गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व पर श्री गुरु सिंह सभा देहरादून द्वारा आयोजित कार्यक्रम में सीएम धामी ने किया प्रतिभाग

CM Dhami participated in the program organized by Shri Guru Singh Sabha Dehradun on the 557th Prakash Parv of Guru Nanak Dev Ji.

रविवार दिल्ली नेटवर्क

देहरादून : गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गोविंद नगर, रेसकोर्स में गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा द्वारा आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने मत्था टेककर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। उन्होंने श्री गुरु नानक देव जी को नमन करते हुए समस्त संगत एवं प्रदेशवासियों को प्रकाश पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी की तीन प्रमुख शिक्षाएं हमें परमात्मा का स्मरण करने, ईमानदारी से परिश्रम कर आजीविका अर्जित करने और अपनी कमाई को दूसरों के साथ साझा करने की प्रेरणा देती हैं। इन शिक्षाओं को अपने दैनिक जीवन में अपनाकर हम एक बेहतर समाज के निर्माण में योगदान दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि सिख परंपरा में निहित ‘सरबत दा भला’ की भावना हमें सभी के सुख और कल्याण की कामना करना सिखाती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सिख समाज ने सेवा, साहस और समर्पण की गौरवशाली परंपरा को पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ाया है। देश की सीमाओं की रक्षा, आपदा के समय राहत एवं बचाव कार्यों तथा जरूरतमंदों की सहायता में सिख समाज का योगदान अनुकरणीय है।

खटीमा में आयोजित ऐतिहासिक झनकईया गंगा स्नान मेले का फीता काटकर शुभारंभ किया
कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री ने खटीमा में आयोजित ऐतिहासिक झनकईया गंगा स्नान मेले का फीता काटकर शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने शारदा तट पर पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने शारदा कॉरिडोर के अंतर्गत झनकईया एवं काला पुल के समीप नवनिर्मित पूर्णागिरि मंदिर क्षेत्र में स्नान घाटों के निर्माण की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कार्तिक पूर्णिमा एवं श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि झनकईया का ऐतिहासिक मेला धार्मिक आस्था, लोक संस्कृति और समृद्ध परंपराओं का संगम है। लंबे समय से आयोजित हो रहा यह मेला हमारी सांस्कृतिक विरासत को पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। नई पीढ़ी भी पूरे उत्साह के साथ इन परंपराओं को आगे बढ़ा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत-नेपाल सीमा के समीप आयोजित होने वाला यह मेला दोनों देशों के सांस्कृतिक संबंधों एवं आपसी सद्भाव को और सुदृढ़ करता है। भारत और नेपाल के बीच सदियों से रोटी-बेटी का संबंध रहा है। दोनों देशों की सांस्कृतिक एवं सामाजिक परंपराएं परस्पर जुड़ी हुई हैं।