सुषमा स्वराज की पुण्यतिथि पर केशवपुरम जिला कार्यालय में दी गई श्रद्धांजलि, अजय खटाना ने प्रखर नेतृत्व को किया याद

Tribute paid to Sushma Swaraj at the Keshavpuram district office on her death anniversary; Ajay Khatana recalls her dynamic leadership

रविवार दिल्ली नेटवर्क

नई दिल्ली:ओजस्वी वक्ता, सौम्यता व सादगी की प्रतिमूर्ति और पद्म विभूषण से सम्मानित दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय श्रीमती सुषमा स्वराज जी की पुण्यतिथि पर केशवपुरम जिला कार्यालय में एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के जिला केशवपुरम अध्यक्ष एडवोकेट अजय खटाना के नेतृत्व में जिला पदाधिकारियों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

श्रीमती सुषमा स्वराज जी के देशहित में किए गए कार्यों को याद करते हुए जिला अध्यक्ष एडवोकेट अजय खटाना ने कहा, “सुषमा जी का पूरा जीवन राष्ट्र सेवा और भारतीय संस्कृति के प्रति समर्पित रहा। वे एक ऐसी प्रखर वक्ता और जननेता थीं, जिन्होंने देश की राजनीति में शालीनता और सादगी की नई मिसाल पेश की। बतौर विदेश मंत्री उन्होंने दुनिया भर में भारत का मान बढ़ाया और संकट में फंसे हर भारतीय की मदद के लिए चौबीसों घंटे तत्पर रहीं। उनका ओजस्वी भाषण और मातृत्व रूप हमेशा हमारे दिलों में जिंदा रहेगा। उनका जीवन और विचार हम सभी कार्यकर्ताओं के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेंगे। “इस भावुक क्षण पर उपस्थित जिला पदाधिकारियों ने भी सुषमा स्वराज जी के राजनीतिक सफर और देश के प्रति उनके योगदान को याद किया। सभी ने देश निर्माण में उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।