जहरीली हवा, धूम्रपान और घरेलू प्रदूषण बन रहे फेफड़ों के दुश्मन

Toxic air, smoking and domestic pollution are becoming enemies of the lungs.

हर साल नवंबर महीने के तीसरे बुधवार को ‘विश्व सीओपीडी दिवस’ मनाया जाता है, जो 18 नवंबर को ‘बेहतर जीवन के लिए शीघ्र निदान और प्रबंधन’ विषय के साथ मनाया जा रहा है। जहरीली होती हवा, घरों के भीतर जमा धुआं और धूम्रपान की आदत फेफड़ों के लिए गंभीर खतरा बन रहे हैं। सीओपीडी (क्रॉनिक ऑब्स्ट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज) जैसी जानलेवा बीमारी से बचाव के लिए केवल उपचार नहीं, समय पर निदान, प्रदूषण नियंत्रण और स्वच्छ जीवनशैली भी जरूरी है। आखिर स्वस्थ सांसों का अधिकार हर व्यक्ति को है।

योगेश कुमार गोयल

सांस लेना जीवन की सबसे सहज और स्वाभाविक क्रिया है लेकिन तेजी से बिगड़ते पर्यावरण और बदलती जीवनशैली ने आज इसी सहज प्रक्रिया को चुनौती बना दिया है। महानगरों में जहरीली हवा, घरों के भीतर धुएं का जमाव, तंबाकू का बढ़ता सेवन और कार्यस्थलों पर हानिकारक धूल-कणों का संपर्क धीरे-धीरे हमारे फेफड़ों को कमजोर कर रहा है। इसका एक गंभीर परिणाम ‘क्रॉनिक ऑब्स्ट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज’ (सीओपीडी) के रूप में सामने आ रहा है। यह फेफड़ों की ऐसी दीर्घकालिक बीमारी है, जिसमें सांस की नलियां संकरी हो जाती हैं, उनमें सूजन और बलगम जमा होने लगता है तथा फेफड़ों की वायुकोषिकाएं भी क्षतिग्रस्त हो सकती हैं। परिणामस्वरूप व्यक्ति को सांस लेने और सामान्य शारीरिक गतिविधियां करने में परेशानी होने लगती है। विडंबना यह है कि इस बीमारी की शुरुआत अक्सर इतनी धीमी होती है कि लोग इसके शुरुआती संकेतों को उम्र का असर, सामान्य खांसी या मौसम का बदलाव समझकर नजरअंदाज कर देते हैं।

विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार, वर्ष 2023 में दुनियाभर में सीओपीडी के कारण लगभग 34 लाख लोगों की मृत्यु हुई, जो वैश्विक स्तर पर मृत्यु का तीसरा प्रमुख कारण रही। यह आंकड़ा इस बीमारी की गंभीरता और इसके विरुद्ध समय रहते कदम उठाने की आवश्यकता को रेखांकित करता है। इसी उद्देश्य से प्रतिवर्ष नवंबर के तीसरे बुधवार को ‘विश्व सीओपीडी दिवस’ मनाया जाता है। इस वर्ष 18 नवंबर को मनाए जा रहे विश्व सीओपीडी दिवस की थीम है ‘बेहतर जीवन के लिए शीघ्र निदान और प्रबंधन’। ‘ग्लोबल इनिशिएटिव फॉर क्रॉनिक ऑब्स्ट्रक्टिव लंग डिजीज’ (गोल्ड) द्वारा निर्धारित यह विषय स्पष्ट संदेश देता है कि बीमारी की समय रहते पहचान और समुचित उपचार से मरीजों के जीवन की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार किया जा सकता है। सीओपीडी के प्रमुख रूपों में क्रॉनिक ब्रोंकाइटिस और एम्फीसेमा शामिल हैं। क्रॉनिक ब्रोंकाइटिस में सांस की नलियों की भीतरी परत में लगातार सूजन रहती है और अधिक बलगम बनने लगता है जबकि एम्फीसेमा में फेफड़ों की छोटी-छोटी वायुकोषिकाएं क्षतिग्रस्त होकर अपनी सामान्य लोच खोने लगती हैं। इन दोनों स्थितियों में फेफड़ों की कार्यक्षमता प्रभावित होती है और शरीर को पर्याप्त ऑक्सीजन पहुंचाने की प्रक्रिया कठिन हो जाती है।

