प्रो. श्याम सुंदर भाटिया
जैसे एक व्यक्ति के सिद्धांतों से उसका चरित्र तय होता है, वैसे ही संविधान से किसी राज्य (देश) का चरित्र और उसकी जीवन शैली तय होती है। कहने का अभिप्रायः यह है, जैसे एक व्यक्ति के जीवन जीने का एक ख़ास तरीका या मार्ग होता है, वैसे ही एक राज्य के जीने के तरीके को उसका संविधान कहा जाता है। संविधान केवल कानूनों की किताब नहीं है, बल्कि यह समाज के मूल्यों, आदर्शों और भविष्य के लक्ष्यों का आईना है। संविधान शासन और नागरिकों का परस्पर संबंधः तय करता है। सरकार कैसे काम करेगी और नागरिकों का जीवन कैसा होगा अर्थात संविधान यह तय करता है, राज्य का ढांचा और उसका चरित्र कैसा होगा? यह नागरिकों और शासकों के बीच संप्रभुता और शक्ति का बंटवारा करता है अर्थात संबंधों और उनके अधिकारों के संग कर्तव्यों को भी परिभाषित करता है। संविधान राज्य का जीवन मार्ग है, जिसे उसने अपने लिए चुना है। यह प्रसिद्ध कथन महान यूनानी दार्शनिक अरस्तू का है। अरस्तू के अनुसार, राज्य का अस्तित्व केवल जीवन जीने के लिए नहीं, बल्कि एक अच्छे और नैतिक जीवन के लिए है। संविधान इसी अच्छे जीवन को प्राप्त करने का रास्ता दिखाता है। संविधान यह तय करता है, राज्य में सर्वाेच्च सत्ता किसके पास होगी और सरकारी पदों का वितरण किस प्रकार किया जाएगा?
इसमें कोई संदेह नहीं, जब तक संविधान का सम्मान होता है, राज्य में स्थिरता बनी रहती है। संविधान में बदलाव का मतलब सीधे तौर पर राज्य के स्वरूप में बदलाव होना है। संक्षेप में कहें तो, अरस्तू का मानना था, संविधान राज्य की आत्मा है। यह केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं है, बल्कि उस समाज के आदर्शों, मूल्यों और जीवन जीने के उस ढंग का प्रतीक है जिसे वहां के लोगों ने अपने लिए चुना है। अरस्तू ने अपनी कालजयी पुस्तक पॉलिटिक्स में यह प्रतिपादित किया, संविधान केवल कानूनों या सरकार के ढांचे की नियमावली नहीं है, बल्कि वह किसी राज्य की सामूहिक आत्मा, उसके नैतिक चरित्र और जीवन जीने की पद्धति को दर्शाता है। अरस्तू के अनुसार, किसी राज्य का संविधान यह तय करता है, उस समाज के नागरिक किन नैतिक मूल्यों और आदर्शों को सर्वोच्च मानते हैं। यह केवल सरकार चलाने का तरीका नहीं, बल्कि नागरिकों के सद् जीवन को प्राप्त करने का मार्ग है। अरस्तू का मानना था, राज्य का स्वरूप और उसकी स्थिरता संविधान पर ही टिकी होती है।
यदि किसी राज्य का संविधान यानी शासन प्रणाली बदलती है, तो अनिवार्य रूप से उस राज्य के नागरिकों की जीवन शैली और नैतिक चरित्र में भी बदलाव आता है। राजनीतिक दृष्टिकोण से अरस्तु ने संविधान को राज्य के विशेषकर सर्वाेच्च पद के बंटवारे और शक्तियों के निर्धारण की व्यवस्था माना है, यदि हम इस विचार को भारत के परिप्रेक्ष्य में देखें, तो भारत का संविधान भी मात्र एक कानूनी दस्तावेज न होकर देश का जीवन दर्शन और मार्गदर्शक है। भारत के संविधान निर्माता डॉ. बी.आर. आंबेडकर ने इसे एक जीवंत वाहन कहा था, जो हर युग की आवश्यकताओं को समाहित करता है। यह नागरिकों को स्वतंत्रता, समानता और न्याय देकर एक आधुनिक और गरिमापूर्ण जीवन मार्ग की ओर ले जाता है। संविधान वह बुनियादी ढांचा और नैतिक-कानूनी आधार है, जो किसी देश की शासन व्यवस्था, शक्तियों और नागरिकों के बीच एक सुसंगत तालमेल तय करता है। भारतीय संदर्भ में संविधान ही देश का सबसे सर्वाेच्च कानून है, जिससे ऊपर कोई भी सरकार, नेता या पार्टी नहीं होती है। शासन के सभी अंगों विधायिका, कार्यपालिका और न्यायपालिका की शक्तियों और सीमाओं का निर्धारण इसी से होता है। संविधान न्याय और समानता की गारंटी देता है। यह प्रस्तावना और मौलिक अधिकारों के माध्यम से नागरिकों को सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय, विचार और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और समानता का अधिकार प्रदान करता है। संविधान एक जीवंत दस्तावेज है। समय और परिस्थितियों के अनुसार इसमें संशोधन और न्यायिक व्याख्या की व्यवस्था है, जिससे यह युगांतरकारी बदलावों के साथ तालमेल बिठाते हुए राज्य को दिशा देता है।
