गुलाबी नगरी जयपुर के 299वें स्थापना दिवस का समारोह

Celebration of 299th Foundation Day of Pink City Jaipur

  • राज्यपाल और स्पीकर ने दीप प्रज्जवलित कर किया समारोह का शुभारंभ
  • हास्य, व्यंग्य, ओज और वीर रस की कविताओं से गूंजा सभागार, कवियों की शानदार प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को किया मंत्रमुग्ध
  • स्पीकर देवनानी बोले- जयपुर की गौरवशाली विरासत, साहित्यिक परंपरा और सांस्कृतिक चेतना हमारी पहचान

रविवार दिल्ली नेटवर्क

जयपुर : राजस्थान की राजधानी और गुलाबी नगरी के नाम से विख्यात जयपुर के 299वें स्थापना दिवस समारोह के तहत मंगलवार को सायं बिरला ऑडिटोरियम में कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। राज्यपाल हरि भाऊ बागड़े और विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने जयपुर वासियों को बधाई दी। स्पीकर वासुदेव देवनानी ने कहा कि जयपुर का 299 वर्षों का गौरवशाली इतिहास केवल स्थापत्य कला, ऐतिहासिक धरोहरों और विकास की गाथा ही नहीं है, बल्कि यह साहित्य, संस्कृति, कला और भारतीय परंपराओं की समृद्ध विरासत का भी प्रतीक है। जयपुर ने सदैव अपनी विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान से देश-दुनिया में विशेष स्थान बनाया है। यहां की साहित्यिक परंपरा और सांस्कृतिक चेतना हमारी अमूल्य धरोहर है, जिसे संरक्षित करना और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी का दायित्व है। इस अवसर पर देश के विभिन्न हिस्सों से आए कवियों ने अपनी सशक्त, भावपूर्ण, ओजस्वी एवं हास्य-व्यंग्य से परिपूर्ण काव्य प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरा सभागार कविता, साहित्य और शब्दों की भावनात्मक अभिव्यक्ति से सराबोर नजर आया। कवियों की प्रस्तुतियों पर श्रोताओं ने तालियों के साथ उत्साहपूर्वक अपनी सराहना व्यक्त की।

इस मौके पर सुप्रसिद्ध वीर रस के कवि हरिओम पंवार (मेरठ), लोकप्रिय हास्य-व्यंग्य कवि श्री एहसान कुरैशी (मुंबई), दिनेश रघुवंशी (फरीदाबाद), सुरेश अलबेला (कोटा), श्री प्रियांशु गजेंद्र (बाराबंकी), श्री राव अजातशत्रु (उदयपुर) एवं कवयित्री दिपिका माही (चित्तौड़गढ़) ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुतियों से श्रोताओं का भरपूर मनोरंजन किया। कार्यक्रम का संयोजन एकेश पार्थ ने किया।