भारतीय महिला टीम की निगाहें टी 20 क्रिकेट सीरीज में जिम्बाब्वे का सूपड़ा साफ करने पर

Indian women's team eyes victory over Zimbabwe in T20 cricket series

भारत ने दूसरे टी 20 अंतर्राष्ट्रीय में जिम्बाब्वे को 9 विकेट से हराया

सत्येन्द्र पाल सिंह

नई दिल्ली : ओपनर उपकप्तान शैफाली वर्मा (55 रन, 25 गेंद, चार छक्के, छह चौके) के आतिशी अर्द्ध शतक और कप्तान स्मृति मंधाना (अविजित 47 रन, 25 गेंद, दो छक्के, छह चौके)के साथ उनकी पहले विकेट की 96 रन की तूफानी भागीदारी और नवोदित निकी प्रसाद के अपनी शुरू की दो गेंदों में चटकाए दो विकेट की बदौलत भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने मेहमान जिम्बाम्बे से रविवार रात रायपुर में दूसरा टी 20 अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैच आसानी से मात्र नौ विकेट से जीत 2-0 की निर्णायक बढ़त के साथ तीन मैचों की सीरीज अपने नाम कर ली। क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तानी संभालने बाद स्मृति मंधाना ने यह पहली क्रिकेट सीरीज जीती। भारतीय महिला टीम ने जिम्बाब्वे से सीरीज का पहला टी 20 अंतर्राष्ट्रीय मैच पर चार विकेट मात्र 19 रन पर गंवाने के बावजूद चार विकेट से जीता था। शैफाली और स्मृति की तूफानी जोड़ी ने पहले मैच में रायपुर मे तीन विकेट चटकाने वाली जिम्बाब्वे की ऑफ स्पिनर नवाशा ग्यानजुरा की जमकर धुनाई कर उनका भूत उतार कर दिखाया की चमत्कार रोज रोज नहीं होते हैं।

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की निगाहें बढ़िया बल्लेबाजी जारी रख कर अब मंगलवार को तीसरा व आखिरी टी 20 अंतर्राष्ट्रीय मैच भी जीत कर उसका सूपड़ा साफ कर सीरीज 3-0 से जीतने पर लगी है। वहीं जिम्बाब्वे की कोशिश भारत से मंगलवार को तीसरा व अंतिम टी 20 अंतर्राष्ट्रीय जीत सम्मान बचाने की होगी। जिम्बाब्वे के सीरीज के शुरू के लगातार दो टी 20 अंतर्राष्ट्रीय मैच हारने का कारण उसकी लचर बल्लेबाजी है। जिम्बाब्वे की चिपको मुगेरी-तिरिपानो ने दूसरे टी 20 अंतर्राष्ट्रीय मैच मेंभारत की बाएं हाथ की स्पिनर श्रीचारिणी के पहले ओवर में रिवर्स स्वीप कर उनकी खासी धुनाई कर दी। श्रीचारिणी भी बेशक अपनी गेंदबाजी की विडियो देखकर तीसरे और आखिरी टी 20 अंतर्राष्ट्रीय मैच में बेहतर लाइन लेंग्थ के साथ गेंदबाजी करने उतरेगी।

भारत की उपकप्तान शैफाली वर्मा (59 रन) फिलहाल मौजूदा टी 20 अंतर्राष्ट्रीय मैच में इकलौते अर्द्ध शतक के साथ रन बनाने में शीर्ष पर चल रही हैं जबकि कप्तान स्मृति मंधाना (56रन) उनके बाद रन बनाने में दूसरे स्थान पर हैं। भारत के लिए सबसे उत्साहवर्द्बक बात इस सीरीज के पहले टी 20 अंतर्राष्ट्रीय से अपने अंतर्राष्ट्रीय करियर का आगाज करने वाली निकी प्रसाद का पहले मैच में नाजुक वक्त पर अविजित 39 रन की पारी खेल और दूसरे में सही वक्त पर अपने पहले ही ओवर की शुरू की दो गेंदों में दो विकेट चटका भारत को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाना काबिलेतारीफ है।

भारत के लिए मौजूदा टी 20 सीरीज में तेज गेंदबाज नंदिनी शर्मा ने और जिम्बाब्वे के लिए पहले मैच में ऑफ स्पिनर नयाशा गुआनजुरा ने सबसे ज्यादा तीन विकेट चटकाए हैं। भारत के नजरिए से अच्छी बात यह है कि उसके लिए तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ व बाएं हाथ की स्पिनर श्रीचारिणी व ऑफ स्पिनर निकी प्रसाद ने दो दो विकेट तथा दीप्ति शर्मा ने एक चटकाने के साथ बहुत किफायती गेंदबाजी की है।

