मोदीनगर के तलहेटा के बाबा के धाम में उजाले के लिए महन्त बैठे आमरण अनशन पर!

Mahant sat on fast unto death for light in Baba's Dham of Talheta, Modinagar!

दीपक कुमार त्यागी

समाधि लग जाएगी, पर बिजली लेकर ही उठेंगे – श्रीमहंत यति रणसिंहानन्द गिरी महाराज

मोदीनगर : गाजियाबाद के मोदीनगर के तलहेटा बिजलीघर पर 16 नवंबर 2026 प्रातः 10 बजे से श्रीमहंत यति रणसिंहानन्द गिरी महाराज, महन्त – सिद्धपीठ टिक्की वाले बाबा मन्दिर, तलहेटा अपने गुरु भाइयों सहित तलहेटा बिजलीघर के गेट पर आमरण अनशन पर बैठ गए हैं। महन्त जी के साथ यति धर्मानंद गिरी महाराज, यति परमात्मानंद गिरी महाराज और यति योगानन्द गिरी महाराज भी अनशन पर बैठे हैं। धरने पर सैकड़ों ग्रामवासी, भक्तगण और साधु-संत मौजूद रहे।

धरने पर श्रीमहंत यति रणसिंहानन्द गिरी महाराज ने साफ शब्दों में कहा “हम सन्यासियों की समाधि लग जाएगी, लेकिन यहाँ से सिद्धपीठ टिक्की वाले बाबा मन्दिर के लिए रात्रिकालीन स्थाई बिजली लेकर ही उठेंगे।”

उन्होंने कहा कि “ये अनशन किसी के खिलाफ नहीं है। ये बाबा के धाम में उजाला लाने के लिए है। मन्दिर में ट्रांसफार्मर लगा है, फिर भी रात को बिजली नहीं आती। रात भर मन्दिर अंधेरे में रहता है, साधु-संतों और भक्तों की सुरक्षा का संकट है।”

“हमने कई बार पत्र दिए, हर बार आश्वासन मिला, समाधान नहीं मिला। अब जब तक लिखित में स्थाई बिजली का आदेश नहीं मिलेगा, हम यहाँ से नहीं उठेंगे।”

महन्त जी ने कहा कि सावन और महाशिवरात्रि में लाखों भक्त आते हैं, रात में पूजा-पाठ, भजन-कीर्तन होता है, लेकिन अंधेरे के कारण सब बाधित होता है।

यति धर्मानंद गिरी महाराज (बाबा सीताराम कुटी मन्दिर, मेरठ) ने कहा कि “मन्दिर अंधेरे में नहीं रह सकता। संतों की सुरक्षा और भक्तों की आस्था का सवाल है। हम महन्त जी के साथ हैं, जब तक मांग पूरी नहीं होगी, साथ बैठेंगे।”

यति परमात्मानंद गिरी महाराज ने कहा कि “सन्यासियों ने जब प्रण ले लिया है, तो पीछे हटने का सवाल ही नहीं है। प्रशासन को तुरंत स्थाई बिजली का आदेश देना चाहिए।”

यति योगानन्द गिरी महाराज (टिक्की वाले बाबा मन्दिर) ने कहा कि “हम रोज रात को अंधेरे में पूजा करते हैं, भक्त डरते हैं। ये लड़ाई उजाले की लड़ाई है, हम सब महन्त जी के साथ डटे रहेंगे।”

वहीं धरने पर मौजूद ग्रामवासियों ने कहा कि महन्त जी अकेले नहीं हैं, पूरा गांव और क्षेत्र उनके साथ है। जब तक मन्दिर को रात की स्थाई बिजली नहीं मिलेगी, वे धरने पर डटे रहेंगे। इस मौके पर जयनन्द प्रधान, सतवीर त्यागी, लीलापत्थ त्यागी, बिट्टू त्यागी, डॉ अजय त्यागी ,गौरव त्यागी, दीपक त्यागी समेत सेकड़ो ग्रामवासी मौजूद रहे।