दीपक कुमार त्यागी
- आईएएस अधिकारी विक्रमादित्य सिंह मलिक वर्ष 2018 बैच के आईएएस अधिकारी हैं
- विक्रमादित्य सिंह मलिक को उपाध्यक्ष मेरठ विकास प्राधिकरण और संभागीय खाद्य नियंत्रक मेरठ का मिला है दायित्व
गाजियाबाद : गाजियाबाद नगर निगम के नगर आयुक्त के रूप में सितंबर 2023 से अपनी भूमिका का बखूबी से निर्वहन कर रहे तेजतर्रार विजनरी आईएएस अधिकारी विक्रमादित्य सिंह मलिक को उत्तर प्रदेश सरकार ने शुक्रवार की देर रात उपाध्यक्ष मेरठ विकास प्राधिकरण और संभागीय खाद्य नियंत्रक मेरठ के पद की जिम्मेदारी दी है। यहां आपको बता अप्रैल 2022 से वर्ष 2018 बैच के आईएएस अधिकारी विक्रमादित्य मलिक का गाजियाबाद में एक बेहद ही शानदार सफ़र शुरू हुआ था, उनको मुख्य विकास अधिकारी (CDO) के पद पर तैनाती मिली थी, फिर उन्होंने सितंबर 2023 में गाजियाबाद नगर निगम के नगर आयुक्त की जिम्मेदारी संभाली थी, लगभग साढ़े चार वर्ष के करीब गाजियाबाद में अपने सफ़र में उन्होंने नित-नये आयाम स्थापित करते हुए यादगार नज़ीर बनने वाली पारी खेलने का कार्य किया है।
विक्रमादित्य सिंह मलिक के द्वारा सीडीओ के रूप में गाजियाबाद में किये गये यादगार कार्यों की लिस्ट देखें तो उन्होंने केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं (जैसे समाज कल्याण विभाग की योजनाएं) को जमीनी स्तर तक प्रभावी रूप से पहुंचाने और छात्रों, व किसानों आदि तक इनका लाभ सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाए था। उन्होंने जनपद में कुल 85 अमृत सरोवरों का निर्माण और विकास पूरा कराया था, तालाबों को बेहतर बनाकर उनमें मत्स्य पालन जैसे कार्य शुरू करवाकर के सरकारी खजाने के लिए आय के नये स्रोत खोले थे। उन्होंने जनपद में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए उन्होंने पेशेंट रेफरल ट्रैकिंग मैनेजमेंट सिस्टम (PRTMS) की शुरुआत की, जिससे अस्पतालों में मरीजों की आवाजाही और रेफरल प्रक्रिया को सुगम व पारदर्शी बनाया जा सका। उनके कार्यकाल के दौरान गाजियाबाद में आई बाढ़ के दौरान उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों, बचाव अभियानों और प्रशासनिक समन्वय को बेहतरीन ढंग से संभाला था।
वहीं नगर आयुक्त के रूप में उनके कार्यकाल को देखें तो उन्होंने गाजियाबाद में जीडीए से इंदिरापुरम कॉलोनी का सफलतापूर्वक हस्तांतरण लिया जिस पर दशकों से सहमति नहीं बन रही थी, उन्होंने शहर में जगह-जगह पार्क, चौराहे व सड़कों का सौंदर्यकरण करवाया, उन्होंने
पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देते हुए नगर निगम में 50 नए इलेक्ट्रिक वाहन शामिल करवाये, शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने और वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए निरंतर विशेष अभियान चलाने का कार्य किया, कचरे के उचित प्रबंधन व निस्तारण के लिए आधुनिक वेस्ट मैनेजमेंट ट्रांसफर स्टेशन स्थापित किया, गोबर व प्लास्टिक के सदुपयोग के लिए प्रभावी कदम उठाए, जल संरक्षण के लिए कार्य किया, शिवभक्तों के लिए बेहतर व्यवस्था बनाते हुए विशाल काँवर शिविर की शुरुआत की, छट पूजा पर घाटों पर व्यवस्था करने का कार्य किया, गणेश पूजा के दौरान विसर्जन आदि की उचित व्यवस्था करवाई, दीपावली पर शहर को रोशनियों से जगमग कराने का कार्य किया, बृहद पौधारोपण व एक पेड़ माँ के नाम के अभियान को धरातल पर अमलीजामा पहनाया, शहर के निवासियों की निगम से जुड़ी छोटी व बड़ी समस्याओं के त्वरित और पारदर्शी तरीके से निस्तारण करने के लिए ‘संभव’ पोर्टल / जनसुनवाई प्रणाली को प्रभावी बनाया, शहर में सिंगल यूज प्लास्टिक पर सख्ती से रोक लगाने और इसके विकल्प के रूप में ‘बर्तन बैंक’ आदि की शुरुआत करने में अहम योगदान दिया और अब उम्मीद नहीं बल्कि पूरा विश्वास है कि वह मेरठ में अपनी नयी पारी में भी नज़ीर स्थापित करने का कार्य करेंगे।





