सत्येन्द्र पाल सिंह
चीफ कोच क्रेग फुल्टन के मार्गदर्शन में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने 2024 में पेरिस ओलंपिक में अपना कांसा बरकरार रखने के बाद 2023 और 2026 के एशियाई खेलों में भी स्वर्ण पदक बरकरार रखने के साथ पुरुष एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में अपना दबदबा रखा। फुल्टन को खुद भी इस बात का मलाल है कि वह बतौर चीफ कोच भारत को पुरुष हॉकी विश्व कप जैसे बड़े मंच पर कोई पदक नहीं दिला पाए हैं। भारत के एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीत कर 2028 के लॉस एंजेल्स के लिए सीधे क्वॉलिफाई करने के बाद एक नई मजबूत टीम तैयारी करने जैसे मुश्किल सवालों पर प्रस्तुत है क्रेग फुल्टन से एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में किया इंटरव्यू।
2028 ओलंपिक के लिए मजबूत भारतीय हॉकी टीम तैयार करने को ले टीम में बदलावों की काफी चर्चा है। कई खिलाड़ी एक- डेढ़ दशक से भारतीय टीम का हिस्सा हैं? क्या भारतीय टीम में बड़े बदलाव होने वाले हैं?
- भारतीय हॉकी टीम में बदलावों को लेकर अभी कुछ भी आधिकारिक नहीं है। बेशक हर टीम को बदलाव और नए खिलाड़ियों की टीम में शामिल करने की जरूरत होती है। हमने भी अपनी भारतीय टीम में बदलाव किए हैं। मेरे चीफ कोच रहते हमारी भारतीय टीम तीन एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में शिरकत कर चुकी है और इन तीनों में कभी भी टीम एक सी नहीं रही। चेन्नै में 2023 में चैंपियंस ट्रॉफी और 2025 में हुलुनबुइर(चीन) में शिरकत करने वाली भारतीय हॉकी टीमें भी अलग- अलग थीं । हमने तब चीन में चैपियंस ट्रॉफी हॉकी टीम में शिरकत करने वाली अपनी टीम के नौ खिलाड़ियों को बदला था। अब पंजाब में एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 में शिरकत करने वाली हमारी भारतीय टीम एकदम अलग रही।
क्या भारतीय हॉकी टीम में ये बदलाव नए खिलाड़ियों की तलाश से जुड़े हैं या मौजूदा खिलाड़ियों के प्रदर्शन में सुधार करना भी इसका हिस्सा है?
- हम भविष्य के मद्देनजर आक्रमण के साथ अपने रक्षण दोनों को बेहतर करने में जुटे हैं। लेकिन फिलहाल बात किसी खास खिलाड़ी विशेष को चुनने की नहीं है। बड़े मंच पर बड़े मैचों में अहम होती है खिलाड़ियों की सोच और मानसिकता। यह समझना होगा कि गलतियां हर खिलाड़ी से होती हैं और हर खिलाड़ी साथ ही अच्छा प्रदर्शन भी करता है।
भारतीय हॉकी टीम की 2026 विश्व कप में नाकामी, एक पखवाड़े के बाद एशियाई खेल 2026 में स्वर्ण अब उसके एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में टीम में बदलाव और कैसी है भविष्य की तैयारी?
