कमलेश जाट
जयपुर, राजस्थान
हर परिवार के लिए अपना एक सुरक्षित और पक्का घर होना सिर्फ रहने की जरूरत नहीं, बल्कि स्थिर जीवन की बुनियाद भी है। इसी सोच के साथ देश में प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं का उद्देश्य पात्र परिवारों को पक्के घर के साथ पानी, स्वच्छता, सड़क और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं से जोड़ना भी है। इसके बावजूद जयपुर की रामदेव बस्ती में रहने वाले कई परिवारों के लिए आज भी पक्की छत एक इंतजार है।
करीब 40 साल पुरानी इस बस्ती में लगभग 500 से 600 लोग रहते हैं। अलग-अलग सामाजिक समुदायों से आने वाले इन परिवारों की समस्याएं केवल आवास तक सीमित नहीं हैं। रोजगार, शिक्षा, साफ पानी, शौचालय और सड़क जैसी जरूरतें भी उनके रोजमर्रा के जीवन का हिस्सा हैं। बस्ती के लोगों की बातचीत से यह भी समझ आता है कि एक ही समस्या का असर परिवार के हर सदस्य पर एक जैसा नहीं पड़ता। बच्चों के लिए यह पढ़ाई की समस्या बनती है, महिलाओं के लिए पानी, शौचालय और सम्मान से जुड़ी है, जबकि रोज कमाने वाले परिवारों के लिए रोजगार और घर की अस्थिरता एक-दूसरे से जुड़ जाती है।
42 वर्षीय गोपाल गुर्जर बताते हैं कि “यह बस्ती करीब 40 वर्ष पुरानी है। यहां बसने से पहले लोग रेलवे स्टेशन के आसपास रहते थे, लेकिन बाद में उन्हें वहां से हटना पड़ा। इसके बाद उन्होंने वर्तमान जगह पर अपनी बस्ती बसाई। इतने लंबे समय के बाद भी इन परिवारों के पास ऐसा घर नहीं है, जिसे वे सुरक्षित और स्थायी आवास कह सकें। बरसात में पानी, गर्मी में तपती छत और सर्दियों में ठंड से बचने की मुश्किलें उनके लिए हर साल लौटकर आने वाली समस्या हैं।”
58 वर्षीय खेमा राम का घर भी झोपड़ी जैसा है। उनका कहना है कि बारिश के दौरान आसपास पानी भर जाता है और घर के भीतर रहना मुश्किल हो जाता है। सड़क की उचित व्यवस्था नहीं होने से परेशानी और बढ़ जाती है। ऐसे माहौल में परिवार के बच्चों के लिए पढ़ाई करना भी आसान नहीं होता। जब घर में जगह कम हो, बारिश के दिनों में पानी भर जाए या बाहर आने-जाने में परेशानी हो, तो बच्चों के पास पढ़ाई के लिए अनुकूल माहौल कहां से आएगा? जब परिवार की जिंदगी कमाई की तलाश और रहने की जगह के बीच लगातार उलझी हो, तब बच्चों की पढ़ाई नियमित रखना आसान नहीं रहता।
इसका असर लड़कियों पर भी अलग तरह से दिखाई दे सकता है। परिवार के सीमित संसाधनों के बीच जब घर और रोजी-रोटी की जरूरतें प्राथमिकता बन जाती हैं, तो लड़कियों की पढ़ाई अक्सर प्रभावित होती है। परिवार की जिम्मेदारियां भी उनके हिस्से में जल्दी आ जाती हैं। रामदेव बस्ती की मधु राणा इसकी एक मिसाल हैं। उनका बचपन इसी बस्ती में बीता और शादी के बाद भी उनका जीवन यहीं आगे बढ़ा। परिवार की जिम्मेदारियों के बीच उन्होंने पांचवीं कक्षा के बाद पढ़ाई छोड़ दी। आज वह काम करके अपने परिवार की मदद करती हैं। उनका कहना है कि अगर उन्हें पढ़ाई जारी रखने का अवसर मिलता तो वह आगे पढ़ना चाहती थीं।
