दीपक कुमार त्यागी
- महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को नाथद्वारा के विधायक विश्वराज सिह मेवाड़ ने लिखा पत्र
- एफडीए द्वारा खुले दूध के व्यवसाय संबंधी लागू किए गए नियमों के पालन हेतु मेवाड़ संभाग मूल के प्रवासी दुग्ध व्यवसायियों को 9 माह की समय-सीमा प्रदान करने की मांग
नाथद्वारा : मेवाड़ संभाग के दुग्ध व्यवसायियों की समस्याओं को नाथद्वारा के विधायक विश्वराज सिह मेवाड़ महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखकर उठाया। पत्र में उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में पिछले कई दशकों से राजस्थान के मेवाड़ संभाग के राजसमंद, उदयपुर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़ एवं आसपास के क्षेत्रों के हजारों परिवार दुग्ध व्यवसाय से जुड़े हुए हैं। इन परिवारों ने अपनी मेहनत, ईमानदारी एवं सेवा भाव से महाराष्ट्र की दुग्ध आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
वर्तमान में एफडीए द्वारा खुले दूध के व्यवसाय को लेकर लागू किए जा रहे नए नियमों का हम पूर्ण सम्मान करते हैं। सभी दुग्ध व्यवसायी महाराष्ट्र सरकार की गाइडलाइन के अनुरूप अपना व्यवसाय संचालित करना चाहते हैं, किंतु अधिकांश प्रवासी दुग्ध व्यवसायी आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग से आते हैं। उनके लिए अल्प समय में पैकेजिंग मशीनरी, कोल्ड चेन, तकनीकी उपकरण, लाइसेंस एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं स्थापित करना अत्यंत कठिन है।
मेरे नाथद्वारा विधानसभा क्षेत्र सहित मेवाड़ संभाग के विभिन्न जिलों के अनेक परिवार रोजगार के लिए मुंबई एवं महाराष्ट्र के अन्य शहरों में दुग्ध व्यवसाय से जुड़े हुए हैं। अचानक लागू हो रहे नए प्रावधानों के कारण ये हजारों प्रवासी परिवार मानसिक रूप से चिंतित एवं तनावग्रस्त हैं। उन्हें अपने रोजगार एवं परिवार के भविष्य की चिंता सताने लगी है।
अतः आपसे विनम्र आग्रह है कि मानवीय एवं व्यावहारिक दृष्टिकोण अपनाते हुए मेवाड़ संभाग मूल के प्रवासी दुग्ध व्यवसायियों को एफडीए के नए नियमों का पालन करने हेतु कम से कम 9 माह की समय-सीमा प्रदान करने की कृपा करें। इस अवधि में वे महाराष्ट्र सरकार की गाइडलाइन के अनुरूप आवश्यक तकनीकी संसाधन, मशीनरी एवं अन्य व्यवस्थाएं विकसित कर पूर्ण रूप से नियमों का पालन करने में सक्षम हो सकेंगे। मुझे पूर्ण विश्वास है कि आपका संवेदनशील नेतृत्व हजारों मेहनतकश प्रवासी परिवारों की आजीविका की रक्षा करते हुए इस विषय पर सकारात्मक निर्णय लेगा।