हमें अपनी फील्डिंग चुस्त करने की जरूरत: मंधाना
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान स्मृति मंधाना ने कहा, ‘हमारी गेदबाजों ने रविवार को जिम्बाब्वे के दूसरे टी 20 अंतर्राष्ट्रीय में वाकई बेहतरीन गेंदबाजी की। हमारी गेंदबाजों की गेंदबाजी पहले टी 20 अंतर्राष्ट्रीय से बेहतर थी। दूसरे टी 20 अंतर्राष्ट्रीय मैच में हमारी स्पिन त्रिमूर्ति-दीप्ति , श्रीचारिणी और निकी प्रसाद- ने स्पिन का जाल बुन कर सही वक्त पर जिम्बाब्वे के विकेट चटकाए। बेशक हमें अपनी फील्डिंग चुस्त करने की जरूरत है। हमने पहले मैच में जिम्बाब्वे की बैटर को बल्लेबाजी करते देख कर अपनी योजना बनाई थी। आपके पास बेशक बेहतर योजना हो सकती है लेकिन जरूरत इस योजना को अमली जामा पहनाने की होती है। हमारे गेंदबाजों ने सटीक गेंदबाजी की। शैफाली अपने चिर परिचित आक्रामक अंदाज में खेली और तब मैं केवल एक एक रन लेकर ही खुश थी। जब मुझे मौके मिले तो मैंने उन्हें भुनाया। हम इसी ब्रैंड की क्रिकेट खेलना चाहते हैं।’

जो शॉट लगाने की कोशिश कर रही हूं वे लग रहे हैं : शैफाली
मैच की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी शैफाली वर्मा ने कहा,‘मैं रविवार को जो शॉट लगाने की कोशिश कर रही हूंवे लग रहे हैं।पहले टी 20 अंतर्राष्ट्रीय में जिस तरह आउट हुई उसके बाद मुझे ठीक से नींद नहीं आई। सबसे अहम यह बात थी दाएं हाथ की बैटर के रूप में मैं ऑफ स्पिनर के खिलाफ जिस तरह आउट हुई, वह सही नहीं था। मैंने रविवार को कुछ नीचे झुक गेंद को बेहतर ढंग से टाइम करने की कोशिश कर रही थी जिससे कि अगर चौका न मिले तो कम से कम एक रन तो मिले ही। मेरा पसंदीदा शॉट था दूसरे -तीसरे ओवर में गेंद को कवर के उपर से उड़ाना। इस शॉट से मुझे बहुत आत्मविश्वास मिला। 2025 में जब मैं घर पर थी तो बस यही सोच रहे थे कि मैं किन चीजों में सुधार कर सकता हूं। तभी मेरे जेहन में आया कि मैं कैसे बेहतर बैटर बन सकती हूं। मैं अपनी बल्लेबाजी में जिस चीज में सुधार किया उसमें निरंतरता भी एक थी। तब मैंने यह जानने कि ऑस्ट्रेलिया की बैटर विश्लेषण किया कि वे अपनी बल्लेबाजी बेहतर करने के लिए क्या कर रही हैं।‘

हमारे लिए अभी बहुत कुछ सीखने को है: नकोमो
जिम्बाब्वे की कप्तान जॉस्फीन नकोमो ने कहा,‘मेरा मानना है कि भारतीय टीम ने रविवार को गजब की बल्लेबाजी की बानगी पेश की। हमने बस मैदान पर भारत की बैटर्स को बल्लेबाजी करते देख कर उससे सीखा। रविवार को दूसरे टी 20 अंतर्राष्ट्रीय में हमारे लिए पहले बल्लेबाजी पॉवरप्ले में आगाज बढ़िया नहीं रहा। जैसा की मैंने पहले भी कहा है कि कि हमारे लिए अभी बहुत कुछ सीखने को है और इसका सबसे बढ़िया तरीका है यह देखना की भारतीय बैटर्स कैसे बल्लेबाजी करती हैं। हम भारतीय बैटर्स की बल्लेबाजी से कुछ सीख पाई तो वाकई बढ़िया होगा।
तीसरा व आखिरी टी 20 अंतर्राष्ट्रीय : भारत वि जिम्बाब्वे (रायपुर, मंगलवार शाम 7 बजे से)।