- भारत ने अनुभवी सविता,शिल्पी, दीपिका सोरेंग व ब्यूटी को दिया आराम
- नवोदित बांसुरी, ज्योति सिंह, पूजा साहू व मुमताज को मिली भारतीय टीम में जगह
- भारत अपने अभियान का आगाज मलयेशिया के मैच से करेगा
सत्येन्द्र पाल सिंह
नई दिल्ली : अपनी कप्तानी में अक्टूबर 2026 के जापान एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जिताने वाली आक्रामक सेंटर हाफ सलीमा टेटे की अगुआई में मौजूदा चैंपियन भारत ने मध्यप्रदेश महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी भोपाल 2026 में शिरकत करने वाली 20 सदस्यीय हॉकी टीम की मंगलवार को घोषणा की। भारतीय महिला हॉकी टीम का जापान में एशियाई खेलों के बाद यह पहला अंतर्राष्ट्रीय हॉकी टूर्नामेंट होगा। यह टूर्नामेंट 19 से 28 नवंबर तक भोपाल के नाथू बरखेड़ा में नवनिर्मित अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में खेला जाएगा। भारतीय महिला हॉकी टीम लगातार तीसरी और कुल चौथी बार महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी खिताब जीतने के मकसद से इस टूर्नामेंट में उतरेगी। भारत ने एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के लिए 2026 के एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली अपनी टीम में चार बदलाव किए हैं। भारत ने एशियाई खेलों में स्वर्ण जीतने वाली अपनी टीम में अनुभवी गोलरक्षक सविता, फुलबैक शिल्पी डबास, दीपिका सोरेंग और ब्यूटी डुंगडुग को आराम एशियन महिला ट्रॉफी के लिए आराम दिया है। मौजूदा चैंपियन भारत ने नवोदित गोलरक्षक बांसुरी सोलंकी के साथ फुलबैक ज्योति सिंह व पूजा साहू के साथ उभरती तेज तर्रार स्ट्राइकर मुमताज खान को एशियाई ट्रॉफी के लिए चुनी गई टीम में शामिल किया है। भारतीय महिला हॉकी टीम की ताकत उसकी दो ऑलराउंडर- नवनीत कौर और दीपिका सहरावत के साथ अनुभवी स्ट्राइकर ललरेमसियामी है। दीपिका और नवनीत कौर बेहतरीन स्ट्राइकर होने के साथ पेनल्टी कॉर्नर भी गोल करने में भी माहिर हैं।
मेजबान भारतीय महिला हॉकी सहित इस टूर्नामेंट में शिरकत करने वाली टीम हैं छह टीमें हैं चीन, जापान , मलयेशिया, थाईलैंड और दक्षिण कोरिया। मौजूदा चैंपियन भारत की तरह दक्षिण कोरिया ने भी अब तक तीन बार महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी खिताब जीता है। छह देशों का यह टूर्नामेंट राउंड रॉबिन लीग आधार पर खेला जाएगा और हर टीम सभी पांच टीमों के खिलाफ खेलेगी। राउंड रॉबिन लीग की समाप्ति पर शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेगी। इसमें तीन बार की चैंपियन भारतीय(2016, 2023, 2024) महिला हॉकी टीम अपने अभियान का आगाज पहले दिन 19 नवंबर को मलयेशिया के खिलाफ मैच से करेगी जबकि एशिया की शीर्ष वरीयता प्राप्त टीम चीन टूर्नामेंट के उदघाटन मैच में थाईलैंड से भिड़ेगी। भारत की टीम 21 नदवंबर को दक्षिण कोरिया से , 22 नवंबर को थाईलैंड, 24 नवंबर को सबसे अहम मैच में चीन तथा 25 नवंबर को जापान से भिड़ेगी।
दोनों सेमीफाइनल 27 नवंबर को खेले जाएंगे जबकि फाइनल 28 नवंबर को होगा। एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने के बाद भारतीय महिला हॉकी टीम अपने घर में एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में भी अपनी श्रेष्ठता बरकरार रखते हुए अपना खिताब बरकरार रखने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी।
खिलाड़ियों को अलग अलग पॉजिशन पर खेलते देखना चाहता हूं : मराइन
भारतीय महिला हॉकी टीम के चीफ कोच शुएर्ड मराइन ले कहा,‘ यह वह क्षण है जब मैं अन्य खिलाड़ियों को अंतर्राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका देना चाहता हूं। इस टूर्नामेंट में हमारी कई खिलाड़ी अपनी तय पॉजिशन की बजाय अलग अलग पॉजिशन पर खेलेंगी, जिससे की मैं देख सकूं कि वे अलग अलग भूमिका में कैसा प्रदर्शन करती है। हम अपने घरेलू दर्शकों के सामने अपने घर में खेलने और इस साल का बढ़िया ढंग से समापन करने को बेताब हैं।
भारत की मध्यप्रदेश महिला एशियन ट्रॉफी हॉकी भोपाल 2026 के चुनी गई 20 सदस्यीय टीम है :
गोलरक्षक : बांसुरी सोलंकी व बिच्छू देवी खरीबम।
रक्षापंक्ति : निकी प्रधान, ज्योति, ज्योति सिंह सुशीला चानू, लथांतलुआंगी, पूजा साहू।
मध्यपंक्ति : ऋतुजा डडासो पिसल, सुनीलिता टोपो, सलीमा टेटे (कप्तान), नेहा, साक्षी राणा, बलजीत कौर, इशिका।
अग्रिम पंक्ति : नवनीत कौर,दीपिका सहरावत, , ब्यूटी डुंगडुंग, ललरेमसियामी, मुमताज खान।
हमारा लड़कियां मजबूत प्रदर्शन करेंगी: दिलीप तिर्की
हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप तिर्की ने कहा, ‘मध्यप्रदेश महिला एशियन ट्रॉफी भोपाल 2026 हमारी भारतीय महिला हॉकी टीम के लिए 2026 के एशियाई खेलों में ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीतने की लय को जारी रखने का अहम मौका है।हमारी टीम की लड़कियों के लिए अपने घर में अपने समर्थकों के सामने खेलना बहुत बड़ी प्रेरणा होगा। मुझे पूरा विश्वास है कि हमारी खिलाड़ी इस टूर्नामेंट में मजबूत प्रदर्शन कर देश का गौरव बढ़ाएंगी।
भारतीय टीम जीत की लय बरकरार रखने को बेताब: भोला नाथ सिंह
हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह ने कहा,‘ मैं भारतीय महिला हॉकी टीम की महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी भोपाल,2026 में कामयाबी की कामना करता हूं। हमें बेहद खुशी है कि मध्य प्रदेश एशिया के इस बेहतरीन हॉकी टूर्नामेंट की मेजबानी कर रहा है। हमारी भारतीय महिला हॉकी टीम ने इस साल बेहतरीन हॉकी खेली है जो कि उसके एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने से साबित होता है। यह टूर्नामेंट हमारी खिलाड़ियों के लिए अपनी उत्कृष्टता दिखाने का मौका है। भारतीय महिला हॉकी मौजूदा चैंपियन के रूप में अपनी जीत की लय बरकरार रखने को बेताब है।‘




