- स्मृति को उम्मीद भारत की कप्तान के रूप में न्याय कर पाएंगी
- जिम्बाब्वे के खिलाफ टी 20 सीरीज से स्मृति करेंगी तीनों फॉर्मेट में कप्तानी का आगाज
सत्येन्द्र पाल सिंह
नई दिल्ली : दुनिया की बेहतरीन ओपनिंग बैटर स्मृति मंधाना ने हरमनप्रीत कौर से बतौर कप्तान क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट -टेस्ट , वन डे अंतर्राष्ट्रीय और टी 20 अंतर्राष्ट्रीय – में भारत की नई महिला कप्तान की जिम्मेदारी अभी हाल ही में संभाली है। हरमनप्रीत कौर ने अपनी कप्तानी में भारतीय महिला क्रिकेट टीम को निशिन (जापान) में लगातार दूसरी बार एशियाई खेलों में महिला टी 20 क्रिकेट में स्वर्ण पदक जिताने के बाद क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में कप्तानी छोड़ दी थी। हरमनप्रीत कौर हालांकि बतौर क्रिकेट अभी भी भारत के खेलना जारी रखेंगी। तीनों फॉर्मेट में स्मृति मंधाना भारत की नई कप्तान के रूप टी 20 अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी पारी का आगाज रायपुर(छत्तीसगढ़) में मेहमान जिम्बाब्वे के खिलाफ शुक्रवार को तीन टी 20 अंतर्राष्ट्रीय मैचों की सीरीज के पहले मैच से करेगी। भारत के स्मृति मंधाना क्रिकेट युग के लिए मंच तैयार है। स्मृति मंधाना ने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में भारत के लिए कुल 18 शतकों के साथ 11066 रन बनाए हैं। भारत के लिए कप्तान स्मृति मंधाना का क्रिकेट युग बेशक अपनी पूर्ववर्ती कप्तान हरमनप्रीत कौर से अलग होगा।
स्मृति मंधाना ने उम्मीद जताई कि भारत की कप्तान के रूप में न्याय कर पाएंगी। स्मृति जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन टी 20 अंतर्राष्ट्रीय मैचों की सीरीज में भारत की कप्तानी करने के साथ इसके तुरंत बाद उसके खिलाफ तीन वन डे अंतर्राष्ट्रीय मैचों में भी भारत की कप्तान की जिम्मेदारी संभालेंगी। जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीम मेजबान भारत के खिलाफ पहली बार द्विपक्षीय सीरीज खेलेगी। रायपुर पहली बार किसी महिला अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैच की मेजबानी करेगा। स्मृति मंधाना की कप्तानी में भारतीय महिला क्रिकेट नए अध्याय का आगाज करेगी। स्मृति मंधाना ने क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में भारतीय महिला टीम की कप्तानी संभालने पर कहा,‘ मैं यह नहीं कहूंगी कि कप्तानी मेरी लिए एकदम नई जिम्मेदारी पर लेकिन मैं इसकी बाट जोह रही थी।’
स्मृति मंधाना के सामने आगे सबसे पहले 2027 में होने वाली महिला चैंपियंस ट्रॉफी क्रिकेट, 2028 में लॉस एंजेल्स ओलंपिक व आईसीसी टी 20 महिला क्रिकेट विश्व कप में उसे चैंपियन बनाने की चुनौती होगी। भारत पिछले दो टी 20 महिला क्रिकेट विश्व कप में नॉकआउट में नहीं पहुंच पाया था।स्मृति मंधाना के लिए कप्तानी कोई नई जिम्मेदारी नहीं है और घरेलू क्रिकेट में महाराष्ट्र की कप्तानी करने के साथ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलौर (आरसीबी) को दो वूमन प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) क्रिकेट खिताब जिता चुकी है। इस पहले स्मृति 18 टी 20 अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैचों की भारत की कप्तानी कर चुकी हैं और इनमें वह टीम को 11 में जीत दिला चुकी हैं और मात्र छह मैच हारी हैं। हरमनप्रीत कौर के चोट के चलते बाहर होने पर सात बरस पहले सबसे पहले उन्होंने गुवाहाटी में इंग्लैंड के खिलाफ भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तानी की थी। 30 बरस की स्मृति मंधाना को भारत की क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में कप्तानी तब मिली हैं जब वह बतौर बैटर अपने क्रिकेट करियर के बेहतरीन दौर में हैं। बीते तीन बरस में स्मृति मंधाना ने टी 20 अंतर्राष्ट्रीय मैचों में दो शतक और 15 अर्द्बशतक जड़े हैं। स्मृति भारत के लिए 12 बरस से ज्यादा से अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट खेल रही हैं। स्मृति मंधाना बेशक इस समय भारत ही नहीं दुनिया की सर्वश्रेष्ठ बैटर में से एक हैं लेकिन बस बड़ा सवाल यही है कि कप्तानी की अतिरिक्त जिम्मेदारी मिलने पर क्या वह बल्लेबाजी की अपनी लय बरकरार रख पाएंगी? इसका जवाब बहुत हद तक फरवरी, 2027 में होने वाली पहली महिला चैंपियंस ट्रॉफी क्रिकेट तक मिलने की आस की जा सकती है।
