शिक्षा और खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चे केवल समाज ही नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र की धरोहर होते हैं – बबीता त्यागी

Children who excel in the fields of education and sports are an asset not only to society but to the entire nation – Babita Tyagi

दीपक कुमार त्यागी

गाजियाबाद में त्यागी जागृति समिति ने देश का गौरव बढ़ाने वाले शिक्षा और खेल जगत की 150 प्रतिभाओं का किया भव्य समारोह में स्वागत व सम्मान

गाजियाबाद : जनपद के लोहिया नगर स्थित हिंदी भवन में 26 जुलाई 2026 को त्यागी जागृति समिति द्वारा शिक्षा एवं खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल कर समाज और देश का गौरव बढ़ाने वाले लगभग 150 प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं का भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में सभी प्रतिभाओं को समाज की विशिष्ट हस्तियों द्वारा प्रतीक चिन्ह, प्रशस्ति-पत्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उच्च न्यायालय की न्यायाधीश बबीता त्यागी, उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश वीरेंद्र कुमार त्यागी, न्यायिक मजिस्ट्रेट शालिनी त्यागी तथा एसोमक ग्रुप के चेयरमैन आशीष त्यागी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

अपने प्रेरक संबोधन में न्यायाधीश बबीता त्यागी ने कहा कि शिक्षा और खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभाशाली बच्चे केवल अपने समाज ही नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र की अमूल्य धरोहर होते हैं। उन्होंने कहा कि त्यागी जागृति समिति द्वारा इन प्रतिभाओं को सम्मानित करने की यह पहल अत्यंत सराहनीय है। इन बच्चों के उत्साह, आत्मविश्वास और उपलब्धियों को देखकर पूर्ण विश्वास होता है कि आने वाले वर्षों में यही युवा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत और समाज का नाम नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।

उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश वीरेंद्र कुमार त्यागी ने कहा कि प्रतिभाओं को समय पर प्रोत्साहन मिलना उनकी सफलता की सबसे बड़ी आधारशिला होता है। उन्होंने समिति की इस पहल की सराहना करते हुए आश्वस्त किया कि समाज के मेधावी बच्चों के मार्गदर्शन और सहयोग के लिए वे सदैव अपनी पूरी क्षमता के साथ उनके साथ खड़े रहेंगे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता मास्टर ब्रह्मदत्त त्यागी (सिहानी) ने की। मंच संचालन समाज की प्रतिभाशाली बेटी कृतिका त्यागी ने समिति के प्रवक्ता अधिवक्ता शैलेन्द्र त्यागी एवं मुख्य सलाहकार अनिल त्यागी (मकरेड़ा) के साथ संयुक्त रूप से किया।

समारोह को समाज के वरिष्ठ मार्गदर्शक बाबा विद्यानंद त्यागी का विशेष आशीर्वाद प्राप्त हुआ। इस अवसर पर समिति के वर्तमान अध्यक्ष प्रेमचंद त्यागी, महासचिव अनिल त्यागी असालत नगर, कोषाध्यक्ष ध्यानेंद्र त्यागी, पूर्व अध्यक्ष धन प्रकाश त्यागी, उपाध्यक्ष अनिल त्यागी मुबारकपुर, राजकुमार काकड़ा, महेश त्यागी मोरटी, महेश त्यागी शाहपुर, सैंथली सहित समस्त कार्यकारिणी के पदाधिकारी एवं समाज के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे, जिनकी गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को और अधिक भव्य एवं प्रेरणादायी बना दिया।