अजय कुमार बियानी
भारत में त्योहार केवल कैलेंडर की तारीखें नहीं होते, बल्कि हमारी सभ्यता, संस्कृति, धार्मिक आस्था और सामाजिक जीवन की जीवंत अभिव्यक्ति होते हैं। सनातन धर्म में प्रत्येक पर्व के पीछे कोई न कोई आध्यात्मिक संदेश, धार्मिक मान्यता और जीवन-दर्शन छिपा है। दीपावली भी ऐसा ही महापर्व है, जो अंधकार से प्रकाश, निराशा से आशा और असत्य से सत्य की ओर बढ़ने का संदेश देता है। भगवान श्रीराम के चौदह वर्ष के वनवास के बाद अयोध्या आगमन की स्मृति हो या माता लक्ष्मी की आराधना, दीपावली भारतीय जनमानस में आस्था, उल्लास और पारिवारिक एकता का प्रतीक रही है। लेकिन बदलते समय के साथ इस पर्व का एक नया चेहरा भी सामने आया है, जहां आध्यात्मिकता के साथ बाजारवाद की चमक भी खूब दिखाई देती है।
धनतेरस से भाई दूज तक देश का बाजार किसी विशाल उत्सवी रंगमंच में बदल जाता है। यहां आर्थिक स्थिति, सामाजिक वर्ग और खरीदारी की क्षमता के अनुसार हर व्यक्ति के लिए कुछ न कुछ उपलब्ध है। फुटपाथ पर बैठा कुम्हार मिट्टी के दीये सजाकर ग्राहक की प्रतीक्षा करता है, तो वातानुकूलित शोरूम में करोड़ों की लग्जरी गाड़ियों की बुकिंग होती है। एक ओर दो सौ रुपये की लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों और झाड़ू पर मोलभाव होता है, तो दूसरी ओर सोने-चांदी के आभूषणों और बीएमडब्ल्यू जैसी महंगी गाड़ियों की खरीदारी को शुभ मुहूर्त से जोड़ दिया जाता है। यही भारतीय बाजार की खूबसूरती भी है और उसकी विडंबना भी। आस्था सबकी एक, लेकिन खरीदारी का बजट अलग-अलग!
धनतेरस पर झाड़ू खरीदने की परंपरा अपने आप में दिलचस्प है। वर्षभर घर के किसी कोने में पड़ी रहने वाली साधारण झाड़ू इस दिन अचानक शुभता और समृद्धि का प्रतीक बन जाती है। मान्यता है कि स्वच्छता और सुव्यवस्था से लक्ष्मी का आगमन होता है। मिट्टी के दीये, पारंपरिक बर्तन और लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमाएं भी बाजार में विशेष महत्व प्राप्त कर लेती हैं। कुम्हार के हाथों से बना एक छोटा-सा दीपक केवल मिट्टी का उत्पाद नहीं, बल्कि हमारी लोककला, परंपरा और पीढ़ियों से चले आ रहे सांस्कृतिक संबंधों का प्रतीक है। लेकिन बाजार की दुनिया में आस्था भी अब आकर्षक पैकेजिंग के साथ बिकने लगी है।
भारतीय सनातन संस्कृति में धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष को जीवन के चार पुरुषार्थ माना गया है। यहां धन अर्जित करने का विरोध नहीं, बल्कि धन के सदुपयोग, परिश्रम और नैतिकता पर जोर दिया गया है। माता लक्ष्मी के साथ भगवान गणेश का पूजन इस बात का भी प्रतीक है कि समृद्धि के साथ बुद्धि और विवेक आवश्यक हैं। लेकिन आज त्योहारों के बाजार में इस विवेक की परीक्षा होती दिखाई देती है। बाजार को पता है कि त्योहार के अवसर पर ग्राहक केवल वस्तु नहीं खरीदता, वह शुभता, प्रतिष्ठा और बेहतर भविष्य की उम्मीद भी खरीदता है। इसी भावना को बिक्री की रणनीति में बदलने की कला बाजार ने खूब सीख ली है।
मध्यमवर्गीय परिवार के लिए त्योहारों की खरीदारी किसी मनोवैज्ञानिक परीक्षा से कम नहीं होती। घर से निकलते समय बजट दोपहिया वाहन का होता है, लेकिन शोरूम में आकर्षक छूट, आसान किस्तों और त्योहार विशेष प्रस्तावों का ऐसा मायाजाल बिछता है कि ग्राहक चौपहिया वाहन तक पहुंच जाता है। कभी-कभी तो बजट से बाहर निकलकर लग्जरी गाड़ी की चाबी हाथ में आ जाती है। उस समय मासिक किस्तों का गणित कुछ दिनों के लिए दिमाग से गायब हो जाता है। बाजार का कमाल देखिए, खरीदारी करते समय भविष्य की आमदनी भी वर्तमान की जेब में दिखाई देने लगती है। घर लौटते समय चेहरे पर नई गाड़ी की खुशी और मन के किसी कोने में आने वाली किस्तों की चिंता दोनों साथ-साथ चलती हैं।
