
- 1952-1956 तक अस्तित्व में रही अजमेर विधानसभा दीर्घा का विधानसभा म्यूजियम में लोकार्पण और वेबसाइट का शुभारम्भ
- संविधान केवल शासन संचालन का कानूनी दस्तावेज ही नहीं बल्कि राष्ट्र एकता का आधार- देवनानी
जी एन भट्ट
जयपुर : राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि भारतीय संविधान विश्व के सबसे महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक दस्तावेजों में से एक है। यह केवल शासन संचालन का कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, सामाजिक समरसता और नागरिक अधिकारों का आधार है। संविधान ने प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, न्याय एवं बंधुत्व का अधिकार प्रदान किया है। संविधान में निहित आदर्शों और मूल्यों को अपने जीवन में अपनाना प्रत्येक भारतीय का नैतिक एवं राष्ट्रीय दायित्व है।
विधानसभाध्यक्ष देवनानी जयपुर में राज्य विधान सभा भवन में संविधान दिवस पर आयोजित समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का शुभारम्भ किया। समारोह में डॉ. अम्बेडकर विधि विश्वविद्यालय की कुलगुरु डॉ. निष्ठा जसवाल भी उपस्थित रहीं ।
इस अवसर पर देवनानी ने राजस्थान विधानसभा स्थित विधानसभा राजनैतिक आख्यान संग्रहालय में अजमेर विधानसभा दीर्घा का बटन दबाकर लोकार्पण किया और अजमेर विधान सभा की वेबसाइट का शुभारम्भ किया और अजमेर विधान सभा में रिपोर्टर के पद पर सेवारत रहे 95 वर्षीय पन्ना लाल शर्मा का शॉल ओढाकर एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया।
विधानसभाध्यक्ष देवनानी ने कहा कि संविधान दिवस हमें उन महान संविधान निर्माताओं के योगदान का स्मरण कराता है, जिन्होंने देश के भविष्य को दिशा देने वाला संविधान तैयार किया। डॉ. भीमराव अंबेडकर सहित संविधान सभा के सभी सदस्यों का योगदान भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को संविधान के प्रति जागरूक करना समय की आवश्यकता है. ताकि युवा अपने अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों को भी समझ सकें।
संविधान के 22 भागों के 22 चित्रों में समाहित है भारत की गौरवशाली कहानी-
विधानसभाध्यक्ष देवनानी ने कहा कि भारतीय संविधान के 22 भागों में 22 चित्रों के माध्यम से भारत की गौरवशाली ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सभ्यतागत कहानी को दर्शाया गया है। संविधान के मूल स्वरूप में अंकित ये चित्र भारत की समृद्ध विरासत, प्राचीन सभ्यता, सांस्कृतिक विविधता, ऐतिहासिक परंपराओं और राष्ट्रीय चेतना को अभिव्यक्त करते हैं। श्री देवनानी ने कहा कि इन चित्रों में सिंधु घाटी सभ्यता, वैदिक काल, पुष्पक विमान से श्रीराम, लक्ष्मण और सीता का अयोध्या आगमन, श्री कृष्ण द्वारा अर्जुन को गीता का उपदेश, सिद्धार्थ के वैराग्य से गौतम बुद्ध का देशाटन, भगवान महावीर, मौर्यकाल, विक्रमादित्य का दरबार, नालन्दा विश्वविद्यालय का प्रतीक चिन्ह, अश्वमेघ यज्ञ, नटराज का प्रतीक, गंगा का धरती पर आगमन, छत्रपति शिवाजी और गुरु गोबिन्द सिंह, रानी लक्ष्मी बाई और टीपू सुल्तान, लाठी लेकर चलते महात्मा गांधी, गांधी शांति यात्रा, आजाद हिन्द फौज, हिमालय का चित्र, मरुस्थल में ऊंट की सवारी और समुद्र में नौकायन का चित्र भारत की गौरवशाली को दिग्दर्शित करते है।
संविधान में हुए महत्वपूर्ण संशोधन-
स्पीकर देवनानी ने कहा कि भारत के मूल संविधान में नारी शक्ति वन्दन अधिनियम, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष और अखण्डता तीन नये शब्द, मौलिक कर्तव्यों का समावेश, शिक्षा का अधिकार, पंचायतीराज और शहरी स्थानीय निकायों को संवैधानिक दर्जा सहित मताधिकारी की आयु 21 वर्ष से घटाकर 18 वर्ष करने के संविधान संशोधन महत्वपूर्ण है।
1952 से 1956 तक रही अजमेर विधान सभा की संग्रहालय में दीर्घा-
देवनानी ने कहा कि अजमेर केवल धार्मिक एवं ऐतिहासिक दृष्टि से ही महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि स्वतंत्रता के बाद देश की प्रशासनिक और लोकतांत्रिक यात्रा में भी इसकी विशिष्ट भूमिका रही है। अजमेर की अपनी अलग ऐतिहासिक पहचान और राजनीतिक पृष्ठभूमि रही है। इस दीर्घा के माध्यम से अजमेर के इसी गौरवशाली अतीत, प्रशासनिक व्यवस्था और लोकतांत्रिक विकास की यात्रा को एक स्थान पर प्रदर्शित करने का प्रयास किया गया है। अजमेर की ऐतिहासिक एवं राजनीतिक यात्रा को संरक्षित कर नई पीढ़ी तक पहुंचाने की दृष्टि से यह दीर्घा महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
