‘पाउडर’ में रेवती महुरकर का दमदार अंदाज!

Revati Mahurkar's powerful style in 'Powder'!

मुंबई (अनिल बेदाग): म्यूजिक वीडियो की चकाचौंध से निकलकर अब बड़े पर्दे की चुनौतीपूर्ण दुनिया में कदम रख रही अभिनेत्री रेवती महुरकर अपने करियर का नया अध्याय लिखने जा रही हैं। उनकी आगामी इंडिपेंडेंट थ्रिलर फिल्म ‘पाउडर’ उनके अभिनय सफर का एक अहम पड़ाव बनने वाली है। फिल्म में वह मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगी और फिलहाल इसका पोस्ट-प्रोडक्शन जारी है।

गुरु रंधावा, हार्डी संधू और प्रिंस नरूला जैसे लोकप्रिय कलाकारों के साथ म्यूजिक वीडियो में अपनी पहचान बना चुकीं रेवती के ‘कतल’ और ‘तेवर’ को करोड़ों व्यूज मिले हैं। अब वह छोटे पर्दे की कहानियों से आगे बढ़कर फीचर फिल्म में अपनी अभिनय क्षमता साबित करने को तैयार हैं।

निर्देशक हार्दिक शाह की फिल्म ‘पाउडर’ की सबसे बड़ी खासियत इसकी असामान्य शूटिंग प्रक्रिया रही। करीब 15 कलाकार और क्रू मेंबर्स एक ही कमरे में दस दिनों तक लगातार शूटिंग करते रहे। गर्मी, बंद एसी और 12 घंटे के लंबे शेड्यूल ने कलाकारों को वास्तविक बंधक जैसी परिस्थितियों का अनुभव कराया।

रेवती के मुताबिक, इस फिल्म ने उन्हें एक अभिनेत्री के रूप में खुद को नए सिरे से पहचानने का अवसर दिया। अब फिल्म फेस्टिवल्स और OTT रिलीज की तैयारी के बीच वह एक आगामी फीचर फिल्म के कमर्शियल सॉन्ग में भी नजर आने वाली हैं। उनके लिए ‘पाउडर’ सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि अभिनय की नई पहचान बनाने की शुरुआत है।