इस पारंपरिक बाजार में अब एक नया और ताकतवर खिलाड़ी शामिल हो गया है, वह है डिजिटल बाजार। पहले दीपावली की खरीदारी परिवार के साथ बाजार जाकर होती थी। दुकानों की सजावट, मिठाइयों की खुशबू, दुकानदारों से परिचय और मोलभाव भी त्योहार की खुशियों का हिस्सा होते थे। अब मोबाइल की एक उंगली के स्पर्श से मिट्टी के दीये से लेकर महंगे मोबाइल और लग्जरी गाड़ियों तक की जानकारी और बुकिंग उपलब्ध है। आकर्षक छूट, सीमित समय के प्रस्ताव और मुफ्त आपूर्ति के संदेश चौबीस घंटे ग्राहक को खरीदारी के लिए प्रेरित करते रहते हैं।
कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित विज्ञापन तो हमारी पसंद और इच्छाओं को इस तरह पहचानने लगे हैं कि जिस वस्तु को हम एक बार देख लें, वही बार-बार मोबाइल पर दिखाई देने लगती है। जूते देखने निकलिए तो जूतों के विज्ञापन पीछा करने लगते हैं, मोबाइल देखिए तो नए मॉडल खरीदने का निमंत्रण मिलने लगता है। ऐसा लगता है जैसे बाजार को हमारी जरूरतों से ज्यादा हमारी इच्छाओं और कमजोरियों की जानकारी है। पहले दुकानदार ग्राहक को बुलाता था, अब मोबाइल ग्राहक के पीछे पड़ा रहता है। त्योहारों की खरीदारी अब बाजार जाने से अधिक मोबाइल पर आने वाले संदेशों से प्रभावित होने लगी है।
इस पूरे उत्सवी माहौल में दो बिल्कुल अलग दुनिया एक साथ दिखाई देती हैं। एक तरफ सामान्य परिवार है, जो मिट्टी के दीये, मिठाई और बच्चों के कपड़ों के लिए अपना बजट बनाता है। दूसरी तरफ वह संपन्न वर्ग है, जिसके लिए शुभ मुहूर्त में महंगी गाड़ी या कीमती आभूषण खरीदना प्रतिष्ठा का विषय बन जाता है। बाजार दोनों को उनकी हैसियत के अनुसार सपने बेचता है। किसी को लगता है कि नई झाड़ू से घर की दरिद्रता दूर होगी, तो किसी को विश्वास है कि नई गाड़ी से भाग्य का पहिया और तेजी से घूमेगा। अंततः बाजार का उद्देश्य दोनों की जेब तक पहुंचना ही है।
हालांकि भारतीय त्योहारों का वास्तविक उद्देश्य केवल खरीदारी और खर्च करना नहीं है। हमारी परंपराओं में दीपावली पर घर की सफाई, परिवार के साथ पूजा, बड़ों का आशीर्वाद, छोटों को स्नेह, पड़ोसियों से मेल-मिलाप और जरूरतमंदों की सहायता का विशेष महत्व रहा है। दीपदान का अर्थ केवल अपने घर को रोशन करना नहीं, बल्कि दूसरों के जीवन में भी प्रकाश पहुंचाना है। आज आवश्यकता है कि हम त्योहारों की मूल भावना को समझें और स्थानीय कुम्हारों, छोटे दुकानदारों, हस्तशिल्पियों तथा स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देकर अपनी सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करें।
आधुनिकता अपनाना गलत नहीं है और न ही आर्थिक समृद्धि का प्रदर्शन अपने आप में अनुचित है। प्रश्न केवल इतना है कि कहीं खरीदारी की होड़ में हम त्योहार का वास्तविक अर्थ तो नहीं भूल रहे हैं। महंगी गाड़ी खरीदना व्यक्तिगत सामर्थ्य का विषय हो सकता है, लेकिन दीपावली की खुशी किसी कीमती वस्तु की मोहताज नहीं है। मिट्टी का एक छोटा-सा दीपक भी उतनी ही रोशनी दे सकता है, जितनी किसी महंगे झूमर की चमक।
आखिरकार झाड़ू से बीएमडब्ल्यू तक की यह महायात्रा बदलते भारत, बदलती जीवनशैली और बाजार की बढ़ती ताकत का आईना है। बाजार के लिए त्योहार बिक्री का सबसे बड़ा अवसर हो सकते हैं, लेकिन भारतीय संस्कृति के लिए ये आस्था, सद्भाव, संस्कार और आत्मिक आनंद के पर्व हैं। इसलिए खरीदारी जरूर कीजिए, लेकिन अपनी सामर्थ्य और विवेक के अनुसार। घर में कितने दीपक जले, इससे अधिक महत्वपूर्ण यह है कि हमारे व्यवहार से कितने जीवन रोशन हुए। क्योंकि सनातन संस्कृति का संदेश यही है कि वास्तविक समृद्धि धन के प्रदर्शन में नहीं, बल्कि संतोष, सदाचार, सेवा और सामाजिक सद्भाव में बसती है।