उन्होंने कहा कि राजस्थान विधानसभा संग्रहालय का उद्देश्य केवल विधायी संस्थाओं के इतिहास को प्रदर्शित करना नहीं, बल्कि प्रदेश की ऐतिहासिक, राजनीतिक और लोकतांत्रिक विरासत को संरक्षित करना भी है। विधानसभा का इतिहास जनता के प्रतिनिधित्व, जनभागीदारी और लोकतांत्रिक परंपराओं के विकास का इतिहास है। इस प्रकार की दीर्घाएं आने वाली पीढ़ियों को हमारे लोकतांत्रिक सफर से परिचित कराने का माध्यम बनती हैं।
समारोह में डॉ. अम्बेडकर विधि विश्वविद्यालय की कुलगुरु डॉ. निष्ठा जसवाल ने भारतीय संविधान की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा है कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार होने के साथ ही भारत की ऐतिहासिक विरासत, सांस्कृतिक विविधता, सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता का भी प्रतीक है। संविधान केवल शासन संचालन की व्यवस्था निर्धारित करने वाला दस्तावेज नहीं है, बल्कि यह राष्ट्र के मूल आदर्शों, नागरिकों के अधिकारों और उनके कर्तव्यों का मार्गदर्शक भी है। इस मौके पर राजस्थान विधान सभा के प्रमुख सचिव श्री भारत भूषण शर्मा, विशिष्ट सहायक श्री के. के. शर्मा, छात्र-छात्राएं, अध्यापकगण और विधान सभा के अधिकारीगण मौजूद थे।
स्पीकर देवनानी ने केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के 18 विद्यालयों के 252 छात्र-छात्राओं को ‘भारत की आत्मा, राष्ट्र का गौरव हमारा संविधान’ पुस्तिका भेंट की
संविधान दिवस के अवसर पर भारतीय संविधान के प्रति जागरुकता बढ़ाने तथा युवा पीढ़ी को देश की लोकतांत्रिक एवं संसदीय व्यवस्था से परिचित कराने के उद्देश्य से केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) से संबद्ध 18 विद्यालयों के 252 छात्र-छात्राओं ने राजस्थान विधानसभा का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस अवसर पर राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने विद्यार्थियों से संवाद किया तथा उन्हें भारतीय संविधान की मूल भावना, उसके निर्माण की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और लोकतांत्रिक व्यवस्था में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका से अवगत कराया। स्पीकर देवनानी ने विद्यार्थियों को ‘भारत की आत्मा, राष्ट्र का गौरव हमारा संविधान पुस्तिका भेंट की।
55 पृष्ठों की पुस्तिका में संविधान से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां-
विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने विद्यार्थियों को ‘भारत की आत्मा, राष्ट्र का गौरव हमारा संविधान’ पुस्तिका भेंट करते हुए बताया कि 55 पृष्ठों की इस पुस्तिका में भारतीय संविधान से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियों को सरल, सहज एवं सुव्यवस्थित तरीके से प्रस्तुत किया गया है। पुस्तिका में संविधान की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, संविधान निर्माण की प्रक्रिया, संविधान सभा का योगदान, संविधान की प्रस्तावना, मौलिक अधिकारों, मौलिक कर्तव्यों तथा देश की लोकतांत्रिक एवं संसदीय व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई है। उन्होंने कहा कि इस पुस्तिका का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजन को भारतीय संविधान की मूल भावना और उसके महत्व से परिचित कराना है। संविधान के विभिन्न प्रावधानों और लोकतांत्रिक मूल्यों की जानकारी प्रत्येक नागरिक के लिए आवश्यक है। विशेष रूप से युवा पीढ़ी को संविधान के प्रति जागरूक बनाना समय की आवश्यकता है। 55 पृष्ठों की यह पुस्तिका विद्यार्थियों के लिए संविधान को समझने का उपयोगी माध्यम बनेगी और उनमें संवैधानिक चेतना, राष्ट्रीय एकता तथा नागरिक कर्त्तव्यों के प्रति जागरुकता विकसित करने में सहायक होगी।
अविचल भाव से आगे बढ़ने की प्रेरणा-
स्पीकर देवनानी ने बताया कि संविधान को जानने के लिए छात्र-छात्राओं को हमारा संविधान पुस्तिका में संविधान के ऐतिहासिक संदर्भ और दार्शनिक पक्षों का समावेश किया गया है। यह कृति संविधान के आदर्शों, कर्तव्यों और अधिकारों के संतुलन को समझने के साथ ही लोगों को राष्ट्र निर्माण के मार्ग पर अविचल भाव से आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी।
इस मौके पर राजस्थान विधान सभा के प्रमुख सचिव भारत भूषण शर्मा, विशिष्ट सहायक के. के. शर्मा, छात्र-छात्राएं, अध्यापकगण और विधान सभा के अधिकारीगण मौजूद थे




