घर की चौखट तक पहुंची इलाज की उम्मीद, होम मेडिकेयर से बुजुर्गों को मिली नई राहत

Hope for treatment reaches the doorstep; home medicare brings new relief to the elderly

होम मेडिकेयर से बुजुर्गों की चौखट तक पहुंची स्वास्थ्य सेवा

मुंबई (अनिल बेदाग) : मुंबई में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक संवेदनशील और सुलभ बनाने की दिशा में होली फैमिली हॉस्पिटल, बांद्रा ने ‘होम मेडिकेयर’ की शुरुआत की है। सिस्टर डॉ. शैनी जॉयस की पहल से अब घर से बाहर निकलने में असमर्थ मरीजों को अस्पताल जैसी विशेषज्ञ देखभाल उनके अपने घर के आरामदायक माहौल में मिल सकेगी।

यह सेवा विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों, लंबे समय से बीमार मरीजों तथा सर्जरी या अस्पताल में भर्ती होने के बाद स्वास्थ्य लाभ ले रहे लोगों के लिए उपयोगी है। डॉक्टरों के घर पर परामर्श और फॉलो-अप के साथ नर्सिंग केयर, दवाओं का प्रशासन, घाव व कैथेटर की देखभाल, ईसीजी, ब्लड शुगर जांच जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। फिजियोथेरेपी और रिहैबिलिटेशन के जरिए मरीजों की गतिशीलता और आत्मनिर्भरता बढ़ाने पर भी जोर दिया जाता है।

घर से नमूने लेकर डायग्नोस्टिक जांच और दवाओं की होम डिलीवरी सुविधा भी इस सेवा का हिस्सा है। फिलहाल महिम, बांद्रा, खार और सांताक्रूज़ में उपलब्ध यह पहल स्वास्थ्य सेवा को अस्पताल की दीवारों से निकालकर जरूरतमंद मरीजों की चौखट तक पहुंचाने की मानवीय कोशिश है।