- एशियाई खेलों के बाद हम अपना खेल और बेहतर करना चाहते हैं
- खिलाड़ियों को अलग अलग पॉजिशन पर आजमाने का मकसद टीम को और मजबूत बनाना
- हमारी लड़कियों के लिए खुद को जल्द हालात के मुताबिक ढालना बड़ी चुनौती
सत्येन्द्र पाल सिंह
नई दिल्ली : सलीमा टेटे की कप्तानी और चीफ कोच शुएर्ड मराइन के मार्गदर्शन में भारतीय टीम अब भोपाल में 19 नवंबर से शुरू हो रही मध्य प्रदेश महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी भोपाल , 2026 में अपना खिताब बरकरार रखने की तैयारी में जुटी है। टेटे और मराइन की जुगल जोड़ी ने भारत को अभी हाल ही में जापान में 2026 के एशियाई खेलों में महिला हॉकी का स्वर्ण पदक जिताया। अब चीफ कोच शुएर्ड मराइन का ध्यान मजबूत ,बहुमुखी और किसी भी टीम का मुकाबला करने में सक्षम मजबूत भारतीय महिला हॉकी टीम तैयार करने पर हैं। महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में चीफ कोच मराइन की प्राथमिकता एशिया की शीर्ष टीमों के सामने भारत की तैयारियों की बानगी एशियन महिला चैंपियंस ट्रॉफी जैसे टूर्नामेंट में दिखाने की है।
शुएर्ड मराइन ने कहा,‘हमारा ध्यान राष्ट्रीय महिला हॉकी शिविर में ऐसी मजबूत भारतीय महिला हॉकी टीम तैयार करने पर रहा, जिसमें हर अभ्यास सत्र और ज्यादा प्रति्स्पर्द्धी हो और हमारी खिलाड़ी भी इस बात से भली भांति समझती भी हैं। हमारी खिलाड़ी मैदान पर कड़ी मेहनत कर मैदान पर इसीलिए अपना सर्वश्रेष्ठ दे रही हैं। बेशक भोपाल में महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी नाथू बड़खेड़ा के अंतर्राष्ट्रीय खेल परिसर की नई पिच पर होगा और हमें इससे तालमेल बैठाने की जरूरत है। हम पूरे साल भर अलग अलग पिचों पर खेलते हैं भोपाल में नई पिच पर खेलना भी बस ऐसा ही एक बदलाव होगा। जापान में एशियाई खेलों की पिच असमतल उछाल वाली और मुश्किल थी। ऐसे में पिचों के मिजाज को लेकर हम बहुत जयादा चिंतित नहीं हैं। हमारी प्रतिद्वंद्वी टीमों को इसी पिच पर खेलना और इसीलिए यह बात हमारे जेहन में ही नहीं है। जहां महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में भी हमारी भारतीय टीम के सामने एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने की चुनौती की बात है तो इस बाबत मेरा कहना यह है कि आप यह नहीं जानते हैं कि इसमें विभिन्न टीमें किस तरह की टीमों के साथ इसमें उतरेगी। अहम बात यह है कि एशियाई खेलों के बाद हम अपना खेल और बेहतर करना चाहते हैं और हमारा ध्यान मुख्य तौर पर इसी पर है। फिर इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता है कि हमारा प्रतिद्वंद्वी कौन है। हमने बेंगलुरू में भारतीय हॉकी टीम के शिविर के दौरान इन सभी पर मेहनत की है। अब यह देखने का वक्त है कि हमारी टीम महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी में दबाव में कैसा प्रदर्शन करती है।’
उन्होंने कहा,‘ जहां तकमहिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में अपनी खिलाड़ियों को अलग अलग पॉजिशन पर आजमाने का हमारा मकसद अपनी भारतीय महिला हॉकी टीम को और मजबूत बनाना है। यदि ओलंपिक जैसे बड़े टूर्नामेंट में कोई खिलाड़ी घायल या चोट के चलते बाहर हो जाती है तो तब अलग अलग पॉजिशन पर खेलने वाली खिलाड़ी हमारी खिलाड़ी बतौर टीम हमारे लिए बहुत लाभदायक होगी। उदाहरण के तौर पर इशिका चौधरी मूलत: स्ट्राइकर हैं और अब भारतीय महिला हॉकी टीम की जरूरत के मुताबिक वह कई बार बतौर मिडफील्डर भी खेलती हं और ऋतुजा डडासो पिसल के साथ भी अब कमोबेश यही स्थिति है। ऐसे में हमारी खिलाड़ियों को अब अन्य पॉजिशन पर खेलना सीखना होगा। दरअसल हम यह देखना चाहते हैं कि इससे उसका खेल कुछ और बेहतर होता है। साथ ही हमारी कोशिश यह भी जानने की है कि क्या इससे हमारी भारतीय महिला हॉकी टीम वह सुधार आता है जिसे हम देखना चाहते हैं। साथ ही हमारी महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी टीम में पूजा साहू जैसी नौजवान नवोदित खिलाड़ी भी हैं, जिन्हें महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में भारत के लिए खेलने का मौका मिलेगा ही साथ ज्योति पहली बार भारतीय सीनियर महिला हॉकी टीम में खेलेंगी ही और मुमताज खान ने बतौर स्ट्राइकर लंबे अरसे बाद भारतीय टीम में वापसी की है। मेरा मानना है कि महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी टूर्नामेंट 2026 सभी भारतीय महिला हॉकी खिलाड़ियों के लिए यह दिखाने का मौका है कि वे क्या कुछ करने में सक्षम है।’
मराइन ने कहा, ‘जहां तक हमारी टीम के अगले साल के शुरू में एफआईएच प्रो हॉकी लीग में शिरकत करने और अपना खेल बेहतर करने की बात है कि यह सब इस पर निर्भर करता है कि हमारी खिलाड़ी दिसंबर 2026 और 2027 जनवरी में जिन टूर्नामेंट में खेलेंगी मैं चाहता हूं कि वे इसके लिए जेहनी व शारीरिक तौर पर तरोताजा रहे और आराम करने के साथ तैयार भी रहे। हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) के बाद छोटी ब्रेक के तुरंत बाद फरवरी में अर्जेंटीना और जर्मनी के खिलाफ खेलना आसान नहीं होगा क्योंकि अंतर्राष्ट्रीय मंच पर प्रतिस्पर्द्धा बेहद कड़ी और अलग है। यह स्थिति केवल भारत ही नहीं बल्कि हर देश की है। आपको हालात के मुताबिक ढालने के लिए वक्त चाहिए। हमारी टीम की लड़कियों के लिए खुद को जल्द हालात के मुताबिक ढालना बड़ी चुनौती है।





