भव्य वीएफएक्स का कैनवास, पर वैचारिक विचलन में उलझी ‘रामायण’

Canvas of grand VFX, but 'Ramayana' entangled in ideological deviation

दिलीप कुमार पाठक

नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ आखिरकार पर्दे पर आ गई है, और एक दर्शक एवं विश्लेषक के तौर पर मेरे मन में कई मिली-जुली भावनाएं हैं। कुल मिलाकर यह एक ऐसी फिल्म है जिसका लेखक और निर्देशक रावण के प्रति थोड़ा ज़्यादा उदार दिखते हैं। सच तो यह है कि लाख बहादुरी और विद्वत्ता के बाद भी रावण एक दुराचारी ही था; वह कोई बहुत अच्छा इंसान नहीं था। रावण को एक ऐसा किरदार बना देना जो अपनी क्रूरता से अधिक अपनी ‘महानता’ या ‘गलत समझे जाने वाले नायक’ के रूप में उभरे, मूल महाकाव्य की आत्मा के साथ वैचारिक छेड़छाड़ है। रावण वेदों का ज्ञाता और शिव भक्त ज़रूर था, लेकिन उसकी विद्वत्ता तब अर्थहीन हो जाती है जब हम उसके कुकृत्यों की फेहरिस्त देखते हैं। निर्देशक ने कई जगह उसके कृत्यों के पीछे वैचारिक औचित्य ढूंढने की कोशिश की है, जो कि रामायण के मूल दर्शन के खिलाफ है।

फिर भी, इस फिल्म को ज़रूर देखा जाना चाहिए। तकनीक, वीएफएक्स और वर्चुअल प्रोडक्शन के मामले में यह आज के ज़माने की एक ग्लोबल स्तर की फिल्म है, जो नया क्लास स्थापित करती है। फिल्म मेकिंग के लिहाज़ से यह भले ही पूर्ण या मास्टरपीस न हो, लेकिन पूरी तरह से कमज़ोर भी नहीं है। अगर कुछ बारीक चीज़ों और स्क्रीनप्ले पर थोड़ा और काम कर लिया जाता, और तथ्यों से छेड़छाड़ न की जाती, तो यह वाकई इतिहास की सबसे बेहतरीन फिल्मों में शुमार हो जाती।

भगवान राम का व्यक्तित्व इतना विशाल है कि जब कोई रचनाकार इसे अपने अंदाज़ में रचता है, तो उसमें निर्देशक का विज़न तो दिखता ही है, लेकिन यहाँ निर्देशक ने कहानी को राम के नज़रिए से कम, रावण के नज़रिए से ज़्यादा दिखाया है। रामायण जैसी विराट गाथा को महज़ तीन घंटे या दो भागों में समेटना आसान नहीं था। अगर यह फिल्म एक प्रॉपर ट्रायोलॉजी यानी तीन भागों में बनती, तो अहिल्या उद्धार, माता अनुसुइया के प्रसंग और विशेष तौर पर राजा दशरथ जी के वियोग, भरत जी की वेदना और केवट प्रसंग को वो गहरा और सार्थक स्पेस मिलता, जो इस महाकाव्य की असली आत्मा है।

इन प्रसंगों का अपना एक दार्शनिक और भावनात्मक महत्व है। राजा दशरथ का पुत्र-मोह और उनके वियोग में प्राण त्यागना केवल एक राजा की मृत्यु नहीं, बल्कि धर्म और वचन के पालन की वह कीमत है जो एक पिता को चुकानी पड़ी। वहीं, भरत जी का चरित्र त्याग, निष्ठा और भाई के प्रति अगाध प्रेम का सर्वोच्च प्रतीक है – जिन्होंने सिंहासन मिलने के बावजूद खड़ाऊँ रखकर चौदह वर्ष तक एक संन्यासी का जीवन बिताया। इसके अलावा, निषादराज केवट और भगवान राम का प्रसंग ख़ासकर चरण धोने की वह अलौकिक घटना इस बात का गवाह है कि ईश्वर भक्त के प्रेम के आगे विवश हैं और यहाँ कोई छोटा-बड़ा नहीं होता। जब ये प्रसंग फिल्म में छूट जाते हैं, तो कहानी सतही लगने लगती है, जबकि यही भाव इस कथा को ‘महाकाव्य’ बनाते हैं।

