गुलाबी नगरी जयपुर : तीन सौ वर्षों की गौरवगाथा और भविष्य के सपनों का शहर

Pink City Jaipur: Three Hundred Years of Glory and City of Future Dreams

वास्तुशिल्प, विज्ञान, संस्कृति और दूरदर्शी नगर नियोजन की अनूठी विरासत; महाराजा सवाई जयसिंह द्वितीय की कल्पना से साकार हुआ जयपुर अब अपने स्थापना के 300वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है।

गोपेन्द्र नाथ भट्ट

राजस्थान की राजधानी जयपुर केवल एक शहर नहीं, बल्कि भारतीय स्थापत्य कला, वैज्ञानिक सोच, सांस्कृतिक वैभव और दूरदर्शी नगर नियोजन का ऐसा जीवंत नगर है, जिसने तीन शताब्दियों तक अपनी विशिष्ट पहचान अक्षुण्ण रखी है। 18 नवंबर 2026 को जयपुर ने अपनी स्थापना के 299 वर्ष पूरे कर 300वें वर्ष में प्रवेश किया। यह अवसर केवल एक ऐतिहासिक तिथि का स्मरण नहीं, बल्कि उस महान संकल्प और सृजनशीलता को नमन करने का भी है, जिसने मरु प्रदेश की धरती पर एक नियोजित और आधुनिक नगर की नींव रखी।

महाराजा सवाई जयसिंह द्वितीय ने 18 नवंबर 1727 को जयपुर की स्थापना की थी। आमेर की पहाड़ियों और सीमित भौगोलिक परिस्थितियों से आगे बढ़कर एक नए नगर की कल्पना उस समय की असाधारण दूरदृष्टि का प्रमाण थी। बंगाल के वास्तुकार विद्याधर भट्टाचार्य के मार्गदर्शन में निर्मित जयपुर भारतीय परंपरा और वैज्ञानिक नगर नियोजन का अनूठा संगम बना। जयपुर की योजना नौ चौकड़ियों के सिद्धांत पर आधारित थी। चौड़ी सड़कें, समकोण पर एक-दूसरे को काटते मार्ग, विशाल चौपड़ें, सुनियोजित बाजार, आवासीय क्षेत्र और सुरक्षा के लिए परकोटा एवं प्रवेश द्वार इसकी विशेषताएं थीं। उस दौर में बाजारों, दुकानों और भवनों के स्वरूप में एकरूपता का ध्यान रखना नगर नियोजन की अद्भुत मिसाल थी।

जयपुर की स्थापना के 299वें वर्ष के समारोह में साहित्य और संस्कृति की विशेष छटा भी देखने को मिली। 17 नवंबर को बिरला ऑडिटोरियम में आयोजित भव्य कवि सम्मेलन का शुभारंभ राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े और विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। देश के विभिन्न हिस्सों से आए कवियों ने हास्य, व्यंग्य, ओज और वीर रस की प्रस्तुतियों से सभागार को गुंजायमान कर दिया। हरिओम पंवार, एहसान कुरैशी, दिनेश रघुवंशी, सुरेश अलबेला सहित अन्य कवियों और कवयित्री दीपिका माही ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया। यह आयोजन इस बात का प्रतीक बना कि जयपुर की पहचान केवल ऐतिहासिक इमारतों से नहीं, बल्कि साहित्यिक और सांस्कृतिक चेतना से भी है।

जयपुर की पहचान केवल उसकी सड़कों और बाजारों तक सीमित नहीं रही। सिटी पैलेस, जंतर-मंतर, हवा महल, गोविंद देवजी मंदिर, रामनिवास बाग और अल्बर्ट हॉल जैसी ऐतिहासिक धरोहरों ने इसे स्थापत्य और सांस्कृतिक वैभव का विशिष्ट केंद्र बनाया। महाराजा सवाई जयसिंह द्वितीय की खगोल विज्ञान में रुचि का प्रमाण जंतर-मंतर आज भी देता है। समय के साथ जयपुर की पहचान गुलाबी नगरी के रूप में स्थापित हुई। 1876 में प्रिंस ऑफ वेल्स के स्वागत के लिए शहर को गुलाबी रंग से सजाने की परंपरा ने इसे ऐसी विशिष्ट पहचान दी, जो आज विश्व पर्यटन के मानचित्र पर उसका परिचय बन चुकी है। जौहरी बाजार, बापू बाजार, त्रिपोलिया बाजार और किशनपोल बाजार आज भी पारंपरिक हस्तशिल्प, आभूषण, वस्त्र और व्यापारिक संस्कृति के जीवंत केंद्र हैं।

