शेखावाटी हेरिटेज एवं विकास समिट-2026 में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा होंगे मुख्य अतिथि

Chief Minister Bhajanlal Sharma will be the chief guest at Shekhawati Heritage and Development Summit-2026.

एन जी भट्ट

जयपुर/नई दिल्ली : राजस्थान के शेखावाटी क्षेत्र की हवेलियों और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, विकास एवं क्षेत्रीय प्रगति को नई दिशा देने के उद्देश्य से शेखावाटी फाउंडेशन की ओर से ‘शेखावाटी हेरिटेज एवं विकास समिट-2026’ का आयोजन 24 अक्टूबर, शनिवार को जयपुर के आरएएस क्लब में अपराह्न 3 :30 बजे किया जाएगा। कार्यक्रम में राजस्थान के मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

शेखावाटी फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद कुमार गोयल, राष्ट्रीय महामंत्री गजानन्द शर्मा और राष्ट्रीय संयोजक हरि शर्मा और राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष प्रकाश अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्र की विकास योजनाओं, शेखावाटी की ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण, पर्यटन की संभावनाओं तथा आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर चर्चा होगी।

राजस्थान के मुर्घन्य कलाविद के सी मालू को भी फाउंडेशन का पदाधिकारी बनाया गया था लेकिन उनके असामयिक निधन के बाद उनके पुत्र हेमजीत मालू को कार्यकारिणी में शामिल किया है।शेखावाटी फाउंडेशन के संस्थापक सदस्यों में विनोद कुमार गोयल, राजेंद्र प्रसाद शर्मा, सुरेश चंद्र अग्रवाल, महेश कुमार जांगिड़, ओमप्रकाश बंसल और रमेश चंद्र गोयल शामिल हैं। इसके अलावा राष्ट्रीय, प्रदेश और जिला स्तर पर भी संगठन के पदाधिकारी सक्रिय है।

समिट का उद्देश्य शेखावाटी की समृद्ध सांस्कृतिक पहचान को सहेजते हुए क्षेत्र में विकास की संभावनाओं को प्रोत्साहित करना है।आयोजकों के अनुसार, शेखावाटी की ऐतिहासिक हवेलियों, मंदिरों, लोक परंपराओं और स्थापत्य कला को संरक्षित कर पर्यटन के माध्यम से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देने की व्यापक संभावनाएँ हैं।

समिट में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, उद्योगपतियों, शिक्षाविदों, पर्यटन विशेषज्ञों और विरासत संरक्षण से जुड़े लोगों के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम के माध्यम से क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों तथा विकास से जुड़े लोगों के बीच संवाद को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा।

शेखावाटी अपनी विशिष्ट हवेली स्थापत्य कला, भित्तिचित्रों, ऐतिहासिक स्थलों और समृद्ध लोक संस्कृति के लिए देश-विदेश में पहचान रखता है। ऐसे में विरासत संरक्षण के साथ आधुनिक विकास को जोड़ना क्षेत्र के लिए रोजगार, पर्यटन और आर्थिक प्रगति के नए अवसर सृजित कर सकता है।

समिट के आयोजन से उम्मीद बंधी है कि समिट से शेखावाटी की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने तथा विकास संबंधी प्राथमिकताओं पर सार्थक संवाद का एक मंच तैयार होगा। शेखावाटी की ऐतिहासिक हवेलियों, मंदिरों, लोक परंपराओं और स्थापत्य कला को संरक्षित कर पर्यटन के माध्यम से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देने की व्यापक संभावनाएँ हैं।

फाउंडेशन की ओर से राजस्थान की भजन लाल सरकार द्वारा शेखावाटी क्षेत्र में यमुना जल परियोजना, चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार, क्षेत्रीय आधारभूत संरचना और शेखावाटी में पर्यटन एवं विरासत संरक्षण से किए जा रहे कार्यों की सराहना की गई हैं।