मधु की कहानी यह सवाल भी खड़ा करती है कि किसी परिवार को केवल पक्का मकान मिल जाने से क्या उसके बच्चों के लिए बेहतर भविष्य अपने आप सुनिश्चित हो जाएगा? सुरक्षित घर जरूरी है, लेकिन उसके साथ शिक्षा, रोजगार और दूसरी सुविधाओं तक पहुंच भी उतनी ही जरूरी है। अगर घर की आर्थिक स्थिति कमजोर है और परिवार लगातार बुनियादी जरूरतों से जूझ रहा है, तो बच्चों की पढ़ाई पर उसका असर पड़ना स्वाभाविक है।
कुशिया खातून का परिवार करीब 35 वर्ष पहले गुजरात से राजस्थान आया था। इतने वर्षों से यहां रहने के बावजूद उनके सामने स्थायी आवास और शौचालय की समस्या बनी हुई है। वह बताती हैं कि बस्ती में साफ पानी की भी पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। पेंशन और दूसरी सरकारी योजनाओं का लाभ भी सभी जरूरतमंद परिवारों तक नहीं पहुंच पाया है।महिलाओं और लड़कियों के लिए शौचालय और पानी की ज़रूरत रोजमर्रा की सुविधा के साथ सुरक्षा और सम्मान से भी जुड़ी है। साफ पानी की नियमित व्यवस्था नहीं होने पर घर की जिम्मेदारियों का बोझ भी बढ़ता है। इसलिए किसी परिवार की आवासीय स्थिति को समझते समय यह देखना भी जरूरी है कि उसके आसपास की बुनियादी सुविधाएं कैसी हैं।
सरकारी योजना का लाभ मिलना भी अपने आप में एक आसान प्रक्रिया नहीं है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाभ पात्रता और निर्धारित प्रक्रिया के आधार पर मिलता है। इसलिए बस्ती में रहने वाला हर परिवार स्वतः लाभार्थी नहीं बन सकता। लेकिन जरूरतमंद परिवार के लिए यह जानना जरूरी है कि वह पात्र है या नहीं, आवेदन कैसे करना है, कौन से दस्तावेज चाहिए और आवेदन करने के बाद उसकी स्थिति क्या है।
यहीं स्थानीय स्तर पर जानकारी और सहयोग की भूमिका महत्वपूर्ण हो जाती है। यदि किसी परिवार ने आवेदन किया है और उसका आवेदन लंबित है, तो उसे यह पता होना चाहिए कि देरी कहां है। यदि कोई दस्तावेज कम है, तो उसे इसकी जानकारी मिलनी चाहिए। किसी परिवार को योजना के बजाय किसी दूसरी सरकारी सहायता की जरूरत है तो उसे उससे जोड़ने की कोशिश भी होनी चाहिए।
रामदेव बस्ती की कहानी इसलिए केवल पक्के मकान की कहानी नहीं है। यह इस बात की भी कहानी है कि सुरक्षित आवास का रिश्ता शिक्षा, रोजगार, पानी, स्वच्छता और सामाजिक सुरक्षा से कितना गहरा है। एक परिवार को पक्का घर मिल जाए, लेकिन उसके आसपास साफ पानी न हो, शौचालय न हो, सड़क की सुविधा न हो और बच्चों की पढ़ाई के लिए बेहतर माहौल न हो, तो उस परिवार की मुश्किलें पूरी तरह खत्म नहीं होतीं। ऐसे में यह कहना गलत नहीं होगा कि यहां के लोगों का इंतजार सिर्फ पक्के मकान का नहीं है। उनका इंतजार ऐसे जीवन का है, जिसमें उन्हें हर मौसम में अपने घर और अपने भविष्य को लेकर असुरक्षा के बीच न जीना पड़े।





