₹2,100 करोड़ के आईपीओ से बाजार में दस्तक देगी एलिवेट कैंपस, 23 सितंबर से खुलेगा इश्यू

Elevate Campus to make market debut with ₹2,100 crore IPO; issue opens on September 23

मुंबई (अनिल बेदाग): शिक्षा और छात्र आवास क्षेत्र में कारोबार करने वाली एलिवेट कैंपस लिमिटेड का ₹2,100 करोड़ का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) 23 सितंबर 2026, बुधवार को खुलने जा रहा है। कंपनी ने प्रति इक्विटी शेयर ₹343 से ₹362 का मूल्य दायरा तय किया है। निवेशक 25 सितंबर 2026, शुक्रवार तक इस निर्गम के लिए बोली लगा सकेंगे। एंकर निवेशकों के लिए बोली 22 सितंबर को खुलेगी।

निवेशक न्यूनतम 41 शेयरों के लिए आवेदन कर सकेंगे। इसके बाद 41 शेयरों के गुणकों में बोली लगाई जा सकेगी। कंपनी इस निर्गम के जरिए कुल ₹21,000 मिलियन यानी ₹2,100 करोड़ तक जुटाने की योजना बना रही है।

एलिवेट कैंपस भारत में उच्च शिक्षण संस्थानों के परिसरों में छात्र आवास के स्वामित्व, संचालन और प्रबंधन का कारोबार करती है। इसके अलावा कंपनी के पास के-12 यानी स्कूली शिक्षा से जुड़ी परिसंपत्तियां भी हैं। 31 मार्च 2026 तक कंपनी की सेवाएं भारत के 15 शहरों और संयुक्त अरब अमीरात के एक शहर में कुल 80,255 छात्रों की क्षमता तक पहुंचती हैं।

कंपनी अपना कारोबार ‘गुड होस्ट स्पेसेज’ और ‘स्कॉलरजेड’ ब्रांड के तहत संचालित करती है। इसके पोर्टफोलियो में सात स्वामित्व वाले छात्र आवास परिसरों में 20,368 बिस्तरों की क्षमता तथा 14 प्रबंधित परिसरों में 55,487 बिस्तरों की क्षमता शामिल है। आईपीओ में कम से कम 75 प्रतिशत हिस्सा योग्य संस्थागत खरीदारों के लिए आरक्षित रहेगा। गैर-संस्थागत निवेशकों के लिए अधिकतम 15 प्रतिशत और खुदरा निवेशकों के लिए अधिकतम 10 प्रतिशत हिस्सा निर्धारित किया गया है।