तथ्यों से छेड़छाड़ के मामले में सूर्पनखा और उसके पति की हत्या के प्रसंग पर भी गौर करना होगा। वाल्मीकि रामायण के अनुसार, सूर्पनखा के पति विद्युतजिह्व का वध रावण ने खुद अपने राजनीतिक और पारिवारिक लालच वश यानि कालकेय राजाओं से संबंध और संघर्ष के चलते छल से किया था। इस क्रूर पारिवारिक सत्य को दबाकर सूर्पनखा के भीतर राम-लक्ष्मण के प्रति उपजे प्रतिशोध के मूल कारण को धुंधला कर दिया गया है। साथ ही, फिल्म में सूर्पनखा के रुख और आधुनिक ह्यूमर को जिस तरह गढ़ा गया है, वह आज के दौर के सिनेमाई चश्मे से नया लग सकता है, लेकिन यह उस क्रूर राक्षसी के चरित्र से मेल नहीं खाता जो सीधे सीता पर आक्रमण करने आई थी।

अभिनय की बात करें तो, पूरी रामायण में रवि दुबे ने लक्ष्मण के किरदार में जान फूंक दी है। उन्होंने जिस सहज ह्यूमर, कॉमिक टाइमिंग और ऊर्जा को पर्दे पर उतारा है, वह फिल्म में एक खूबसूरत तड़के की तरह काम करती है। एक भारी-भरकम और गंभीर सिनेमैटिक टोन के बीच उनका यह अंदाज़ दर्शकों को बेहतरीन ब्रीदिंग स्पेस देता है, जिससे फिल्म बोझिल नहीं होती। इसके अलावा, जटायु के प्रसंग को जिस शानदार स्केल और वीएफएक्स के साथ गढ़ा गया है, वह वाकई अचंभित करने वाला है।

यश ने रावण के किरदार को बहुत इंटेंसिटी के साथ निभाया है। हालांकि पटकथा के पहले भाग में रावण मुख्यतः अपने गुस्से और अग्रेशन में ही नज़र आते हैं, जिसमें थोड़ी एकरसता आती है, फिर भी उनकी स्क्रीन प्रेजेंस कमाल की है। तथ्यों को अगर दरकिनार कर दिया जाए तो रकुल प्रीत ने सूर्पनखा की भूमिका को गहराई दी है, और लारा दत्ता ने माता कैकेयी के रूप में सीमित स्पेस में भी अपने जबरदस्त अभिनय से जान डाल दी है।

रणबीर कपूर ने राम के किरदार में बेजोड़ सौम्यता डाली है। क्लाइमेक्स के करीब जब उनके मुँह से वह भावुक संवाद निकलता है – ‘यह कैसा भाग्य है लक्ष्मण? क्यों चुना गया है मुझे… अगर यही मेरा भाग्य है, तो मुझे यह स्वीकार्य नहीं है, मैं आज से अपना भाग्य स्वयं लिखूंगा…’ – तो वह बेहद अद्भुत बन पड़ता है।

इस बार सीता का किरदार बेहद सशक्त रूप में गढ़ा गया है; वह केवल अबला नहीं, बल्कि ताकतवर, बहादुर और स्वतंत्र व्यक्तित्व वाली हैं। हाँ, संवादों के स्तर पर कमी ज़रूर खटकती है – कई जगहों पर भाषा महाकाव्य के वज़न के मुकाबले थोड़ी सपाट और साधारण लगती है। अगर संवादों में थोड़ा और काव्यात्मक ओज होता, तो प्रभाव दोगुना हो जाता।

अगर यह कोई सामान्य कहानी होती, तो मैं इसे 7 अंक देता; लेकिन चूँकि यह रामायण है और इतने बड़े बजट के बाद भी इतिहास-पुराण के तथ्यों से छेड़छाड़ और ऐसी त्रुटियां रह गई हैं, इसलिए मैं इसे 5 से ज़्यादा नहीं दे सकता। एक दर्शक के रूप में मैं इसे रामानंद सागर की रामायण का चश्मा उतारे बिना एक बेहतरीन आधुनिक फिल्म के तौर पर ज़रूर याद रखूँगा।