राष्ट्रीय प्रेस दिवस और इसकी प्रासंगिकता

National Press Day and its relevance

सुनील कुमार महला

16 नवंबर को प्रतिवर्ष राष्ट्रीय प्रेस दिवस मनाया जाता है। वास्तव में यह दिन केवल पत्रकारिता के महत्व को याद करने का अवसर नहीं है, बल्कि यह मीडिया की स्वतंत्रता, निष्पक्षता, विश्वसनीयता और सामाजिक जिम्मेदारी पर आत्ममंथन करने का भी अवसर है। बहरहाल , यहां पाठकों को बताता चलूं कि भारतीय प्रेस परिषद ने आज ही के दिन यानी कि 16 नवंबर, 1966 को कार्य करना प्रारंभ किया था और इसी ऐतिहासिक दिन की स्मृति में राष्ट्रीय प्रेस दिवस मनाया जाता है।

जैसा कि हम सभी यह जानते हैं कि लोकतंत्र में विधायिका, कार्यपालिका और न्यायपालिका के साथ मीडिया की भूमिका भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।शायद यही कारण है कि मीडिया को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ कहा जाता है, क्योंकि यह जनता और शासन के बीच संवाद का माध्यम बनता है। सत्ता के निर्णयों को जनता तक पहुँचाना, जनसमस्याओं को शासन के सामने रखना, व्यवस्थागत कमियों को उजागर करना और नागरिकों को उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना पत्रकारिता के प्रमुख दायित्व हैं।

उल्लेखनीय है कि समय के साथ ही साथ आज सूचना और तकनीक के क्षेत्र में अभूतपूर्व बदलाव आया है। समाचार पत्रों और टेलीविजन के साथ डिजिटल मीडिया, समाचार पोर्टल और सोशल मीडिया ने सूचना के प्रसार को अत्यंत तीव्र बना दिया है। अब कोई भी घटना कुछ ही क्षणों में दुनिया के कोने-कोने तक पहुँच जाती है। यह बदलाव जहाँ सूचना की पहुँच को व्यापक बना रहा है, वहीं कई नई चुनौतियाँ भी खड़ी कर रहा है। अधूरी जानकारी, भ्रामक खबरें, फर्जी समाचार, भ्रामक शीर्षक और बिना पुष्टि के प्रसारित सामग्री समाज में भ्रम, अविश्वास और तनाव पैदा कर सकती है। ऐसे समय में पत्रकारिता की विश्वसनीयता और उसकी जिम्मेदारी पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है।

पत्रकारिता का उद्देश्य केवल खबरों को सबसे पहले प्रसारित करना नहीं, बल्कि सही तथ्यों के साथ उन्हें समाज के सामने रखना भी है। कुत्ता आदमी को काट ले,यह खबर नहीं है। आदमी कुत्ते को काट ले, खबर वह है, क्यों कि जो अप्रत्याशित है,वहीं ख़बर है। वास्तव में,खबर की पुष्टि, स्रोतों की विश्वसनीयता, दोनों पक्षों को सुनना और भाषा की मर्यादा बनाए रखना निष्पक्ष पत्रकारिता की बुनियादी शर्तें हैं। किसी व्यक्ति की प्रतिष्ठा, सामाजिक सौहार्द और राष्ट्रीय एकता को प्रभावित करने वाली खबरों में विशेष सावधानी अपेक्षित है। सनसनीखेज प्रस्तुति और टीआरपी की होड़ में समाचार की मूल आत्मा प्रभावित नहीं होनी चाहिए, जैसा कि आज हो रहा है। इतना ही नहीं, आज पत्रकारिता के सामने एक बड़ी चुनौती आर्थिक दबाव, व्यावसायिक प्रतिस्पर्धा और विभिन्न प्रकार के प्रभावों के बीच अपनी संपादकीय स्वतंत्रता बनाए रखने की भी है। पत्रकारिता तभी सार्थक हो सकती है, जब वह किसी पक्ष विशेष के हितों के बजाय जनहित को प्राथमिकता दे। सरकार की उपलब्धियों को सामने लाना जितना आवश्यक है, उतना ही आवश्यक उसकी कमियों और जनसमस्याओं पर सवाल उठाना भी है। इसी प्रकार सकारात्मक कार्यों, सामाजिक बदलावों और समाज के अंतिम व्यक्ति के संघर्ष को स्थान देना भी मीडिया का महत्वपूर्ण दायित्व है। यही नहीं, आज ग्रामीण क्षेत्रों, किसानों, मजदूरों, महिलाओं, युवाओं और वंचित वर्गों की समस्याओं को पर्याप्त स्थान मिलना चाहिए। पत्रकारिता का दायरा केवल राजनीतिक बयानबाजी और मनोरंजन तक सीमित नहीं होना चाहिए। शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण, रोजगार, सामाजिक समरसता और मानवीय संवेदनाओं से जुड़े विषयों को भी प्राथमिकता मिलनी चाहिए। एक जिम्मेदार पत्रकार वह है, जो समाज की आवाज को स्थान देता है और उन मुद्दों को सामने लाता है, जिन्हें अक्सर अनदेखा कर दिया जाता है।

हालाँकि पत्रकारिता की जिम्मेदारी केवल पत्रकारों तक सीमित नहीं है। पाठकों और दर्शकों का भी दायित्व है कि वे किसी सूचना को बिना जाँचे-परखे आगे न बढ़ाएँ। मीडिया साक्षरता और तथ्यों की पड़ताल की आदत विकसित करना आज प्रत्येक नागरिक के लिए आवश्यक हो गया है।

राष्ट्रीय प्रेस दिवस हमें यह याद दिलाता है कि पत्रकारिता की वास्तविक शक्ति उसकी स्वतंत्रता के साथ-साथ उसकी विश्वसनीयता में निहित है। स्वतंत्रता का अर्थ निरंकुशता नहीं और निष्पक्षता का अर्थ संवेदनहीनता नहीं है। पत्रकारिता को सच के प्रति प्रतिबद्ध, जनहित के प्रति समर्पित और मानवीय मूल्यों के प्रति संवेदनशील होना चाहिए।

अंततः, पत्रकारिता केवल घटनाओं का विवरण प्रस्तुत करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को दिशा देने और लोकतांत्रिक चेतना को जीवित रखने का दायित्व भी है। कलम की सार्थकता उसकी धार में नहीं, बल्कि उस सच में है जिसे वह निर्भीकता से समाज के सामने रखती है। जब समाचार में सत्य, विचार में विवेक और अभिव्यक्ति में जिम्मेदारी होगी, तभी प्रेस की स्वतंत्रता लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति बन सकेगी।