दीपक कुमार त्यागी
कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के नेताओं पर यतेन्द्र शर्मा ने साधा जमकर के निशाना
गाजियाबाद : गाजियाबाद में भारतीय जनता पार्टी के अल्पसंख्यक मोर्चा के कार्यक्रम में मुस्लिम समाज को संबोधित करते हुए भाजपा नेता यतेन्द्र शर्मा ने समाजवादी पार्टी के नेताओं पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने कहा कि कुछ नेता मुस्लिम समाज के लोगों को भड़काने और डराने का काम करेंगे। वे कहेंगे कि आपको खत्म कर दिया जाएगा, लेकिन सच्चाई यह है कि “खत्म वो हुए जो इंसानियत के दुश्मन थे।”
यतेन्द्र शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार की नीतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार ने किसी भी गरीब के साथ उसके धर्म के आधार पर अन्याय नहीं होने दिया। चाहे व्यक्ति किसी भी मजहब का हो, सरकारी योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव के दिया गया है।
उन्होंने अपनी बात को उदाहरण के जरिए समझाते हुए कहा कि जिस तरह सूरज की रोशनी किसी के साथ भेदभाव नहीं करती, उसी तरह मोदी और योगी सरकार की योजनाओं में भी किसी धर्म या समुदाय के खिलाफ भेदभाव नहीं किया गया।
शर्मा ने विपक्षी नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता को डराने और उकसाने की राजनीति करने वालों को पहचानने की जरूरत है। उनका संदेश साफ था कि समाज को नफरत और डर की राजनीति से ऊपर उठकर विकास और इंसानियत के रास्ते पर आगे बढ़ना चाहिए।





