विजय गोयल की दिल्ली में बढ़ते नशे के कारोबार पर पुलिस आयुक्त से हुई अहम चर्चा

Vijay Goel holds a crucial discussion with the Police Commissioner regarding the growing drug trade in Delhi

रविवार दिल्ली नेटवर्क

पुलिस की मिलीभगत सामने आए तो हो कड़ी कार्रवाई, सांसद-विधायकों और पार्षदों को साथ लेकर नशा कारोबारियों की बने सूची

नई दिल्ली : भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय गोयल ने दिल्ली में तेजी से बढ़ते नशे के कारोबार और इसके दुष्प्रभावों को लेकर दिल्ली के पुलिस आयुक्त श्री अनुराग कुमार से महत्वपूर्ण मुलाकात कर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने के लिए पुलिस कार्रवाई को और अधिक सख्त एवं पारदर्शी बनाने पर जोर दिया गया।

मुलाकात के दौरान पुलिस आयुक्त से कहा गया कि नशे के कारोबार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के साथ-साथ जहां कहीं पुलिस की मिलीभगत सामने आए, वहां संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए। नशे के अवैध कारोबार को संरक्षण देने वालों पर कार्रवाई के बिना इस समस्या पर पूरी तरह अंकुश लगाना संभव नहीं है।

नशे के कारोबार की जड़ तक पहुंचने के लिए यह सुझाव भी दिया गया कि सांसदों, विधायकों और पार्षदों को विश्वास में लेकर उनके-अपने क्षेत्रों में नशे का कारोबार करने वाले लोगों की जानकारी जुटाई जाए। इससे पुलिस को स्थानीय स्तर पर नशे के नेटवर्क की पहचान करने और उसके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने में मदद मिल सकती है।