जयपुर की ऐतिहासिक महत्ता को अंतरराष्ट्रीय मान्यता तब मिली, जब वर्ष 2019 में यूनेस्को ने इसके चारदीवारी वाले ऐतिहासिक नगर को विश्व धरोहर सूची में शामिल किया लेकिन तीन सौवें वर्ष में प्रवेश का उत्सव केवल अतीत के गौरवगान तक सीमित नहीं रहना चाहिए। आज जयपुर के सामने बढ़ती आबादी, यातायात का दबाव, प्रदूषण, जल संकट, अनियोजित विस्तार और ऐतिहासिक इमारतों के संरक्षण जैसी गंभीर चुनौतियां हैं। जिस शहर की नींव वैज्ञानिक दृष्टिकोण और सुविचारित योजना पर रखी गई थी, उसे भविष्य में भी उसी दृष्टि की आवश्यकता है। यह समय जयपुर के लिए एक नई विरासत संरक्षण नीति, ऐतिहासिक बाजारों के सौंदर्यीकरण, सार्वजनिक परिवहन के विस्तार, जल संरक्षण और आधुनिक सुविधाओं के संतुलित विकास का संकल्प लेने का है। नई बसावटों और आधुनिक भवनों में भी राजस्थानी स्थापत्य, झरोखों, छतरियों, जालियों और स्थानीय कला को प्रोत्साहन मिलना चाहिए।

जयपुर के इतिहास में स्थापना के 250 वर्ष पूरे होने का समारोह भी एक यादगार अध्याय रहा है। उस अवसर पर तत्कालीन विधानसभा अध्यक्ष महारावल लक्ष्मण सिंह की अध्यक्षता में गठित आयोजन समिति ने पूरे उत्साह, गरिमा और भव्यता के साथ रजत जयंती वर्ष का आयोजन किया था। उस समारोह ने जयपुर की ऐतिहासिक विरासत, सांस्कृतिक चेतना और नागरिक गौरव को एक नया आयाम दिया था। अब जबकि गुलाबी नगरी अपने 300वें स्थापना वर्ष में प्रवेश कर चुकी है, अगले वर्ष 300 वर्ष पूरे होने पर उसी परंपरा को और व्यापक तथा भव्य स्वरूप में दोहराए जाने की अपेक्षा है। इसके लिए सरकार, नगर निगम, पर्यटन विभाग, कला-साहित्य जगत, इतिहासकारों और जयपुर के नागरिकों की सहभागिता से वर्षभर के आयोजनों की रूपरेखा बनाई जानी चाहिए। देश-विदेश में जयपुर की स्थापत्य कला, शिल्प, संगीत, साहित्य, खानपान और राजस्थानी संस्कृति को प्रदर्शित करने वाले आयोजन इस ऐतिहासिक अवसर को अंतरराष्ट्रीय पहचान दे सकते हैं। जयपुर के तीन सौवें वर्ष का वास्तविक उत्सव यही होगा कि हम अपनी विरासत को केवल स्मारकों में सुरक्षित न रखें, बल्कि उसे जीवनशैली और विकास का हिस्सा बनाएं।** महाराजा सवाई जयसिंह द्वितीय ने अपने समय से आगे की सोच के साथ जिस जयपुर की कल्पना की थी, अब उसे आने वाली सदियों के लिए स्वच्छ, सुंदर, सुव्यवस्थित, समावेशी और विश्वस्तरीय शहर बनाने की जिम्मेदारी हमारी है।

तीन शताब्दियों की यह यात्रा हमें याद दिलाती है कि शहर केवल ईंट-पत्थरों से नहीं बनते, वे दूरदृष्टि, संस्कृति, नागरिक चेतना और सामूहिक संकल्प से जीवंत होते हैं। जयपुर की यही असली पहचान और भविष्य की सबसे बड़ी पूंजी है।