रविवार दिल्ली नेटवर्क
- तेलंगाना की खूबसूरती को मिलेगा राष्ट्रीय मंच, फेमिना मिस इंडिया तेलंगाना 2027 का शानदार आगाज़
- तेलंगाना की बेटियों के लिए खुला मिस इंडिया का बड़ा मंच
हैदराबाद/मुंबई : तेलंगाना की खूबसूरती, प्रतिभा और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय मंच देने की दिशा में एक नई और ग्लैमरस शुरुआत हुई है। हैदराबाद में फेमिना मिस इंडिया तेलंगाना 2027 का आधिकारिक लॉन्च किया गया। मिस इंडिया ऑर्गनाइजेशन और मेघा सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड की इस पहल का लक्ष्य राज्य की नई पीढ़ी की आत्मविश्वासी और प्रतिभाशाली युवतियों को पेजेंट्री की दुनिया में आगे बढ़ने का अवसर देना है।
लॉन्च समारोह में फेमिना मिस इंडिया साउथ 2026 इंदु फाल्गुणी और फेमिना मिस इंडिया तेलंगाना 2024 प्रकृति कंबम विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुईं। दोनों ने प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाते हुए अपने मिस इंडिया सफर के अनुभव साझा किए। जिलानी ग्रुप के चेयरमैन एवं चीफ एडवाइजर एमकेएचएच जिलानी ने कहा, “तेलंगाना की अपनी मजबूत पहचान, समृद्ध संस्कृति और प्रतिभा है। फेमिना मिस इंडिया तेलंगाना 2027 हमारी विरासत और युवा पीढ़ी की आकांक्षाओं के बीच खूबसूरत सेतु बन सकता है।”
यह आयोजन सिर्फ खूबसूरती का मुकाबला नहीं, बल्कि तेलंगाना की कला, हथकरघा, खान-पान, परंपराओं, त्योहारों और आधुनिक सोच को सेलिब्रेट करने वाला मंच भी होगा। ऑडिशन अक्टूबर-नवंबर 2026 में विभिन्न चरणों में आयोजित किए जाने की योजना है, जबकि ग्रैंड फिनाले दिसंबर में हैदराबाद में संभावित है।
इंदु फाल्गुणी और प्रकृति कंबम ने भी युवा प्रतिभाओं को आत्मविश्वास के साथ इस सफर का हिस्सा बनने के लिए प्रेरित किया। इस मंच से चुनी गई प्रतिभाओं के लिए मॉडलिंग, फैशन, एंटरटेनमेंट और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पेजेंट्री की दुनिया में नए अवसरों के दरवाजे खुल सकते हैं।





