आईपीओ बाजार में सिम्बायोटेक की एंट्री
मुंबई (अनिल बेदाग): आईपीओ बाजार में एक और बड़ा नाम दस्तक देने जा रहा है। फार्मास्युटिकल क्षेत्र की कंपनी सिम्बायोटेक फार्मालैब लिमिटेड 1,757 करोड़ रुपये का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) लेकर आ रही है। कंपनी का आईपीओ 24 अगस्त 2026 को खुलेगा और 27 अगस्त 2026 को बंद होगा, जबकि एंकर निवेशकों के लिए बोली 21 अगस्त को होगी।
आईपीओ का प्राइस बैंड 938 से 988 रुपये प्रति इक्विटी शेयर तय किया गया है। निवेशक न्यूनतम 15 शेयरों के लिए बोली लगा सकेंगे और इसके बाद 15-15 शेयरों के गुणक में निवेश किया जा सकेगा। प्रत्येक शेयर का अंकित मूल्य 2 रुपये है। इस इश्यू में 150 करोड़ रुपये तक के नए शेयर जारी होंगे, जबकि मौजूदा शेयरधारक 1,607 करोड़ रुपये तक की बिक्री पेशकश (ओएफएस) करेंगे।
कंपनी के अनुसार, नए इश्यू से मिलने वाली शुद्ध राशि का इस्तेमाल बकाया कर्ज के पूरे या आंशिक पूर्व भुगतान/पुनर्भुगतान और सामान्य कारोबारी उद्देश्यों के लिए किया जाएगा। ओएफएस में सतवानी होल्डिंग्स एलएलपी , रोजवुड इन्वेस्टमेंट्स और इंडिया बिजनेस एक्सीलेंस फंड-3 शामिल हैं। कंपनी के शेयर बीएसई और एनएसई पर सूचीबद्ध किए जाने का प्रस्ताव है। कर्मचारी आरक्षण हिस्से में पात्र कर्मचारियों को प्रत्येक इक्विटी शेयर पर 90 रुपये की छूट भी मिलेगी। ऐसे में सिम्बायोटेक फार्मालैब का आईपीओ न सिर्फ फार्मा सेक्टर बल्कि पूरे प्राथमिक बाजार के निवेशकों के लिए भी खासा आकर्षण पैदा कर सकता है।