सीओपीडी के सामान्य लक्षणों में लगातार खांसी, कफ बनना, सीढ़ियां चढ़ने या थोड़ी दूर चलने पर सांस फूलना, सीने में जकड़न, घरघराहट और असामान्य थकान शामिल हैं। बार-बार सांस संबंधी संक्रमण होना भी खतरे का संकेत हो सकता है। बीमारी बढ़ने पर व्यक्ति को आराम की अवस्था में भी सांस लेने में परेशानी होने लगती है। सीओपीडी का सबसे प्रमुख जोखिम कारक धूम्रपान है। सिगरेट, बीड़ी, हुक्का और अन्य तंबाकू उत्पादों का धुआं फेफड़ों की नाजुक संरचनाओं को लगातार नुकसान पहुंचाता है। हालांकि यह मानना गलत है कि केवल धूम्रपान करने वाले ही इस बीमारी की चपेट में आते हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार, निम्न और मध्यम आय वाले देशों में सीओपीडी के लगभग 30 से 40 प्रतिशत मामले तंबाकू धूम्रपान से जुड़े हैं और घरेलू वायु प्रदूषण भी एक प्रमुख जोखिम कारक है यानी धूम्रपान न करने वाले लोग भी प्रदूषित वातावरण में लंबे समय तक रहने के कारण इस बीमारी के शिकार हो सकते हैं। विशेष रूप से महिलाएं, बच्चे, बुजुर्ग और ऐसे लोग अधिक जोखिम में रहते हैं, जो वर्षों तक लकड़ी, कोयले, उपलों तथा फसल अवशेषों के धुएं के बीच खाना पकाते या काम करते हैं।

दिल्ली-एनसीआर की स्थिति इस चुनौती को और गंभीर बना देती है। सर्दियों के आगमन के साथ ही यहां वायु प्रदूषण का स्तर चिंताजनक स्थिति में पहुंच जाता है। वाहनों का धुआं, औद्योगिक उत्सर्जन, निर्माण स्थलों की धूल, सड़क की धूल, कचरा एवं पराली जलाने से निकलने वाला धुआं और मौसम संबंधी प्रतिकूल परिस्थितियां मिलकर हवा को जहरीला बना देती हैं। हवा में मौजूद सूक्ष्म कण विशेषकर पीएम 2.5 इतने छोटे होते हैं कि सांस के साथ फेफड़ों की गहराई तक पहुंच सकते हैं। इनके लंबे समय तक संपर्क में रहने से श्वसन तंत्र में सूजन और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा बढ़ता है। सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि प्रदूषण का संकट केवल घर से बाहर तक सीमित नहीं है। ग्रामीण क्षेत्रों में पारंपरिक चूल्हों से निकलने वाला धुआं, अपर्याप्त वेंटिलेशन वाली रसोई, घर के भीतर अगरबत्ती और धूप का अत्यधिक धुआं तथा तंबाकू का निष्क्रिय सेवन भी फेफड़ों के स्वास्थ्य को प्रभावित कर सकता है। दूसरी ओर, खदानों, कारखानों, निर्माण स्थलों, कपड़ा उद्योग और रासायनिक इकाइयों में काम करने वाले श्रमिक धूल, धुएं और हानिकारक रसायनों के लगातार संपर्क में रहते हैं। इसलिए सीओपीडी की रोकथाम के लिए केवल सिगरेट छोड़ने की सलाह पर्याप्त नहीं है बल्कि स्वच्छ घरेलू ईंधन, बेहतर रसोई वेंटिलेशन, कार्यस्थलों पर सुरक्षा उपकरण और स्वच्छ बाहरी वातावरण भी उतने ही जरूरी हैं।

