उत्तराखण्ड परिवहन निगम के बेड़े में जुड़ी 59 नई साधारण बसें, सीएम ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

59 new ordinary buses added to the fleet of Uttarakhand Transport Corporation, CM flagged off

रविवार दिल्ली नेटवर्क

देहरादून : राज्य सरकार प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन सेवाओं के विस्तार एवं आधुनिकीकरण के लिए मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास से उत्तराखण्ड परिवहन निगम की 59 नई साधारण बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। बीएस-06 उत्सर्जन मानकों के अनुरूप इन नई बसों के परिवहन निगम के बेड़े में शामिल होने से प्रदेश की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी। साथ ही यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक परिवहन सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विशेष रूप से पर्वतीय एवं दुर्गम क्षेत्रों में बेहतर आवागमन सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि परिवहन निगम के बेड़े में नई बसों के शामिल होने से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और विभिन्न क्षेत्रों के बीच संपर्क मजबूत होगा।
उत्तराखण्ड परिवहन निगम की इन 59 नई बसों का आवंटन प्रदेश के तीन मंडलों में किया गया है। इनमें नैनीताल मंडल को 19, टनकपुर मंडल को 20 तथा देहरादून मंडल को 20 बसें आवंटित की गई हैं। इन बसों का संचालन आवश्यकता के अनुरूप विभिन्न मार्गों पर किया जाएगा, जिससे आमजन को बेहतर परिवहन सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। वर्तमान में उत्तराखण्ड परिवहन निगम के बेड़े में कुल 1,276 बसें संचालित हैं, जिनमें निगम की अपनी 891 तथा 385 अनुबंधित बसें शामिल हैं। नई बसों के शामिल होने से निगम की सेवाओं को और मजबूती मिलेगी। आधुनिक बीएस-06 उत्सर्जन मानकों के अनुरूप ये बसें पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी सकारात्मक योगदान देंगी।