भारत के संविधान को अक्सर एक कानूनी किताब के तौर पर समझा जाता है। यह एक ऐसा फ्रेमवर्क है, जो राज्य और उसके इंस्टीट्यूशन को बताता है। फिर भी कोर्ट और क्लासरूम से आगे, यह एक कल्चरल डॉक्यूमेंट भी है, जो लोगों की रोज़मर्रा की ज़िंदगी में उनकी भाषाओं, तरीकों और कल्पनाओं के ज़रिए ज़िंदा रहता है। पूरे भारत में लोग और समुदाय गानों, थिएटर, कला और कहानी सुनाने के ज़रिए संवैधानिक विचारों को समझाते हैं, इस तरह संविधान साझा मूल्यों की जीती-जागती मिसाल बन जाता है। संविधान केवल कानूनों और धाराओं की एक किताब नहीं है, बल्कि यह एक नैतिक, सामाजिक और लोकतांत्रिक जीवन जीने का मार्ग है। डॉ. भीमराव आंबेडकर के अनुसार, संविधान केवल एक वकीलों का दस्तावेज़ नहीं है, बल्कि यह जीवन का एक माध्यम है। संविधान जीवन मार्ग के प्रमुख आधार न्याय, स्वतंत्रता, समानता और भाईचारा हैं। समाज में सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय सुनिश्चित करना, ताकि हर व्यक्ति को सम्मानपूर्वक जीने का अवसर मिले। विचार, अभिव्यक्ति, विश्वास, धर्म और उपासना की स्वतंत्रता, जिससे व्यक्ति का संपूर्ण विकास हो सके। जाति, धर्म, लिंग, नस्ल या जन्मस्थान के आधार पर किसी भी प्रकार के भेदभाव को समाप्त करना। देश के सभी नागरिकों के बीच भाईचारा और आपसी सम्मान की भावना को बढ़ावा देना, जो राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए जरूरी है। मौलिक अधिकार और कर्तव्य संविधान का अति महत्वपूर्ण आधार है। नागरिकों को उनके अधिकारों की गारंटी देना और देशहित और समाज के प्रति उनके कर्तव्यों का बोध कराना है। इस मार्ग का उद्देश्य एक ऐसे न्यायपूर्ण, समतावादी और संवेदनशील समाज का निर्माण करना है, जहां हर व्यक्ति गरिमा के साथ जीवन व्यतीत कर सके।
जीवन मार्ग के रूप में संविधान का अनुच्छेद 21 अति महत्वपूर्ण है। यह अनुच्छेद 21 केवल शारीरिक रूप से जीवित रहने का अधिकार नहीं देता, बल्कि सम्मान, स्वतंत्रता, अच्छे स्वास्थ्य, और स्वच्छ पर्यावरण के साथ गरिमापूर्ण जीवन जीने की गारंटी देता है। स्वतंत्रता, समता और बंधुता एनसीईआरटी के अनुसार, ये तीनों एक-दूसरे से जुड़े ऐसे सिद्धांत हैं, जिन्हें अलग नहीं किया जा सकता है। ये हमारे आपसी व्यवहार और सामाजिक समानता का आधार बनते हैं। संविधान हमें सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय के साथ-साथ अभिव्यक्ति और विश्वास की स्वतंत्रता प्रदान करता है, जिससे हर व्यक्ति बिना किसी भेदभाव के आगे बढ़ सकता है। डॉ. बी.आर. आंबेडकर के अनुसार, संविधान समय और समाज की बदलती जरूरतों के अनुसार खुद को ढालता है। अरस्तू ने स्थिरता और एक आदर्श शासन के लिए मध्यम वर्ग पर आधारित मिश्रित संविधान का समर्थन किया। उन्होंने बताया, जब गरीब या अमीर दोनों ही अपनी चरम सीमा पर शासन थोपते हैं, तब राज्य में अस्थिरता आती है। संतुलन और मध्यम मार्ग ही जीवन और शासन का सही आधार है। अरस्तू ने प्लेटो के दार्शनिक राजा की अवधारणा का खंडन किया और कहा, व्यक्ति कितना भी गुणवान क्यों न हो, उसमें मोह और लालच हो सकता है। इसलिए विवेकपूर्ण कानून और संविधान का शासन किसी एक व्यक्ति के शासन से श्रेष्ठ है। बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर और भारतीय संविधान का संबंध केवल एक कानूनी दस्तावेज बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हर भारतीय के लिए एक जीवन मार्ग है।