इस बीमारी की सबसे बड़ी चुनौती इसका देर से पहचाना जाना है। बहुत से लोग लंबे समय तक खांसी और सांस फूलने को सामान्य समस्या मानकर स्वयं ही खांसी की दवाएं लेते रहते हैं। कुछ लोग उम्र बढ़ने के साथ शारीरिक क्षमता कम होने को स्वाभाविक समझकर चिकित्सकीय जांच नहीं कराते। सीओपीडी की पुष्टि के लिए स्पाइरोमेट्री नामक सांस की जांच सबसे महत्वपूर्ण है। इसमें व्यक्ति को एक उपकरण में जोर से सांस छोड़नी होती है, जिससे फेफड़ों की कार्यक्षमता और वायु प्रवाह में रुकावट का पता चलता है। केवल लक्षणों या छाती के एक्स-रे के आधार पर सीओपीडी की पुष्टि नहीं की जा सकती। विश्व स्वास्थ्य संगठन भी लक्षणों और जोखिम कारकों के आधार पर संदेह होने पर स्पाइरोमेट्री से निदान की पुष्टि करने की सलाह देता है। सीओपीडी का फिलहाल ऐसा कोई उपचार उपलब्ध नहीं है, जिससे फेफड़ों को हुआ नुकसान पूरी तरह समाप्त किया जा सके लेकिन इसका अर्थ यह नहीं कि मरीज सामान्य और सक्रिय जीवन नहीं जी सकते। समय पर निदान, नियमित उपचार और जीवनशैली में आवश्यक बदलाव से बीमारी की प्रगति को धीमा करने, लक्षणों को नियंत्रित करने तथा गंभीर स्थितियों से बचने में मदद मिल सकती है। चिकित्सक मरीज की स्थिति के अनुसार ब्रोंकोडाइलेटर और अन्य उपयुक्त इनहेलर दवाएं देते हैं, जो सांस की नलियों को खोलने और सूजन कम करने में सहायक होती हैं। जरूरत पड़ने पर ऑक्सीजन थैरेपी और पल्मोनरी रिहैबिलिटेशन की भी सलाह दी जा सकती है। नियमित शारीरिक गतिविधि, संतुलित पौष्टिक आहार और पर्याप्त आराम मरीज की जीवन गुणवत्ता बेहतर बनाने में सहायक हैं।

रोकथाम के स्तर पर सबसे पहला और महत्वपूर्ण कदम धूम्रपान तथा तंबाकू का पूर्ण त्याग है। घरों में स्वच्छ ईंधन का उपयोग, रसोई में उचित वेंटिलेशन, धुएं से बचाव और कार्यस्थलों पर मास्क तथा अन्य सुरक्षा उपकरणों का इस्तेमाल जरूरी है। दिल्ली-एनसीआर जैसे महानगरों में प्रदूषण नियंत्रण के लिए वाहनों और उद्योगों से होने वाले उत्सर्जन पर प्रभावी अंकुश, निर्माण स्थलों पर धूल नियंत्रण, सार्वजनिक परिवहन को प्रोत्साहन, हरित क्षेत्रों का विस्तार और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देना समय की मांग है। एयर प्यूरीफायर घर के भीतर कणों का स्तर घटाने में मदद कर सकते हैं लेकिन वे बाहरी प्रदूषण पर नियंत्रण या चिकित्सकीय उपचार का विकल्प नहीं हैं। यह समझना भी जरूरी है कि सीओपीडी केवल बुजुर्गों की बीमारी नहीं है। लंबे समय तक प्रदूषण के संपर्क में रहने, बचपन में बार-बार श्वसन संक्रमण होने, फेफड़ों के समुचित विकास में बाधा आने और कुछ आनुवंशिक कारणों से कम उम्र में भी इसका जोखिम हो सकता है। अल्फा-1 एंटीट्रिप्सिन नामक प्रोटीन की कमी इसका एक दुर्लभ आनुवंशिक कारण है। इसलिए उम्र या धूम्रपान की आदत को बीमारी की पहचान का एकमात्र आधार नहीं बनाया जाना चाहिए।

विश्व सीओपीडी दिवस हमें यह सोचने के लिए प्रेरित करता है कि हम आने वाली पीढ़ियों को कैसी हवा और कैसा पर्यावरण सौंप रहे हैं। जिस हवा के बिना जीवन की कल्पना संभव नहीं, उसी को हमने प्रदूषण, धुएं और जहरीले कणों से दूषित कर दिया है। ऐसे में सांसों का संकट केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य का विषय नहीं बल्कि सार्वजनिक स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और सरकारी नीतियों से जुड़ा गंभीर प्रश्न है। सीओपीडी से मुकाबले के लिए समय पर जांच और उपचार जितने आवश्यक हैं, उतना ही जरूरी प्रदूषण के मूल कारणों पर प्रहार करना भी है। स्वस्थ फेफड़ों की गारंटी केवल अस्पतालों और दवाओं से नहीं मिलेगी बल्कि इसके लिए स्वच्छ हवा, तंबाकूमुक्त समाज और पर्यावरण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का संकल्प लेना होगा। सांसें अनमोल हैं और उन्हें सुरक्षित रखना केवल व्यक्ति का नहीं, पूरे समाज का दायित्व है।