने पूर्व विधायक अमरपाल शर्मा, नरेंद्र गुर्जर उर्फ नरेंद्र फौजी और राजकुमार उर्फ राजू पहलवान को 12 अक्टूबर 2026 सोमवार को साक्ष्यों के अभाव में बरी कर दिया। न्यायाधीश निशांत मान ने कहा कि अभियोजन पक्ष आरोप को साबित करने में पूरी तरह से विफल रहा।
बचाव पक्ष के अधिवक्ता नवीन त्यागी ने बताया कि खोड़ा के गजेन्द्र भाटी उर्फ गज्जी भाटी की 2 सितंबर 2017 में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जिस मामले में पूर्व विधायक अमरपाल शर्मा, नरेंद्र फौजी उर्फ नरेंद्र गुर्जर और शूटर राजकुमार उर्फ राजू पहलवान को पुलिस ने नामजद किया था। उसी दौरान पुलिस ने सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया था। एडवोकेट नवीन त्यागी ने बताया कि मामले ट्रायल के दौरान बचाव पक्ष के अधिवक्ताओं ने अमरपाल शर्मा व अन्य आरोपियों को पुलिस के द्वारा झूठा फंसाने का आरोप लगाया गया था। बचाव पक्ष के अधिवक्ताओं ने दलील देते हुए कहा कि पुलिस ने गलत रूप से अमरपाल शर्मा व अन्य लोगों को मामले में फंसाया है। जिस पर एमपी एमएलए कोर्ट के न्यायाधीश निशांत मान ने साक्ष्यों के अभाव में पूर्व विधायक अमरपाल शर्मा सहित तीनों आरोपितों को बरी कर दिया।
न्यायालय के फैसले के बाद पूर्व विधायक अमरपाल शर्मा ने कहा कि उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा था। उन्होंने कोई गलत कार्य नहीं किया है। उनको राजनीतिक षड़यंत्र के तहत फंसाया गया था। अब न्यायालय के फैसले से साफ हो गया कि न्याय मिलने में देर हो सकती है लेकिन अंधेर नहीं है।