भारतीय महिला टीम की खुशकिस्मती है कि कप्तान स्मृति मंधाना क्रिकेट युग में उनके साथ कदमताल करने को पूरे रंग में चल रही उनकी सलामी जोड़ीदार व उपकप्तान शैफाली वर्मा भी मुस्तैद खड़ी हैं। शैफाली वर्मा ने भारत के लिए पिछले पांच टी 20 अंतर्राष्ट्रीय मैचों में एक शतक और दो अर्द्धशतकों की मदद से दो बार अविजित रह कुल 320 रन बनाए हैं। कप्तान स्मृति मंधाना व उनकी सलामी जोड़ीदार उपकप्तान शैफाली वर्मा भारतीय महिला टीम को आगे बढ़ाने के लिए इसी तरह अपनी शानदार फॉर्म को आगे भी जारी रखना चाहेंगी। तीसरे नंबर पर खेलने वाली जेमिमा रॉड्रिग्ज के जांघ की चोट के चलते बाहर रहने पर भारत के लिए बस एक पहेली यही होगी कि उनकी जगह किसे उतारा जाए? जेमिमा के बाहर रहने पर भारत ने तीसरे नंबर पर एशियाई खेलों में जी कमलिनी और प्रतीका रावल को आजमाया, लेकिन दोनो ही कुछ खास नहीं कर पाई। भारत अब जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन टी 20 अंतर्राष्ट्रीय मैचों की सीरीज में निकी प्रसाद और अनुष्का शर्मा के भारत ए के लिए ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ दमदार प्रदर्शन के मद्देनजर मौका दे सकता है। ऑफ स्पिन ऑलराउंडर श्रेयंका पाटील के चोट के चलते एक बार फिर बाहर होने के बाद भारत लेग स्पिनर प्रेमा रावत को जिम्बाब्वे के खिलाफ एकादश में शामिल कर सकता है। पूर्व कप्तान हरमनप्रीत कौर ,विकेटकीपर बैटर ऋचा घोष और दीप्ति शर्मा के रूप में भारत का मजबूत मध्यक्रम है। साथ दीप्ति के साथ प्रेमा व श्रीचारिणी के रूप में स्पिन त्रिमूर्ति के साथ यंग क्रांति गौड़ और नंदिनी शर्मा के रूप में तेज गेंदबाजों की मजबूत जोड़ी है।
जिम्बाब्वे की महिला टीम बीते महीने वेस्ट इंडीज महिला टीम पर ऐतिहासिक महिला वन डे अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैच में जीत के साथ भारत आई है। जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीम को इस साल टी 20 अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में अभी अपनी पहली जीत का इंतजार है क्योंकि वह इस साल इस फॉर्मेट में वह अपने सभी 18 मैच हार चुकी है। भारत ने अभी हाल ही में अपने पिछले सभी पांचों टी 20 अंतर्राष्ट्रीय मैच जीते हैं । वहीं जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीम अपने सभी पिछले पांचो टी 20 अंतर्राष्ट्रीय मैच हार कर भारत आई है। जिम्बाब्वे ने वेस्ट इंडीज के खिलाफ सितंबर- अक्टूबर में खेलने वाली ही अपनी टीम को भारत के खिलाफ टी 20 सीरीज के लिए बरकरार रखा है। जिम्बाब्वे की बल्लेबाजी उसकी शीर्ष क्रम की बैटर केिलस नडलू, बिल्वड बीजा, छिपद मुगरी-तिरिपाने पर निर्भर करेगी। जिम्बाब्वे की गेंदबाजी की कमान मिचेली मवुंगा, क्रिस्टाइन मुताजा , तेंदेई माकूसा, नवोतवेलो सिबांदा और कुदजई चिगोरा पर निर्भर करेगी जबकि स्पिन की कमान ऑलराउंडर नयाशा गक्षवानजुरा और लारयन फिरी और बिलव्ड बिजा संभालेंगी। भारत ने ऑस्ट्रेलिया से इस जून में हारने के बाद अपने लगातार आठ टी 20 अंतर्राष्ट्रीय मैच जीते हैं। वहीं जिम्बाब्वे ने अपना आखिरी टी 20अंतराष्ट्रीय मैच सितंबर, 2025 में नामिबिया के खिलाफ जीता था। जिम्बाब्वे के लिए इस साल टी 20 अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा 47 विकेट चटकाने वाली भारत की बाएं हाथ की स्पिनर श्रीचारिणी, अनुभवी ऑफ स्पिनर दीप्ति शर्मा और लेग स्पिनर प्रेमा रावत से पार पाना बेहद मुश्किल चुनौती होगा।
’भारत की कप्तानी संभालने से बल्लेबाजी का अंदाज नहीं बदलेगा’
‘भारतीय महिला टीम की मैदान पर कप्तानी करने संभालने से मेरी बल्लेबाजी का अंदाज नहीं बदलेगा। जब मैं 15 बरस की थी तब मेरे कोच ने मुझसे कहा था कि मैं जेहनी तौर पर कप्तान के रूप में पारी की पूरी जिम्मेदारी समझ कर बल्लेबाजी से करूं। हरमनप्रीत कौर ने लंबे समय भारत की कप्तानी की और भारतीय टीम की सबसे अनुभवी खिलाड़ी हैं। हरमनप्रीत का मार्गदर्शन और समर्थन हमेशा बेशकीमती रहेगा। हममें आपस में यह सार्थक चर्चा हो चुकी है कि हम भारतीय क्रिकेट को कहां ले जाना चाहते हैं और दीर्घकालिक कामयाबी के लिए क्या कदम उठाने की जरूरत है। इससे पहले मैं करीब एक दशक से भारत की उपकप्तान रह चुकी हूं और ऐसे लीडरशिप का रोल मेरे लिए एकदम अलग कतई नहीं होगा। भारतीय टीम की कप्तानी करना एक बड़ी जिम्मेदारी है और इसे लेकर रोमांचित हूं। मुझे उम्मीद है कि कप्तान की जिम्मेदारी से मैं पूरी तरह न्याय कर पाउंगी। -स्मृति मंधाना, भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान
पहला टी 20 अंतर्राष्ट्रीय: भारत वि जिम्बाब्वे, रायपुर (शाम सात बजे से)।





