दीपक कुमार त्यागी
गाजियाबाद : कोलंबिया कॉन्वेंट इंस्टीट्यूट, राज नगर एक्सटेंशन, गाजियाबाद द्वारा अभिभावकों एवं विद्यार्थियों के लिए “ध्यान द्वारा आत्म-सशक्तिकरण” विषय पर विशेष सत्र तथा श्री जगन्नाथ चैरिटेबल कैंसर अस्पताल के सहयोग से निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं कैंसर स्क्रीनिंग शिविर का आयोजन शनिवार, 14 नवंबर 2026 को विद्यालय परिसर में किया गया।
इस संयुक्त कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं समाज के लोगों में मानसिक स्वास्थ्य, आत्मविश्वास, तनाव प्रबंधन तथा शारीरिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
प्रातः सत्र में सुश्री डॉ अदिति सिंघल मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुई। वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ख्याति प्राप्त मेमोरी एवं सॉफ्ट स्किल्स विशेषज्ञ, गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड धारक, बेस्टसेलिंग लेखिका एवं डिजिटल वेलनेस कोच हैं। अपने 18 वर्षों से अधिक के अनुभव के आधार पर उन्होंने ध्यान के माध्यम से एकाग्रता, भावनात्मक शक्ति, सकारात्मक चिंतन एवं आत्म-जागरूकता विकसित करने के व्यावहारिक उपाय साझा किए।
उन्होंने बताया, किस प्रकार ध्यान विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को तनाव, चिंता तथा दैनिक जीवन की चुनौतियों से निपटने में सहायता करता है। साथ ही, अभिभावक एवं बच्चों के बीच संबंधों को सुदृढ़ बनाने तथा मन, बुद्धि एवं शरीर के बीच संतुलन एवं सामंजस्य स्थापित करने में भी ध्यान की महत्वपूर्ण भूमिका है।
इसके पश्चात श्री जगन्नाथ चैरिटेबल कैंसर अस्पताल के सहयोग से निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं कैंसर स्क्रीनिंग शिविर आयोजित किया गया।
शिविर में मुख कैंसर के प्रति जागरूकता एवं स्क्रीनिंग, स्तन कैंसर की स्क्रीनिंग, सामान्य होम्योपैथिक परामर्श, रक्तचाप, रक्त शर्करा एवं ऑक्सीजन स्तर की जांच की गई।
इस अवसर पर कैंसर जागरूकता पर विशेष सत्र भी आयोजित किया गया, जिसके पश्चात चिकित्सक द्वारा स्क्रीनिंग एवं परामर्श प्रदान किया गया। कार्यक्रम में पंजीकरण पूर्णतः निःशुल्क था।
डॉ. ललिता सिंह, प्रधानाचार्या, कोलंबिया कॉन्वेंट इंस्टीट्यूट ने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के सर्वांगीण विकास और कल्याण के प्रति संस्थान की प्रतिबद्धता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता तक सीमित न रहकर विद्यार्थियों के मानसिक, भावनात्मक एवं शारीरिक स्वास्थ्य को भी प्रोत्साहित करना है।
आयोजकों ने अभिभावकों, विद्यार्थियों एवं समाज के सभी वर्गों से इस सार्थक पहल में भाग लेने तथा स्वस्थ, प्रसन्न एवं आत्म-सशक्त जीवन की दिशा में सकारात्मक कदम बढ़ाने की अपील की है। डॉ रितिका सिंह, डॉ नवीन कुमार, डॉ मुदित गुप्ता तथा डॉ आनंद मिश्रा श्री जगन्नाथ अस्पताल से उपस्थित रहे।





