गीता के श्लोकों से संवर रहा नई पीढ़ी का भविष्य, चिन्मय मिशन ने रचा आध्यात्मिक इतिहास

The future of the new generation is being shaped by the verses of Gita, Chinmaya Mission created spiritual history

  • 19 राज्यों के 160 नन्हे साधकों ने गूंजाया गीता का संदेश, चिन्मय आंदोलन के 75 साल का भव्य उत्सव
  • बच्चों ने सुरों में पिरोया भक्ति और संस्कारों का संदेश

मुंबई (अनिल बेदाग): जब नई पीढ़ी के बच्चे भगवद्गीता के श्लोकों को केवल याद नहीं करते, बल्कि उनके अर्थ को जीवन में उतारने का संकल्प भी लेते हैं, तब आध्यात्मिक विरासत का भविष्य और मजबूत होता है। पुणे के चिन्मय विभूति में आयोजित चिन्मय मिशन की राष्ट्रीय गीता पाठ प्रतियोगिता (CGCC) 2026 ने इसी भावना को जीवंत कर दिया। 19 राज्यों से आए 160 फाइनलिस्ट ने अपनी प्रतिभा और भक्ति से दो दिवसीय आयोजन को यादगार बनाया। इस वर्ष प्रतियोगिता 3,215 स्कूलों और मिशन केंद्रों के माध्यम से 3.75 लाख विद्यार्थियों तक पहुँची।

छह आयु वर्गों में आयोजित प्रतियोगिता में बच्चों ने भगवद्गीता के बारहवें अध्याय ‘भक्ति योग’ का पाठ किया। राष्ट्रीय विजेताओं को सम्मानित करते हुए चिन्मय मिशन के ग्लोबल हेड पूज्य स्वामी स्वरूपानंद ने कहा, “भगवद्गीता केवल ज्ञान की पुस्तक नहीं है; यह जीवन जीने की मार्गदर्शिका है। असली पुरस्कार गीता को जीने में है।”

1951 में स्वामी चिन्मयानंद द्वारा स्थापित मिशन के 75 वर्ष पूरे होने का यह आयोजन विशेष महत्व रखता है। ‘पाठ करें, अध्ययन करें, समझें और जीवन में उतारें’ के संदेश के साथ यह पहल बच्चों में एकाग्रता, अनुशासन और संस्कारों को मजबूत कर रही है।

अब इस प्रतियोगिता का अंतरराष्ट्रीय फाइनल 20 और 21 दिसंबर 2026 को चिन्मय विभूति में होगा, जहाँ देश-विदेश के प्रतिभागी गीता ज्ञान की इस परंपरा को आगे बढ़ाएंगे।