डॉ. भीमराव आंबेडकर के जीवन और संविधान के ये प्रमुख स्तंभ है। बाबासाहेब का मानना था, शिक्षा वह चाबी है जो हर गुलामी के ताले को खोल सकती है। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी कोलंबिया विश्वविद्यालय और लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से डॉक्टरेट की उच्च शिक्षा प्राप्त की। संविधान की प्रस्तावना और उनके जीवन का मूल आधार स्वतंत्रता, समानता और भाईचारा रहा है। उन्होंने सिखाया, समाज में हर व्यक्ति की गरिमा बराबर होनी चाहिए। उन्होंने जातिगत भेदभाव और छुआछूत के खिलाफ महाड सत्याग्रह और कई अन्य आंदोलनों का नेतृत्व किया, जिसे बाद में संविधान के अनुच्छेद 17 के तहत कानूनन समाप्त किया गया। संविधान के माध्यम से उन्होंने देश के हर नागरिक को जीने का अधिकार, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और शोषण के खिलाफ आवाज उठाने की ताकत दी। उन्होंने संवैधानिक उपचार के अधिकार- अनुच्छेद 32 को संविधान की आत्मा और हृदय कहा था। डॉ. आंबेडकर का जीवन हमें संघर्ष से सफलता और अंधकार से प्रकाश की ओर बढ़ने की सीख देता है जैसे- संघर्ष से न घबराना है। गरीबी और सामाजिक तिरस्कार झेलने के बावजूद कभी हार न मानना। संगठित होना और संघर्ष करना यानी शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो, उनका यह मूल मंत्र आज भी समाज को सही दिशा दिखाता है। कानून और संविधान के दायरे में रहकर अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहना है।
स्वतंत्र भारत के लिए संविधान समिति का गठन 9 दिसंबर, 1946 को हुआ। सच्चिदानंद सिन्हा इस संविधान समिति के अंतरिम अध्यक्ष थे। 11 दिसंबर, 1946 को डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने इस समिति का अध्यक्ष पद स्वीकारा। 26 नवंबर, 1949 को संविधान लिखकर तैयार हुआ और 26 जनवरी, 1950 को उसे कार्यान्वित किया गया। इस प्रकार 2 वर्ष 11 महीने और 18 दिनों में संविधान निर्मिति की चुनौती संविधान समिति ने पूर्ण की। संविधान समिति के अंतर्गत 10 उपसमितियां थीं। उनमें सबसे महत्व की ‘मसौदा समिति’ थी। डॉ. बाबासाहब आंबेडकर उसके अध्यक्ष थे। मसौदा समिति में आठ सदस्य थे। बीएनराव मसौदा समिति के सचिव और क़ानूनी सलाहकार थे। उन्होंने तैयार किए कच्चे मसौदे पर इस समिति ने चर्चा की। अल्हादी कृष्ण स्वामी अय्यर, एन गोपालस्वामी आय्यंगार, डा. केएम मुंशी, सईद मोहम्मद सादुल्ला, बीएल मित्तल और डीपी खेतान समिति के अन्य सदस्य थे। आगे जाकर बीएल मित्तल और डीपी खेतान के स्थान पर क्रमशः एन माधवराव और टीटी कृष्णस्वामी सदस्य बने। मसौदा समिति की कुल 44 सभाएं हुईं। 13 फरवरी, 1948 को मसौदा समिति के अध्यक्ष के सामने संविधान का मसौदा रखा गया। इसके बाद आठ महीनों तक उसे जनता के विचारार्थ रखा गया। इस मसौदे पर और जनता से मिली सूचनाओं पर 114 दिनों तक अनुच्छेदों के अनुसार चर्चा की गई। 4 नवंबर, 1949 को यह प्रक्रिया पूरी हुई और संविधान का संशोधित मसौदा संविधान समिति ने स्वीकार किया। 25 नवंबर, 1949 के दिन डॉ. आंबेडकर ने समिति के सामने ऐतिहासिक भाषण दिया, जबकि 26 नवंबर 1949 को भारतीय संविधान सभा की ओर से औपचारिक रूप से भारत के संविधान को अपनाया गया। संविधान को अपनाने के बाद यह 26 जनवरी 1950 को लागू हुआ।
(लेखक सीनियर जर्नलिस्ट एवम् रिसर्चर हैं। प्रिंट मीडिया में चार दशक का अनुभव है। एमजेएमसी के संग-संग एलएलबी हैं। वेस्ट यूपी की नामचीन प्राइवेट यूनिवर्सिटी में मीडिया मैनेजर हैं। करीब पांच साल पत्रकारिता कॉलेज के एचओडी रह चुके हैं।)





