बागेश्वर में पंचम सीमांत पर्वतीय जनपद बाल विज्ञान महोत्सव-2026

Fifth Frontier Hill District Children's Science Festival-2026 in Bageshwar

युवा और बाल इनोवेटरों के साथ संवाद, विज्ञान क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को किया सम्मानित

रविवार दिल्ली नेटवर्क

देहरादून : मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने बागेश्वर में पंचम सीमांत पर्वतीय जनपद बाल विज्ञान महोत्सव-2026 में युवा और बाल इनोवेटरों के साथ संवाद करने के साथ ही विज्ञान क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया। उन्होंने इस अवसर पर विज्ञान, तकनीक और नवाचार को बढ़ावा देने हेतु महत्वपूर्ण घोषणाएं भी की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के सभी जनपदों में साइंस और इनोवेशन सेंटर स्थापित करने, साइंस टेक्नोलॉजी इंजीनियरिंग मैथेमैटिक्स को एआई से जोड़ने, सभी ब्लॉक में लैब ऑन व्हील्स का संचालन किया जाएगा। इसके साथ ही सीमांत जनपद विज्ञान महोत्सव एवं संबंधित कार्यक्रमों के लिए एक करोड़ रुपये देने, महिला विज्ञान एवं विकास सम्मेलन आयोजित करने तथा विद्यालयों को रोबोटिक्स और ड्रोन शिक्षा से जोड़ने के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में डिजिटल इंडिया अभियान ने देश में तकनीकी विकास और नवाचार को नई गति दी है। इसी दिशा में उत्तराखण्ड में भी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स, ड्रोन टेक्नोलॉजी, कोडिंग, मशीन लर्निंग और ऑटोमेशन जैसी आधुनिक तकनीकों को प्रोत्साहित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।