- हम लगातार और बराबर हॉकी खेल रहे हैं। सच तो यह है कि नीदरलैंड और बेल्जियम में हॉकी विश्व कप और नगोया(जापान) में एशियाई खेलों के बीच एक पखवाड़े का अंतर था। इन दोनों बड़े टूर्नामेंट से ठीक पहले हम एफआईएच प्रो लीग हॉकी खेले थे। हमारे लिए अच्छी बात यह रही कि हॉकी विश्व कप में आठवें स्थान की निराशा को भुला हमने एशियाई खेलों में स्वर्ण बरकरार रख सीधे 2028 के लॉस एंजेल्स ओलंपिक के लिए क्वॉलिफाई किया। हमारे लिए यह बेहद अहम था। हॉकी विश्व कप में जिन बड़े मैचों में जब हमें गोल करने की जरूरत थी तब हम गोल नहीं कर पाए और साथ ही हम कुछ बेवजह के आसान गोल खाए भी। हम इसी के चलते हॉकी विश्व कप वहां आठवें स्थान पर रहे। हमने इसके बाद एशियाई खेलों में अपना स्वर्ण पदक रखा। एशियाई टीमों के खिलाफ हम गोल करने और अपने किले की चौकसी करने में खासे अच्छे हैं। यूरोपीय और एफआईएच रैंकिंग की उंची रैंकिंग वाली टीमें के खिलाफ हमें बराबर अपने आक्रमण को और रक्षण, दोनों में सुधार की जरूरत है। इसके बाद हमने घर में एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में टीम में बदलाव किए और यह टूर्नामेंट इसलिए खास था कि इसमें टीम के पंजाब से आने वाले खिलाड़ी करीब डेढ़ दशक के बाद अपनी धरती पर इसमें खेले। इसमें हमने कई नए खिलाड़ियों को आजमाने के साथ बराबर खिलाड़ियों को रोटेट भी किया। जहां तक हमारी आगे की योजना की बात है तो एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के बाद भारत की नौजवान खिलाड़ियों से सज्जित टीम न्यूजीलैंड के दौरे पर उसके खिलाफ 19 से 22 नवंबर तक तीन टेस्ट मैच की सीरीज खेलने जाएगी। इस टेस्ट सीरीज का आयोजन दद्दा ध्यानचंद की अगुआई में 1926 में भारतीय सेना की हॉकी टीम के न्यूजीलैंड के पहले हॉकी दौरे के सौ पूरे होने के उपलक्ष्य में होने पर शताब्दी समारोह के मौके पर किया जा रहा है। न्यूजीलैंड दौरे पर जाने वाली में हम कई नए और नौजवान खिलाड़ियों को आजमाएंगे। नवंबर में न्यूजीलैंड दौरे पर जाने वाली भारत की ए हॉकी टीम में अरिजित सिंह हुंदल, उत्तम सिंह भी खेलते देख सकते हैं। जहां तक ड्रैग फ्लिकर के रूप में अमनदीप लाकरा और राजिंदर सिंह जू. को फिलहाल एशियन चैंपियंस हॉकी में पेनल्टी कॉर्नर पर ड्रैग फ्लिक लगाने का ज्यादा मौका न मिलने की बात है तो न्यूजीलैंड दौरे वह आप इनको पेनल्टी कॉर्नर पर ड्रैग फ्लिक लगाता देखेंगे।
क्या भारतीय टीम का न्यूजीलैंड का दौरा आपको बतौर कोच टीम में बदलाव और नए खिलाड़ियों को अगले ओलंपिक साइकिल के लिए परखने में मदद करेगा?
- हम जनवरी 2027 में एफआईएच प्रो लीग के लिए नई टीम चुनेंगे। हमारे पास अभ्यास के लिए बहुत कम समय होगा, क्योंकि खिलाड़ी जनवरी , 2027 में हॉकी इडिया लीग (एचआईएल) में अपनी-अपनी फ्रेंचाइजी के लिए खेलने चले जाएंगे। इसके बाद हम भारत एफआईएच प्रो लीग में खेलने के लिए नई टीम चुनेंगे। फिर हम इस नई भारतीय हॉकी टीम के साथ 2027-28 की हॉकी साइकिल की शुरूआत करेंगे।
आप मौजूदा कोर ग्रुप को किस तरह देखते हैं? क्या यही ग्रुप भविष्य की भारतीय टीम की नींव होगा?
- हम न्यूजीलैंड दौरे के बाद इसका आकलन करेंगे। न्यूजीलैंड दौरे के बाद हम नया कोर ग्रुप और नई टीम चुनेंगे। आपने अभी कहा कि भारत को जरूरत यूरोपीय टीमों के खिलाफ सुधारने की है। हम अभी भी दुनिया की सभी शीर्ष हॉकी टीमों को कड़ी टक्कर दे रहे हैं। हमने नीदरलैंड और जर्मनी को हराया है और इंग्लैंड को हाल ही में दो बार ड्रॉ पर रोका भी है। हॉकी में दुनिया की शीर्ष आठ टीमों में आज कड़ी प्रतिस्पर्धा है।
2026 के हॉकी विश्व कप में भी भारत की गोलकीपिंग को ले अभी भी उठ रहे है। आप कैसे देखते हैं?
- हम नंबर एक गोलरक्षक तैयार करने की दिशा में मेहनत कर रहे हैं। फिलहाल सूरज करकेरा भारत के नंबर एक गोलरक्षक के रूप में बढ़िया काम कर रहे हैं। हमें जरूरत एक से ज्यादा गोलरक्षक की है। हमें तीन या चार ऐसे चौकस गोलरक्षक चाहिए जिनके बीच भारतीय टीम में जगह बनाने के लिए कड़ी प्रतिस्पर्द्धा हो। हम इसके बाद हम भारतीय टीम के लिए तीन गोलरक्षक चुनेंगे।





