दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को राजस्थान रत्नाकर के पदाधिकारियों ने दिवाली मंगल मिलन समारोह के लिए किया आमंत्रित

Delhi Chief Minister Rekha Gupta invited by Rajasthan Ratnakar officials for Diwali Mangal Milan ceremony

नीति गोपेन्द्र भट्ट

नई दिल्ली : दिल्ली की प्रमुख सामाजिक संस्था राजस्थान रत्नाकर की ओर से 31 अक्टूबर और 1 नवम्बर को आयोजित होने वाले दो दिवसीय वार्षिक दिवाली मंगल मिलन समारोह के लिए दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को आमंत्रित किया गया है। समारोह का आयोजन दिल्ली हाट, पीतमपुरा मेट्रो स्टेशन के निकट नेताजी सुभाष प्लेस मैदान में होगा। इसमें केंद्रीय मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न क्षेत्रों की जानी-मानी हस्तियों को भी आमंत्रित किया गया है।

राजस्थान रत्नाकर के चेयरमैन राजेन्द्र गुप्ता ने बताया कि संस्था प्रतिवर्ष दीपावली के अवसर पर इस वार्षिक समारोह का आयोजन करती है। दिल्ली-एनसीआर में रहने वाले प्रवासी राजस्थानियों के साथ ही अन्य समुदायों के लोग भी इसमें उत्साहपूर्वक भाग लेते हैं। उन्होंने बताया कि यह आयोजन स्वच्छ, व्यवस्थित और पारिवारिक वातावरण में दीपावली की खुशियां साझा करने का अवसर प्रदान करता है। इसमें हजारों लोगों के शामिल होने की संभावना है।

संस्था के प्रधान सुमित गुप्ता ने बताया कि दिवाली मिलन के लिए मेला स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को निमंत्रण देने गए प्रतिनिमंडल में पूर्व प्रधान रमेश कानोड़िया, अशोक डालमिया,शंकर जयपुरिया एवं महामंत्री राकेश मोहन कसेरा शामिल थे।

महामंत्री राकेश मोहन कसेरा ने बताया कि समारोह के लिए राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, सांसद पी. पी. चौधरी सहित अनेक प्रमुख व्यक्तियों को भी आमंत्रित किया गया है। अर्जुन राम मेघवाल और लोकसभा सांसद पी. पी. चौधरी संस्था के संरक्षक मंडल से भी जुड़े हुए हैं। इसी क्रम में सोमवार शाम नई दिल्ली स्थित राजस्थान स्टेट गेस्ट हाउस में राजस्थान रत्नाकर की प्रबंध कार्यकारिणी के सदस्य एवं मीडिया संयोजक जी. एन. भट्ट ने संस्था की ओर से विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी को समारोह का निमंत्रण पत्र भेंट किया।

मेला के मुख्य संयोजक राम अवतार शाह , पुष्पेन्द्र गोयल ,शंकर जयपुरिया, अमित गोयल , मुकेश गुप्ता,ललित पोद्दार प्रवीण जालान अरविन्द गुप्ता ने बताया कि मेला परिसर को वाल तो वाल कार्पेट लगाया जा रहा है। मिलन समारोह में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं अन्य कई आकर्षण होंगे। राजस्थानी व्यंजन और चांदनी चौक दिल्ली के लजीज व्यंजन लोगों को आकर्षित करेंगे।राजस्थान रत्नाकर का यह वार्षिक आयोजन राजधानी में राजस्थानी संस्कृति, सामाजिक समरसता और आपसी मेल-मिलाप को प्रोत्साहित करने का माध्यम माना जाता है। संस्था को उम्मीद है कि इस वर्ष भी बड़ी संख्या में लोग समारोह में पहुंचकर दीपावली के उल्लास और सांस्कृतिक रंगों का आनंद लेंगे।